Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

UPTET 2027: फरवरी में फिर लगेगी परीक्षा की तारीख? हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोग ने तेज की तैयारी

UPTET 2027
फरवरी के आखिरी हफ्ते में फिर हो सकती है UPTET परीक्षा (Img: AI Generated)

UPTET 2027: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। यूपीटीईटी (UPTET) परीक्षा को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने नई परीक्षा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। खबर है कि फरवरी के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर यूपीटीईटी का आयोजन किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो लंबे समय से परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।

खास बात यह है कि इस बार परीक्षा का फायदा सिर्फ कुछ चुनिंदा अभ्यर्थियों को नहीं, बल्कि सभी योग्य उम्मीदवारों को मिल सकता है। आयोग जल्द ही परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम हाईकोर्ट के सामने पेश करने वाला है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोग ने तेज की तैयारी (UPTET 2027)

यूपीटीईटी परीक्षा (UPTET 2027) को लेकर यह पूरा मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ तक पहुंचा था। वसीम अहमद की अपील पर सुनवाई करते हुए अदालत ने आयोग से यूपीटीईटी का प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम मांगा था। कोर्ट के निर्देश के बाद आयोग ने नई परीक्षा की रूपरेखा तैयार कर ली है। अब इस कार्यक्रम को हाईकोर्ट के सामने रखा जाएगा। इसके बाद आवेदन और परीक्षा की तारीखों को लेकर आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- Cost of Studying Abroad: विदेश में पढ़ाई का सपना पड़ेगा कितना भारी? इन 5 देशों में BA की फीस सुनकर उड़ जाएंगे होश!

फिलहाल फरवरी के अंतिम सप्ताह में परीक्षा कराने की तैयारी की खबर सामने आई है। हालांकि, अभ्यर्थियों को आधिकारिक तारीखों का इंतजार करना होगा।

3 नवंबर को होगी विशेष टीईटी परीक्षा (UPTET 2027)

आयोग की ओर से फिलहाल 3 नवंबर को विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों में बनाए गए 131 केंद्रों पर होगी। इनमें आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी शामिल हैं। इस विशेष परीक्षा में करीब 1.06 लाख सेवारत शिक्षक और स्पेशल एजुकेटर्स शामिल होंगे।

इसके बाद करीब चार महीने के भीतर दूसरी यूपीटीईटी परीक्षा कराने की तैयारी है। इस परीक्षा में सामान्य अभ्यर्थियों को भी आवेदन करने का मौका मिलेगा। यानी जो युवा लंबे समय से यूपीटीईटी का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए यह एक अहम अवसर हो सकता है।

TGT अभ्यर्थियों को भी मिलेगी राहत (UPTET 2027)

यूपीटीईटी की प्रस्तावित परीक्षा से टीजीटी अभ्यर्थियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक, 23 और 24 दिसंबर को होने वाली टीजीटी परीक्षा के अभ्यर्थियों को टीईटी पास करने के लिए 30 जून 2027 तक का समय दिया गया है। ऐसे में फरवरी में प्रस्तावित यूपीटीईटी परीक्षा उनके लिए काफी महत्वपूर्ण हो सकती है। बीएड और डीएलएड पास युवाओं को भी इस परीक्षा से अपने शिक्षक बनने के सपने को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा।

अब साल में दो बार होगी UPTET परीक्षा? (UPTET 2027)

यूपीटीईटी को लेकर सबसे बड़ा बदलाव आने वाले वर्षों में देखने को मिल सकता है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की गाइडलाइन के मुताबिक टीईटी परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जानी चाहिए। हालांकि, उत्तर प्रदेश में 2011 के बाद से परीक्षा नियमित रूप से साल में दो बार नहीं हो सकी। अब आयोग ने भविष्य में हर साल जुलाई और जनवरी में परीक्षा कराने की योजना बनाई है।

ये भी पढ़ें- रेलवे भर्ती बोर्ड प्रयागराज का बड़ा अपडेट, NTPC अंडर ग्रेजुएट CBT-2 का स्कोर कार्ड और कट-ऑफ जारी

अगर यह व्यवस्था लागू होती है तो अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे उन युवाओं को भी फायदा होगा जो किसी कारण से एक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाते हैं।

UPTET अभ्यर्थी अब क्या करें? (UPTET 2027)

फिलहाल अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए। परीक्षा का पूरा कार्यक्रम हाईकोर्ट में पेश होने के बाद आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तारीखों को लेकर स्थिति साफ हो सकती है। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे अपनी तैयारी जारी रखें और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले नोटिस पर नजर बनाए रखें।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!