स्पेशल टीईटी में कितने शिक्षक हुए पास और कितने फेल?
टीईटी की तरह स्पेशल टीईटी परीक्षा भी दो स्तरों पर आयोजित की गई थी। इसमें प्राइमरी यानी कक्षा 1 से 5 और जूनियर यानी कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों ने हिस्सा लिया था। दोनों परीक्षाओं के नतीजों में सफलता का प्रतिशत अलग-अलग रहा।
प्राइमरी स्तर की परीक्षा में कुल 50,666 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से सिर्फ 15,159 अभ्यर्थी ही सफल हो पाए। इस तरह प्राइमरी स्तर पर पास होने वालों का प्रतिशत 29.92 रहा। यानी करीब 70 फीसदी शिक्षक इस परीक्षा में सफल नहीं हो सके।
वहीं, जूनियर स्तर की परीक्षा में कुल 43,015 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 23,743 शिक्षक पास हुए। इस स्तर पर सफलता का प्रतिशत 55.19 रहा। दोनों स्तरों को मिलाकर देखें तो कुल 93,681 अभ्यर्थियों में से 38,902 सफल हुए, जबकि 54,779 शिक्षक परीक्षा पास नहीं कर सके। यानी लगभग 55 हजार शिक्षकों के सामने अब पात्रता हासिल करने की चुनौती है।
अगस्त 2028 तक TET पास करना जरूरी, सुप्रीम कोर्ट ने तय की समयसीमा
दरअसल, सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों (UP Teacher News) के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करना अनिवार्य किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, इसके लिए अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है। पहले यह समयसीमा 2026 तक थी, लेकिन बाद में इसे दो साल बढ़ा दिया गया।
इसका मतलब है कि जिन शिक्षकों ने अभी तक टीईटी पास नहीं किया है, उन्हें तय समयसीमा के भीतर पात्रता हासिल करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर उनकी सरकारी नौकरी पर संकट आ सकता है। यही वजह है कि स्पेशल टीईटी में असफल रहे हजारों शिक्षकों की चिंता बढ़ गई है।
नौकरी बचाने के लिए शिक्षकों के पास अब क्या विकल्प?
स्पेशल टीईटी में असफल होने के बाद शिक्षकों के पास फिलहाल अगली टीईटी परीक्षा में शामिल होने का विकल्प है। यूपी टीईटी का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। इसके लिए 24 नवंबर से 23 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित होगी।
ऐसे में जो शिक्षक स्पेशल टीईटी पास नहीं कर पाए हैं, वे आगामी यूपी टीईटी में शामिल होकर अपनी पात्रता हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।
इसके अलावा शिक्षकों (UP Teacher News) को राहत देने के लिए अगस्त 2028 की समयसीमा से पहले एक और स्पेशल टीईटी आयोजित किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, ऐसी किसी परीक्षा को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
फिलहाल शिक्षकों के सामने सबसे बड़ा विकल्प आगामी यूपी टीईटी की तैयारी करना है। अगर अगली परीक्षाओं में भी शिक्षक सफल नहीं हो पाते हैं, तो नौकरी बचाने के रास्ते मुश्किल हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में टीईटी का रिजल्ट हजारों शिक्षकों के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है।