Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

Free Online Coaching: PM मोदी का बड़ा ऐलान, जानिए किन छात्रों को मिल सकती है फ्री ऑनलाइन कोचिंग

फ्री ऑनलाइन कोचिंग (Img: AI Generated Image)

New Delhi: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए 15 अगस्त 2026 का दिन एक बड़ी घोषणा लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग (Free Online Coaching) नेटवर्क तैयार करने की बात कही। सरकार का मकसद महंगी कोचिंग के खर्च से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ने वाले बोझ को कम करना है।

यह ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब UPSC, JEE, NEET, SSC और बैंकिंग जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ी संख्या में छात्र निजी कोचिंग का सहारा लेते हैं। कई परिवारों के लिए कोचिंग फीस, रहने का खर्च और दूसरे शहर में जाने का खर्च अलग से चुनौती बन जाता है।

किन छात्रों को मिलेगा फायदा? (Free Online Coaching)

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था बनाने की बात कही है। इसका सबसे बड़ा फोकस उन छात्रों पर रहने की उम्मीद है, जिनके परिवार महंगी कोचिंग का खर्च उठाने की स्थिति में नहीं हैं।

सरकार देश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षकों की उपलब्धता का इस्तेमाल करके ऐसा नेटवर्क तैयार करने की योजना बता रही है, जिससे छात्रों को अपने घर से ही अच्छी तैयारी का मौका मिल सके।

UPSC से लेकर JEE और NEET तक तैयारी? (Free Online Coaching)

घोषणा के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि फ्री कोचिंग के दायरे में कौन-कौन सी परीक्षाएं आएंगी। शुरुआती जानकारी में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराने की बात सामने आई है।

इसमें UPSC, JEE, NEET, SSC और बैंकिंग जैसी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, परीक्षा के हिसाब से कोर्स, बैच, क्लास, टेस्ट और स्टडी मटेरियल किस तरह उपलब्ध कराया जाएगा, इसका पूरा ढांचा अभी सामने नहीं आया है।

सबसे बड़ा सवाल- योग्यता क्या होगी? (Free Online Coaching)

यही वह सवाल है जिसका जवाब फिलहाल छात्रों को इंतजार है। अभी तक सरकार की ओर से इस पहल के लिए आधिकारिक पात्रता नियम, उम्र सीमा, आय सीमा, आवेदन प्रक्रिया या चयन का तरीका सार्वजनिक नहीं किया गया है। यानी फिलहाल यह मान लेना सही नहीं होगा कि हर छात्र तुरंत इस सुविधा के लिए आवेदन कर सकता है। छात्रों को सरकार की ओर से आगे जारी होने वाली आधिकारिक गाइडलाइन का इंतजार करना होगा।

इसी तरह यह भी साफ नहीं है कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए कोई अलग प्रमाणपत्र जरूरी होगा या ऑनलाइन कोचिंग सभी अभ्यर्थियों के लिए खुली रहेगी। इन सवालों का जवाब योजना की विस्तृत घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

घर बैठे पढ़ाई का बढ़ेगा मौका (Free Online Coaching)

इस पहल का एक अहम उद्देश्य छात्रों को कोचिंग के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी से राहत देना भी है। ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई उपलब्ध होने पर छात्र अपने घर से तैयारी कर सकेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के पास डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ बड़ी संख्या में शिक्षक और एजुकेटर मौजूद हैं। इन संसाधनों को जोड़कर देशभर में मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क तैयार किया जा सकता है।

छात्रों को अब क्या करना चाहिए? (Free Online Coaching)

फिलहाल छात्रों को किसी अनजान वेबसाइट या सोशल मीडिया लिंक पर आवेदन करने से बचना चाहिए। क्योंकि योजना की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया अभी स्पष्ट नहीं है। जैसे ही सरकार की ओर से आधिकारिक पोर्टल, आवेदन तारीख और नियम जारी होंगे, तभी आवेदन करना सुरक्षित रहेगा।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement