CBSE Sample Papers: बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दोनों कक्षाओं के Sample Question Papers और Marking Schemes जारी कर दिए हैं। अब छात्रों के पास परीक्षा से पहले यह समझने का मौका है कि पेपर का ढांचा कैसा हो सकता है और उत्तर लिखते समय किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है।
10वीं और 12वीं के कई विषयों के पेपर उपलब्ध (CBSE Sample Papers)
CBSE की अकादमिक वेबसाइट पर कक्षा 10वीं के अलग-अलग विषयों के Sample Question Papers और उनकी Marking Schemes की सूची जारी की गई है। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान समेत कई विषय शामिल हैं। कक्षा 12वीं के लिए भी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, मैथ्स, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स, हिंदी, अंग्रेजी और दूसरे विषयों के सैंपल पेपर उपलब्ध हैं।
यानी छात्रों को अब तैयारी केवल किताबों और पुराने पेपरों के भरोसे नहीं करनी होगी। सैंपल पेपर देखकर वे यह भी समझ सकते हैं कि अलग-अलग विषयों में सवाल किस तरह पूछे जा सकते हैं।
सैंपल पेपर को हल करना क्यों जरूरी? (CBSE Sample Papers)
सैंपल पेपर को सिर्फ एक सामान्य प्रैक्टिस पेपर समझना सही नहीं होगा। CBSE के अनुसार Sample Question Papers प्रश्नपत्र के डिजाइन और पाठ्यक्रम के कवरेज को समझने में मदद करने के लिए जारी किए जाते हैं। इनके जरिए छात्र परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों के स्वरूप को समझ सकते हैं और अपनी तैयारी को उसी हिसाब से व्यवस्थित कर सकते हैं।
छात्र अगर सैंपल पेपर को तय समय में हल करते हैं तो उन्हें अपनी स्पीड का भी अंदाजा लग सकता है। इसके अलावा पेपर हल करने के बाद गलत हुए सवालों की जांच करके कमजोर अध्याय और टॉपिक भी आसानी से पहचाने जा सकते हैं।
Marking Scheme को नजरअंदाज न करें
सैंपल पेपर के साथ जारी की गई Marking Scheme भी छात्रों के लिए काफी काम की है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि किसी सवाल के उत्तर में किन बिंदुओं को महत्व दिया गया है और अंक किस आधार पर दिए जा सकते हैं।
खासकर लंबे उत्तर वाले सवालों में Marking Scheme देखकर छात्र अपनी Answer Writing को बेहतर बना सकते हैं। केवल उत्तर याद करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके और जरूरी बिंदुओं के साथ लिखना भी जरूरी है।
ऐसे डाउनलोड करें CBSE Sample Paper (CBSE Sample Papers)
सैंपल पेपर डाउनलोड करने के लिए छात्रों को CBSE की Academic वेबसाइट पर जाना होगा। वहां कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए अलग-अलग Sample Question Paper सेक्शन उपलब्ध हैं। अपनी कक्षा चुनने के बाद छात्र संबंधित विषय का Sample Question Paper और Marking Scheme खोलकर डाउनलोड कर सकते हैं।








