देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय सेना से नवंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने जा रहे अग्निवीरों के पहले बैच के दो जवानों को पीएसी में समायोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दोनों अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित किया जाएगा।
नवंबर में सेवानिवृत्त होगा अग्निवीरों का पहला बैच
भारत सरकार के संयुक्त सचिव की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया था कि अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुआ पहला बैच नवंबर 2026 में सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होने जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड के दो अग्निवीरों के समायोजन की अपेक्षा की गई थी।
40वीं वाहिनी पीएसी में होंगे समायोजित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रस्ताव पर सहमति देते हुए 40वीं वाहिनी पीएसी में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष दो अग्निवीरों के समायोजन को स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय के तहत सेना से सेवानिवृत्त होने वाले इन जवानों को आगे भी सेवा करने का अवसर मिलेगा।
राज्य सरकार के इस कदम को अग्निवीरों की सैन्य सेवा पूरी होने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल के रूप में देखा जा रहा है।








