Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

BHU Convocation 2026: इस दिन 14 हजार छात्रों को मिलेगी उपाधि, 900 को PhD

BHU Convocation 2026

BHU Convocation 2026: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के 106वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हजारों विद्यार्थियों के लिए खुशियों का खास मौका होगा। पांच संस्थानों, 15 संकायों, दक्षिणी परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के 14 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं को स्नातक और स्नातकोत्तर की उपाधियां दी जाएंगी। वहीं, करीब 900 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री मिलेगी। समारोह में मेधावियों पर भी खास नजर रहेगी। विश्वविद्यालय स्तर पर 550 से ज्यादा पुरस्कार और मेडल वितरित किए जाएंगे, जबकि मुख्य समारोह में 30 टॉपरों को कुल 34 मेडल से सम्मानित किया जाएगा। 12 दिसंबर को होगा मुख्य दीक्षांत समारोह बीएचयू का मुख्य दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर के अलग-अलग सभागारों में संकायों और संबद्ध महाविद्यालयों के उपाधि वितरण कार्यक्रम होंगे। पूरा आयोजन तीन दिनों तक चलेगा। मुख्य समारोह स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित होगा। यहां 30 टॉपरों को कुल 34 मेडल प्रदान किए जाएंगे। इनमें बीएचयू मेडल और चांसलर मेडल भी शामिल हैं। इस वर्ष मेडल तालिका में कुछ नए पुरस्कार और एंडाउमेंट मेडल भी जोड़े जाएंगे। विश्वविद्यालय स्तर पर 550 से अधिक पुरस्कार और मेडल वितरित करने की तैयारी है। 14 हजार से ज्यादा डिग्रियां, 900 पीएचडी भी शामिल इस वर्ष पांच संस्थानों, 15 संकायों, दक्षिणी परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के 14 हजार से अधिक विद्यार्थियों को स्नातक और स्नातकोत्तर की उपाधियां दी जाएंगी। इसके साथ ही लगभग 900 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से अंतिम वर्ष के सफल छात्र-छात्राओं की सूची तैयार की जा रही है। इसके लिए सभी विभागों और संकाय कार्यालयों से थ्योरी, प्रैक्टिकल और इंटर्नशिप के अंतिम अंक जुटाए जा रहे हैं। विद्यार्थियों का सीजीपीए भी तैयार किया जा रहा है। मेधावियों की सूची पर अंतिम मुहर का इंतजार विश्वविद्यालय के कई विभागों में शोध कार्य से जुड़ी अंतिम सूची तैयार होना अभी बाकी है। सभी विभागों से जानकारी मिलने के बाद मेधावियों और सफल विद्यार्थियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद इसे एकेडमिक काउंसिल के सामने रखा जाएगा। काउंसिल की स्वीकृति मिलने के बाद आगे के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। परीक्षा नियंता अवधेश कुमार ने बताया कि मेधावियों के अंतिम परिणाम और अंकपत्र तैयार करने का काम जारी है। तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएंगी और तय तारीख पर दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि के नाम पर अभी संशय इस बार दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। मुख्य दीक्षांत संबोधन के लिए राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और एक केंद्रीय मंत्री से संपर्क किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल उनकी स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। मुख्य अतिथि के नाम पर अंतिम फैसला होने के बाद इसकी जानकारी सामने आ सकती है। सहिष्णुता और बहुसंस्कृतिवाद पर हुआ विशेष व्याख्यान दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस पर सोमवार को बीएचयू के अंतर-सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र की ओर से विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसका विषय ‘सहिष्णुता, सहानुभूतिपूर्ण कल्पना और एकीकृत मानविकी’ था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी रहे। उन्होंने बीएचयू को वैश्विक स्तर पर ले जाने के विजन पर जोर दिया। कुलपति ने कहा कि इस तरह के व्याख्यान छात्रों और शिक्षकों को सहिष्णुता तथा बहुसंस्कृतिवाद की नई समझ देंगे। उन्होंने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि पांचवीं शताब्दी में नालंदा एक सच्चा विश्वविद्यालय था, जहां पूरे एशिया से दस हजार विद्यार्थी पढ़ने आते थे। आज अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आकर्षित करने के लिए हमें अपनी इसी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर हैदराबाद विश्वविद्यालय के प्रो. प्रमोद नायर मुख्य वक्ता रहे। वहीं, प्रो. वासुमति बद्रीनाथन ने विभिन्न संस्कृतियों के बीच सार्थक संवाद और शोध को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।

UP Teachers: यूपी के इन सैकड़ों शिक्षकों की मौज, जल्द बैंक खाते में आएगी मोटी रकम

UP Teachers

UP Teachers: उत्तर प्रदेश के एडेड माध्यमिक स्कूलों में नौकरी कर रहे करीब 1100 तदर्थ शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। जिन शिक्षकों को तीन साल पहले नौकरी से हटाकर मानदेय पर काम करने के लिए मजबूर कर दिया गया था, अब उन्हें फिर से नियमित शिक्षकों के बराबर वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इतना ही नहीं, नौ नवंबर 2023 से उनकी सेवा की निरंतरता भी बरकरार रखी जाएगी। इससे पिछले तीन वर्षों के बकाया वेतन का रास्ता भी खुल सकता है। हालांकि, इसके लिए शिक्षकों को किए गए वास्तविक कार्य का सत्यापन कराना होगा। अपर मुख्य सचिव, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने के निर्देश जारी किए हैं। बर्खास्तगी के बाद मानदेय पर कर दिया गया था काम दरअसल, एडेड माध्यमिक स्कूलों में तदर्थ शिक्षकों की नियुक्ति और सेवा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 26 अगस्त 2020 को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आधार पर कुछ शिक्षकों को उनकी सेवाओं के अनुसार भारांक देते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की परीक्षा में शामिल किया गया और उन्हें मौलिक नियुक्ति प्रदान की गई थी। इसके बाद शेष बचे तदर्थ शिक्षक, जिनमें वर्ष 2000 से पहले और वर्ष 2000 के बाद नियुक्त हुए शिक्षक शामिल थे, उनकी सेवाएं नौ नवंबर 2023 को समाप्त कर दी गईं। इस फैसले का शिक्षकों ने विरोध किया था। उनका आरोप था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या करके उनकी सेवाएं समाप्त की गई हैं। इसके विरोध में माध्यमिक शिक्षा विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन भी किया गया। 25 से 30 हजार रुपये तक मिल रहा था मानदेय विरोध और विवाद के बीच आठ जुलाई 2024 को सरकार ने इन तदर्थ शिक्षकों को मानदेय पर रखने का निर्णय लिया। इसके तहत एलटी ग्रेड के शिक्षकों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह और प्रवक्ताओं (लेक्चरर) को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाने लगा। इस व्यवस्था के चलते शिक्षकों को पहले मिलने वाले नियमित वेतन के मुकाबले काफी कम राशि मिल रही थी। अब हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जारी शासनादेश से उन्हें फिर से पहले की तरह पूरा वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इससे उनकी मासिक आय मौजूदा मानदेय के मुकाबले दोगुने से भी अधिक हो सकती है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ शासनादेश इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में मनोज कुमार सिंह व अन्य तथा 189 संबद्ध रिट याचिकाओं पर 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शासनादेश जारी किया गया है। इसके तहत एडेड माध्यमिक स्कूलों में नियमित शिक्षकों की नई भर्ती होने तक तदर्थ शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षकों के बराबर वेतन दिया जाएगा। उनकी सेवा की निरंतरता नौ नवंबर 2023 से मानी जाएगी। इससे पिछले तीन वर्षों के वेतन के बकाये का भुगतान मिलने की संभावना भी बन गई है। नियमित शिक्षक आते ही समाप्त हो जाएगी सेवा हालांकि, इस राहत के साथ कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। तदर्थ शिक्षकों को वेतन का भुगतान केवल उनके वास्तविक कार्य के आधार पर किया जाएगा। उनके काम का सत्यापन करने की पूरी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को दी गई है। इन शिक्षकों की सेवा की निरंतरता उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से नियमित शिक्षकों के चयन तक ही रहेगी। जैसे ही चयनित नियमित शिक्षक संबंधित स्कूलों में कार्यभार संभालेंगे, तदर्थ शिक्षकों की सेवाएं स्वतः समाप्त मानी जाएंगी। इसके अलावा तदर्थ शिक्षकों की इस सेवा अवधि को पेंशन के लिए अर्हकारी सेवा के रूप में नहीं गिना जाएगा। शिक्षक संगठनों ने जताई खुशी प्रदेश में फिलहाल करीब 1100 तदर्थ शिक्षक इस व्यवस्था के दायरे में हैं। शासनादेश के बाद इन शिक्षकों को पहले की तरह वेतन मिलने की उम्मीद जगी है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक तदर्थ शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने इसे शिक्षकों के लिए बड़ी राहत बताया है। वहीं, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा ने इस फैसले के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग का आभार जताया है।

MP Police Constable Exam 2026: टली कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा, 7500 पदों के लिए अब नई तारीख का इंतजार

MP Police Constable Exam 2026

MP Police Constable Exam 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने 19 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा को आगे बढ़ा दिया है। मंडल ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिस जारी कर परीक्षा स्थगित किए जाने की जानकारी दी है। ऐसे में परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों उम्मीदवारों को अब नई एग्जाम डेट का इंतजार करना होगा। MPESB के नोटिस के मुताबिक, पुलिस विभाग की ही एक अन्य परीक्षा के आयोजन और अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीखों का शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। जल्द जारी होगा नया एग्जाम शेड्यूल मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने बताया है कि पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा की नई तिथियां अतिशीघ्र घोषित की जाएंगी। फिलहाल परीक्षा की संशोधित तारीख को लेकर कोई निश्चित जानकारी सामने नहीं आई है। अभ्यर्थियों को नई तारीखों के लिए MPESB की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहने की सलाह दी गई है। परीक्षा की नई तारीख घोषित होने के साथ ही एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र पर प्रवेश, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों से संबंधित जानकारी भी साझा की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे पुराने परीक्षा शेड्यूल के आधार पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की तैयारी न करें और नए नोटिस का इंतजार करें। दो शिफ्ट में होनी थी परीक्षा, जानें रिपोर्टिंग टाइम जारी जानकारी के अनुसार, एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाना है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। इस पाली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 8 से 9 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होनी है। दूसरी पाली के उम्मीदवारों को दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा की नई तारीखों के साथ इन समयों में किसी बदलाव की जानकारी भी मंडल की ओर से दी जा सकती है। 100 सवालों का होगा पेपर, आठवीं कक्षा के स्तर के होंगे प्रश्न एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों से बहुविकल्पीय प्रकार के कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र का स्तर मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम के अनुसार निर्धारित किया गया है। इसमें सामान्य ज्ञान और तार्किक ज्ञान से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं, बौद्धिक क्षमता एवं मानसिक अभिरुचि से 30 प्रश्न और विज्ञान एवं सरल अंकगणित से 30 प्रश्न शामिल होंगे। इस भर्ती अभियान के जरिए मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल के कुल 7,500 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। परीक्षा स्थगित होने के बाद अब सभी की नजर MPESB की ओर से जारी होने वाली नई तारीखों पर टिकी है।

Delhi School Admission 2027: बच्चे का स्कूल में कराना है दाखिला? बदल गया ये नियम

Delhi School Admission 2027

Delhi School Admission 2027: दिल्ली के निजी स्कूलों में अपने बच्चों का दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के लिए जरूरी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, लोअर केजी, अपर केजी और कक्षा-1 में दाखिले की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। अभिभावक 28 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस बार एडमिशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। नए शैक्षणिक सत्र से लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग प्रवेश कक्षाओं के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की उम्र को लेकर भी नया एज स्ट्रक्चर लागू होगा। दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, बदली हुई व्यवस्था के तहत फाउंडेशनल स्टेज में तीन से छह साल तक के बच्चों के लिए अलग-अलग कक्षाओं में दाखिले का प्रावधान किया गया है। ऐसे में अभिभावकों को आवेदन करने से पहले बच्चे की उम्र और संबंधित कक्षा के लिए निर्धारित पात्रता की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए। नर्सरी से अपर KG तक उम्र का नया नियम नए नियमों के मुताबिक, 31 मार्च 2027 तक नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र कम से कम तीन साल और चार साल से कम होनी चाहिए। लोअर केजी में आवेदन करने वाले बच्चों की उम्र कम से कम चार साल और पांच साल से कम निर्धारित की गई है। वहीं, अपर केजी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र कम से कम पांच साल और छह साल से कम होनी चाहिए। इस बदलाव के तहत लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग एंट्री-लेवल क्लास के तौर पर शुरू किया जाएगा। इससे फाउंडेशनल स्टेज की कक्षाओं का ढांचा नए सिरे से व्यवस्थित होगा। अभिभावकों के लिए यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब दाखिले के लिए कक्षा के हिसाब से उम्र की पात्रता अलग-अलग होगी। पुराने विद्यार्थियों के लिए क्या होगा नियम? सत्र 2026-27 में नर्सरी में दाखिला लेने वाले बच्चों को अगले सत्र में लोअर केजी में प्रमोट किया जाएगा। हालांकि, निर्धारित उम्र संबंधी पात्रता पूरी करने वाले बच्चों को लोअर केजी में नए दाखिले की अनुमति भी दी जाएगी। वहीं, 2026-27 के दौरान मौजूदा व्यवस्था के तहत KG में पढ़ रहे विद्यार्थी अगले शैक्षणिक सत्र में सीधे कक्षा-1 में प्रमोट होंगे। यानी नए प्रवेश नियमों के साथ पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों की कक्षाओं में भी बदलाव को लेकर स्पष्ट व्यवस्था की गई है। आवेदन के लिए सिर्फ 25 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस स्कूलों को आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख तक अभिभावकों को आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराने होंगे। इसके लिए स्कूल अधिकतम 25 रुपये नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस ले सकेंगे। वहीं, प्रॉस्पेक्टस खरीदना पूरी तरह वैकल्पिक रखा गया है। यानी अभिभावकों पर प्रॉस्पेक्टस खरीदने की अनिवार्यता नहीं होगी। एडमिशन पॉइंट्स और लॉटरी का पूरा शेड्यूल दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों को दाखिले के लिए निष्पक्ष, उचित और पारदर्शी मानदंड अपनाने के निर्देश दिए हैं। स्कूल ऐसे मानदंड लागू नहीं कर सकेंगे, जिन्हें विभाग पहले ही प्रतिबंधित कर चुका है। इनमें माता-पिता की शैक्षणिक योग्यता, पेशा, लिंग, धूम्रपान नहीं करने की आदत, शाकाहारी होना और इंटरव्यू आधारित चयन जैसे मानदंड शामिल हैं। PTI के मुताबिक, आवेदकों को दिए गए अंकों की जानकारी 4 जनवरी 2027 को अपलोड की जाएगी। अभिभावक 5 से 11 जनवरी तक अपने बच्चों को मिले अंकों पर सवाल या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 12 जनवरी को अंतिम अंक सार्वजनिक किए जाएंगे। यदि उपलब्ध सीटों से अधिक बच्चों को समान अंक मिलते हैं, तो स्कूलों को लॉटरी के जरिए चयन करना होगा। यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से अभिभावकों और शिक्षा निदेशालय के नामित प्रतिनिधि की मौजूदगी में कराई जाएगी। लॉटरी की वीडियोग्राफी भी अनिवार्य होगी। स्कूलों को ड्रॉ से कम से कम पांच दिन पहले अभिभावकों को इसकी सूचना देनी होगी। इसके अलावा शुरुआती ट्रायल रन भी अभिभावकों और विभाग के प्रतिनिधि की मौजूदगी में कराना होगा। दाखिला प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला स्तर पर मॉनिटरिंग सेल बनाए जाएंगे। ये सेल स्कूलों के एडमिशन क्राइटेरिया की जांच करेंगे, नियमों के पालन पर नजर रखेंगे और अभिभावकों की शिकायतों का समाधान करेंगे। साथ ही विभागीय पोर्टल पर आवेदनकर्ताओं की जानकारी, अंक और दाखिला सूची अपलोड किए जाने की भी निगरानी की जाएगी।

UP Holiday List 2027: यूपी में छुट्टियों का पूरा कैलेंडर जारी, कब-कब बंद रहेंगे स्कूल?

UP Holiday List 2027

UP Holiday List 2027: उत्तर प्रदेश में सरकारी छुट्टियों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। साल 2027 में कब स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी रहेगी, इसका पूरा कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इस बार होली और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों पर लगातार छुट्टियों का मौका मिल रहा है। होली पर 22 से 25 मार्च तक चार दिन और दिवाली के मौके पर 29 से 31 अक्टूबर तक तीन दिन की छुट्टी का प्लान बन सकता है। इसके अलावा गणतंत्र दिवस, ईद, राम नवमी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और क्रिसमस समेत कई त्योहारों पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। वहीं, कुछ छुट्टियां निर्बंधित श्रेणी में रखी गई हैं, जिनका लाभ कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार ले सकेंगे। जनवरी से दिसंबर तक 26 सार्वजनिक छुट्टियां उत्तर प्रदेश की 2027 की सार्वजनिक अवकाश सूची में कुल 26 तारीखें शामिल हैं। साल की पहली सार्वजनिक छुट्टी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर होगी। इसके बाद 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 20 फरवरी को संत रविदास जयंती और 6 मार्च को महाशिवरात्रि का अवकाश रहेगा। मार्च में ईद-उल-फितर के लिए 10 मार्च की छुट्टी निर्धारित है। इसके बाद 22 मार्च को होलिका दहन और 23 मार्च को होली का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। 26 मार्च को गुड फ्राइडे की छुट्टी होगी। अप्रैल में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को राम नवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती पर अवकाश रहेगा। मई में 17 मई को बकरीद और 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी निर्धारित की गई है। वहीं, 16 जून को मोहर्रम के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। अगस्त से अक्टूबर तक त्योहारों की छुट्टियों की भरमार अगस्त का महीना भी छुट्टियों के लिहाज से खास रहने वाला है। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद और बारावफात एक ही दिन पड़ रहे हैं। इसके बाद 17 अगस्त को रक्षाबंधन और 24 अगस्त को जन्माष्टमी की छुट्टी रहेगी। अक्टूबर में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती का अवकाश होगा। इसके बाद 8 अक्टूबर को दशहरा महानवमी और 9 अक्टूबर को विजयदशमी की छुट्टी रहेगी। त्योहारों की छुट्टियों के लिहाज से अक्टूबर का आखिरी सप्ताह भी खास है। 29 अक्टूबर को दीपावली, 30 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 31 अक्टूबर को भैयादूज एवं चित्रगुप्त जयंती का अवकाश निर्धारित किया गया है। इस तरह दीपावली के आसपास लगातार तीन दिन सार्वजनिक छुट्टी रहेगी। नवंबर और दिसंबर में भी मिलेंगी छुट्टियां नवंबर में 14 तारीख को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। वहीं, दिसंबर में 12 तारीख को हजरत अली का जन्म दिवस और 25 दिसंबर को क्रिसमस डे की छुट्टी होगी। इस तरह साल के आखिरी महीने में भी लोगों को त्योहारों और खास अवसरों पर छुट्टियां मिलेंगी। कर्मचारी और अभिभावक इन तारीखों को ध्यान में रखकर पहले से अपने कार्यक्रम तैयार कर सकते हैं। निर्बंधित छुट्टियों की भी जारी हुई सूची सार्वजनिक अवकाशों के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार की सूची में 27 निर्बंधित अवकाश भी शामिल हैं। इन छुट्टियों की खास बात यह है कि कर्मचारी अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार इनमें से निर्धारित नियमों के तहत अवकाश ले सकते हैं। इन दिनों सभी सरकारी कार्यालयों में अनिवार्य रूप से छुट्टी नहीं होती। निर्बंधित छुट्टियों की शुरुआत 1 जनवरी को नववर्ष दिवस से होगी। इसके बाद 24 जनवरी को शबे बरात और जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्म दिवस, 11 फरवरी को बसंत पंचमी और 5 मार्च को जमात-उल-विदा के अवसर पर छुट्टी का विकल्प रहेगा। मार्च में 11 तारीख को ईद-उल-फितर, 24 मार्च को होली और 27 मार्च को ईस्टर सैटरडे शामिल हैं। अप्रैल में महर्षि कश्यप जयंती, चेटी चंद और चंद्रशेखर जयंती जैसे अवसरों पर भी निर्बंधित अवकाश रहेगा। मई में परशुराम जयंती और महाराणा प्रताप जयंती, जबकि सितंबर में अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर छुट्टी का विकल्प मिलेगा। अक्टूबर में महाष्टमी, नरक चतुर्दशी और सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती भी इस सूची में शामिल हैं। नवंबर में 4 नवंबर को छठ पूजा और 16 नवंबर को वीरांगना ऊदा देवी शहीद दिवस के लिए निर्बंधित अवकाश रखा गया है। दिसंबर में हजरत ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती का उर्स, चौधरी चरण सिंह जयंती और क्रिसमस ईव भी इस सूची में शामिल हैं। स्कूल-कॉलेज और परिवार अभी से बना सकते हैं प्लान 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर सामने आने के बाद छात्रों, अभिभावकों और कर्मचारियों के लिए सालभर की प्लानिंग करना आसान हो सकता है। खासकर जिन परिवारों में बच्चे स्कूल या कॉलेज में पढ़ते हैं, वे छुट्टियों के आसपास घूमने या दूसरे कार्यक्रमों की योजना बना सकते हैं। हालांकि, निर्बंधित छुट्टियों पर अवकाश मिलना संबंधित कार्यालय या संस्थान के नियमों पर निर्भर करेगा। इसलिए किसी यात्रा या अन्य कार्यक्रम की योजना बनाने से पहले संबंधित स्कूल, कॉलेज या कार्यालय से छुट्टी की पुष्टि करना जरूरी होगा।

देश में 32 Fake University! दिल्ली में ही 12, कहीं आप भी तो नहीं ले रहे यहां एडमिशन?

Fake University

Fake University: हायर एजुकेशन के नाम पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। देश में कई ऐसे संस्थान सामने आए हैं, जिनके पास मान्यता प्राप्त डिग्री देने का कानूनी अधिकार नहीं है, लेकिन वे यूनिवर्सिटी के नाम पर अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। अब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने इस मामले में छात्रों और अभिभावकों को आगाह किया है। आयोग ने 17 नवंबर को जारी पब्लिक एडवाइजरी में साफ कहा है कि किसी भी संस्थान में एडमिशन लेने या फीस जमा करने से पहले उसकी मान्यता और कानूनी स्थिति की जांच जरूर करें। फरवरी 2026 में अपडेट की गई UGC की सूची में देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 32 संस्थानों को फर्जी यूनिवर्सिटी के रूप में चिह्नित किया गया है। 2023 में 20 थीं, अब 32 संस्थानों के नाम लिस्ट में UGC की मार्च 2023 की सूची में 20 संस्थानों को फर्जी यूनिवर्सिटी (Fake University) के तौर पर पहचाना गया था। वहीं, फरवरी 2026 में अपडेट की गई नई सूची में इनकी संख्या बढ़कर 32 हो गई है। दोनों सूचियों की तुलना करने पर पता चलता है कि 2023 में शामिल 20 संस्थानों में से 18 के नाम नई सूची में भी मौजूद हैं। इसका मतलब है कि पहले पहचाने गए 90 प्रतिशत संस्थान अब भी UGC की नई सूची में बने हुए हैं। हालांकि, सूची में नाम बने रहने का यह मतलब नहीं है कि सभी संस्थान अभी भी सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। दिल्ली में सबसे ज्यादा 12 फर्जी संस्थान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली की स्थिति इस सूची में सबसे अलग है। यहां सबसे ज्यादा 12 संस्थानों को फर्जी यूनिवर्सिटी के रूप में चिह्नित किया गया है। मार्च 2023 की सूची में दिल्ली के आठ संस्थान शामिल थे। नई सूची में ये सभी आठ संस्थान बरकरार हैं और चार नए नाम भी जोड़े गए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के चार संस्थानों को भी इस सूची में शामिल किया गया है। कुल मिलाकर 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 32 संस्थानों को लेकर UGC ने छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद UGC की एडवाइजरी UGC की यह एडवाइजरी सुप्रीम कोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के बाद आई है। कोर्ट ने आयोग को निर्देश दिया था कि वह जनता को बिना अनुमति चल रहे शैक्षणिक संस्थानों के खिलाफ जागरूक करे और उन्हें सावधान रहने की सलाह दे। इसके बाद 17 नवंबर को जारी एडवाइजरी में UGC ने छात्रों और अभिभावकों से कहा कि किसी भी संस्थान में दाखिला लेने से पहले उसकी कानूनी स्थिति की जांच करें। यह भी सुनिश्चित करें कि संबंधित संस्थान को डिग्री देने का अधिकार प्राप्त है या नहीं और उसके पास जरूरी कानूनी मंजूरी मौजूद है या नहीं। आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि केवल किसी संस्थान के विज्ञापन, वेबसाइट, ब्रोशर या सोशल मीडिया पर किए गए दावों के आधार पर भरोसा न करें। एडमिशन और फीस से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले आधिकारिक जानकारी की पुष्टि करना जरूरी है। फर्जी संस्थानों पर कार्रवाई को लेकर क्या है स्थिति? नई सूची में पुराने संस्थानों के नाम बने रहने से उनके खिलाफ की गई कार्रवाई के असर को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। हालांकि, UGC की सूची में किसी संस्थान का नाम बने रहने से यह साबित नहीं होता कि वह अभी भी संचालित हो रहा है या उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। 5 अगस्त को संसद में दिए गए एक लिखित जवाब में शिक्षा मंत्रालय ने बताया था कि UGC ऐसे संस्थानों को स्पष्टीकरण पत्र, अनुपालन नोटिस, कारण बताओ नोटिस और चेतावनी जारी कर चुका है। इसके अलावा राज्य सरकारों को भी पत्र लिखकर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा गया था। इसमें जरूरत पड़ने पर FIR दर्ज कराने जैसे कदम भी शामिल हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से बिना अनुमति चल रहे संस्थानों को बंद करने के लिए कानूनी कार्रवाई करने को कहा है। इस मामले में इंडिया टुडे ने शिक्षा मंत्रालय से भी सवाल पूछे हैं कि पुराने संस्थानों के नाम सूची में बने रहने और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई की मौजूदा स्थिति क्या है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक मंत्रालय की ओर से इस पर जवाब नहीं दिया गया है। फर्जी डिग्री का मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और ड्यू डिलिजेंस कंपनी मिलो के संस्थापक और CEO करण भट्टी ने इंडिया टुडे से बातचीत में फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम और दक्षिण भारत की कई यूनिवर्सिटीज किसी को भी डिग्री दे रही थी, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उनके मुताबिक, ये यूनिवर्सिटीज एक बड़े नेटवर्क से जुड़ी हैं और उनकी कंपनी तकनीक के माध्यम से इस समस्या से निपटने में योगदान देने की कोशिश कर रही है। ऐसे में हायर एजुकेशन की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए जरूरी है कि वे किसी भी संस्थान में दाखिला लेने से पहले उसकी मान्यता, कानूनी स्थिति और डिग्री देने के अधिकार की आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।

Punjab Board Exam Date 2027: जारी हुआ 8वीं, 10वीं और 12वीं का शेड्यूल, जानें कब से होंगे एग्जाम

Punjab Board Exam Date 2027

Punjab Board Exam Date 2027: पंजाब में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने साल 2027 में होने वाली 8वीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। हालांकि, अभी छात्रों को विषयवार डेटशीट के लिए इंतजार करना होगा। बोर्ड ने फिलहाल परीक्षाओं की शुरुआत और समाप्ति की तारीखों का ऐलान किया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक 8वीं और 12वीं की लिखित परीक्षाएं 5 मार्च 2027 से शुरू होंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 19 मार्च से आयोजित की जाएंगी। वहीं, तीनों कक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं जनवरी में ही पूरी करा ली जाएंगी। ऐसे में छात्रों के पास अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार योजना बनाने का मौका है। इसके अलावा pseb.ac.in लिंक पर क्लिक करके पूरी जानकारी ले सकते हो। जनवरी में होंगी 8वीं, 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं PSEB की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, तीनों कक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 8 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी 2027 तक चलेंगी। यानी 8वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों को जनवरी में ही प्रैक्टिकल परीक्षा की तैयारी पूरी करनी होगी। बोर्ड ने सभी कक्षाओं के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं की एक ही समयसीमा तय की है। इसके बाद मार्च से लिखित परीक्षाओं का सिलसिला शुरू होगा। मार्च से शुरू होंगी लिखित परीक्षाएं, देखें पूरा शेड्यूल पंजाब बोर्ड के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 8 की लिखित परीक्षाएं 5 मार्च से 18 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, कक्षा 10 की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू होकर 20 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। इसके अलावा 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं भी 5 मार्च से शुरू होंगी और 23 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इस बार 10वीं और 12वीं की लिखित परीक्षाओं का जारी शेड्यूल ओपन स्कूल के तहत पढ़ाई कर रहे छात्रों पर भी लागू होगा। अभी विषयवार डेटशीट का इंतजार, pseb.ac.in पर मिलेगी जानकारी बोर्ड ने अभी सिर्फ परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। किस विषय की परीक्षा किस दिन होगी, इसकी जानकारी अलग से जारी की जाएगी। विषयवार डेटशीट आने के बाद छात्र अपने परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार तैयारी और रिवीजन की योजना बना सकेंगे। छात्र पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर जाकर परीक्षा से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बोर्ड की ओर से विषयवार डेटशीट और परीक्षा संबंधी जरूरी निर्देश भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तय किया गया शेड्यूल पंजाब बोर्ड की 2027 की परीक्षाओं का कार्यक्रम आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। बोर्ड ने परीक्षाओं की तारीखें इस तरह तय की हैं कि शैक्षणिक कार्यक्रम और चुनावी गतिविधियों के बीच तालमेल बना रहे। 2026 में कैसा रहा था पंजाब बोर्ड का रिजल्ट? पिछले साल यानी 2026 में पंजाब बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी में शुरू हुई थीं। 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 4 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। इसमें कुल 2,65,417 छात्रों ने हिस्सा लिया था और 91 प्रतिशत से ज्यादा विद्यार्थी सफल हुए थे। वहीं, 10वीं की परीक्षा में 2,69,505 छात्र शामिल हुए थे। इस परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 94.52 फीसदी रहा था। हरलीन शर्मा ने 99.38 प्रतिशत अंक हासिल करके परीक्षा में टॉप किया था।

UP Teacher News: 55 हजार सरकारी टीचरों की नौकरी पर संकट, स्पेशल TET में फेल, अब क्या होगा?

UP Teacher News

UP Teacher News: उत्तर प्रदेश में हजारों सरकारी शिक्षकों (UP Teacher News) की नौकरी पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। टीईटी की अनिवार्यता के बीच शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन स्पेशल टीईटी का रिजल्ट आने के बाद बड़ी संख्या में शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की ओर से जारी नतीजों में करीब 55 हजार शिक्षक परीक्षा पास नहीं कर पाए हैं। इससे पहले UPTET में भी 60 हजार से ज्यादा शिक्षक असफल रहे थे। अब स्पेशल टीईटी में भी बड़ी संख्या में शिक्षकों के फेल होने से सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इनकी नौकरी कैसे बचेगी? क्या उन्हें एक और मौका मिलेगा या फिर टीईटी पास नहीं करने पर सरकारी नौकरी गंवानी पड़ सकती है? आइए समझते हैं पूरा मामला और शिक्षकों के पास बचे विकल्प। स्पेशल टीईटी में कितने शिक्षक हुए पास और कितने फेल? टीईटी की तरह स्पेशल टीईटी परीक्षा भी दो स्तरों पर आयोजित की गई थी। इसमें प्राइमरी यानी कक्षा 1 से 5 और जूनियर यानी कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों ने हिस्सा लिया था। दोनों परीक्षाओं के नतीजों में सफलता का प्रतिशत अलग-अलग रहा। प्राइमरी स्तर की परीक्षा में कुल 50,666 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से सिर्फ 15,159 अभ्यर्थी ही सफल हो पाए। इस तरह प्राइमरी स्तर पर पास होने वालों का प्रतिशत 29.92 रहा। यानी करीब 70 फीसदी शिक्षक इस परीक्षा में सफल नहीं हो सके। वहीं, जूनियर स्तर की परीक्षा में कुल 43,015 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 23,743 शिक्षक पास हुए। इस स्तर पर सफलता का प्रतिशत 55.19 रहा। दोनों स्तरों को मिलाकर देखें तो कुल 93,681 अभ्यर्थियों में से 38,902 सफल हुए, जबकि 54,779 शिक्षक परीक्षा पास नहीं कर सके। यानी लगभग 55 हजार शिक्षकों के सामने अब पात्रता हासिल करने की चुनौती है। अगस्त 2028 तक TET पास करना जरूरी, सुप्रीम कोर्ट ने तय की समयसीमा दरअसल, सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों (UP Teacher News) के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करना अनिवार्य किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, इसके लिए अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है। पहले यह समयसीमा 2026 तक थी, लेकिन बाद में इसे दो साल बढ़ा दिया गया। इसका मतलब है कि जिन शिक्षकों ने अभी तक टीईटी पास नहीं किया है, उन्हें तय समयसीमा के भीतर पात्रता हासिल करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर उनकी सरकारी नौकरी पर संकट आ सकता है। यही वजह है कि स्पेशल टीईटी में असफल रहे हजारों शिक्षकों की चिंता बढ़ गई है। नौकरी बचाने के लिए शिक्षकों के पास अब क्या विकल्प? स्पेशल टीईटी में असफल होने के बाद शिक्षकों के पास फिलहाल अगली टीईटी परीक्षा में शामिल होने का विकल्प है। यूपी टीईटी का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। इसके लिए 24 नवंबर से 23 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित होगी। ऐसे में जो शिक्षक स्पेशल टीईटी पास नहीं कर पाए हैं, वे आगामी यूपी टीईटी में शामिल होकर अपनी पात्रता हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा शिक्षकों (UP Teacher News) को राहत देने के लिए अगस्त 2028 की समयसीमा से पहले एक और स्पेशल टीईटी आयोजित किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, ऐसी किसी परीक्षा को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल शिक्षकों के सामने सबसे बड़ा विकल्प आगामी यूपी टीईटी की तैयारी करना है। अगर अगली परीक्षाओं में भी शिक्षक सफल नहीं हो पाते हैं, तो नौकरी बचाने के रास्ते मुश्किल हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में टीईटी का रिजल्ट हजारों शिक्षकों के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है।

UP Board: 9वीं-11वीं के छात्रों को गलतियां सुधारने का मौका, नाम से लेकर जन्मतिथि या विषय में है गलती?

UP Board

UP Board: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए अहम सूचना जारी की है। शैक्षिक सत्र 2026-27 में पढ़ रहे विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण में दर्ज गलतियों को सुधारने के लिए बोर्ड ने ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है। इसके तहत स्कूलों के प्रधानाचार्य 30 नवंबर 2026 की रात 12 बजे तक विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण में संशोधन कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सुधार का दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा। 30 नवंबर की रात 12 बजे तक मिलेगा मौका यूपी बोर्ड की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी सूचना के अनुसार, पंजीकरण में सुधार की ऑनलाइन सुविधा इसी तारीख से शुरू कर दी गई है। कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के विवरण में जरूरी बदलाव करने के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 30 नवंबर 2026 की रात 12 बजे तक का समय दिया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने पंजीकरण में दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर लेनी चाहिए। अगर किसी जानकारी में गलती है, तो समय रहते अपने स्कूल के प्रधानाचार्य को इसकी सूचना दें। आखिरी तारीख के बाद संशोधन का अवसर नहीं मिलने से विद्यार्थियों को आगे परेशानी हो सकती है। नाम, जन्मतिथि से लेकर विषय तक में कर सकेंगे सुधार बोर्ड ने अग्रिम पंजीकरण में कई तरह की गलतियों को ठीक करने की अनुमति दी है। इसके तहत विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, जाति, लिंग और जन्मतिथि में संशोधन किया जा सकेगा। इसके अलावा विषय और विषय कोड में हुई गलती को भी सुधारा जा सकता है। विद्यार्थियों की फोटो में त्रुटि होने पर उसे ठीक कराने की सुविधा भी दी गई है। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए हाईस्कूल का गलत अनुक्रमांक दर्ज होने पर उसे सुधारने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के विवरण का नियमितीकरण और पहले हटाए गए विवरण को दोबारा बहाल करने की सुविधा भी दी गई है। विद्यार्थी खुद नहीं कर सकेंगे ऑनलाइन बदलाव पंजीकरण में संशोधन की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सौंपी गई है। इसके लिए प्रधानाचार्यों को यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने लॉगिन के माध्यम से जाना होगा। विद्यार्थी स्वयं वेबसाइट पर लॉगिन करके अपने विवरण में सीधे बदलाव नहीं कर सकेंगे। अगर किसी छात्र या छात्रा के नाम, जन्मतिथि, फोटो, विषय या दूसरी जानकारी में गलती है, तो उसे स्कूल के प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी देनी होगी। विद्यालय की ओर से विवरण की जांच के बाद ऑनलाइन माध्यम से संशोधन किया जाएगा। इसलिए विद्यार्थियों को अपने पंजीकरण की जानकारी समय रहते जांच लेनी चाहिए। क्यों जरूरी है पंजीकरण में सुधार? अग्रिम पंजीकरण के दौरान कई बार जानकारी दर्ज करते समय गलतियां हो जाती हैं। नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि, माता-पिता के नाम या विषय से जुड़ी त्रुटियां आगे चलकर शैक्षिक रिकॉर्ड और बोर्ड की प्रक्रियाओं में परेशानी पैदा कर सकती हैं। इन्हीं गलतियों को ठीक करने के लिए यूपी बोर्ड ने संशोधन की सुविधा दी है। यहां मिलेगी सुधार की सुविधा विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण में संशोधन के लिए ऑनलाइन सुविधा यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर उपलब्ध है। स्कूल के प्रधानाचार्य अपने लॉगिन से जरूरी बदलाव कर सकेंगे। विद्यार्थियों को अपनी जानकारी जांचकर गलती मिलने पर तुरंत स्कूल को बताना चाहिए। ध्यान रखें, सुधार की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 की रात 12 बजे है। इसके बाद संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा।

NEET PG 2026: आज जारी हो सकती है राउंड 2 की सीट अलॉटमेंट लिस्ट, यहां चेक करें रिजल्ट

NEET PG 2026

NEET PG 2026: नीट पीजी काउंसलिंग 2026 के दूसरे राउंड में शामिल उम्मीदवारों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) आज यानी 20 नवंबर 2026 को राउंड 2 की प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी कर सकती है। इस सूची में उम्मीदवारों को आवंटित किए गए मेडिकल कॉलेज और पाठ्यक्रम की जानकारी मिलेगी। जिन अभ्यर्थियों ने दूसरे चरण की काउंसलिंग में हिस्सा लिया है, वे परिणाम जारी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर अपना नाम और आवंटित सीट चेक कर सकेंगे। हालांकि, अभी तक रिजल्ट जारी करने का निश्चित समय घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह है कि वे वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और काउंसलिंग से जुड़े नए अपडेट चेक करते रहें। आज आ सकती है NEET PG राउंड 2 की प्रोविजनल लिस्ट मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से नीट पीजी राउंड 2 के सीट आवंटन परिणाम को जल्द जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लिस्ट 20 नवंबर को जारी हो सकती है। हालांकि, परिणाम किस समय जारी होगा, इसको लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस सूची में उन उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर होंगे, जिन्होंने दूसरे राउंड की काउंसलिंग में हिस्सा लिया था। उम्मीदवारों को यह भी पता चल सकेगा कि उनकी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम में से कौन-सी सीट आवंटित हुई है। प्रोविजनल सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थी इसे आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। प्रोविजनल रिजल्ट पर आपत्ति दर्ज कराने का मिलेगा मौका MCC पहले अस्थायी यानी प्रोविजनल सीट आवंटन सूची जारी करेगी। इसके बाद उम्मीदवारों को सूची में किसी तरह की गलती या विसंगति नजर आने पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को MCC के पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत जमा करनी होगी। ध्यान रखना होगा कि आपत्ति दर्ज कराने के लिए कमेटी की ओर से निर्धारित समय सीमा का पालन करना जरूरी है। तय समय के बाद प्राप्त होने वाली शिकायतों पर विचार नहीं किया जा सकता है। उम्मीदवारों की ओर से मिली आपत्तियों की समीक्षा के बाद ही कमेटी अंतिम सीट आवंटन सूची जारी करेगी। इसलिए प्रोविजनल रिजल्ट आने के बाद उम्मीदवारों को उसमें दी गई जानकारी और MCC के निर्देशों को ध्यान से पढ़ना चाहिए। मद्रास हाईकोर्ट की रोक के कारण अटका था सीट आवंटन नीट पीजी काउंसलिंग के दूसरे चरण का परिणाम श्री वेंकटेश्वर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर से जुड़े मामले में अंतरिम रोक के कारण प्रभावित हुआ था। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मद्रास हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि उसकी रोक केवल पुडुचेरी के एक डीम्ड विश्वविद्यालय पर लागू होगी। इसका असर दूसरे मेडिकल कॉलेजों में होने वाले दाखिलों पर नहीं पड़ेगा। अदालत की रोक मेडिकल काउंसलिंग कमेटी और पुडुचेरी सरकार की केंद्रीकृत प्रवेश समिति (CENTAC) की ओर से कराई जा रही अन्य कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया पर लागू नहीं होगी। इसके बाद दूसरे राउंड की काउंसलिंग के परिणाम जारी होने की उम्मीद बढ़ गई है। अंतिम सीट अलॉटमेंट लिस्ट कब आएगी? प्रोविजनल सीट आवंटन सूची जारी होने के बाद उम्मीदवारों की आपत्तियों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद MCC की ओर से अंतिम सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को ध्यान रखना चाहिए कि प्रोविजनल सूची के आधार पर कॉलेज में दाखिले के लिए रिपोर्ट नहीं करना है। कॉलेज में रिपोर्टिंग की प्रक्रिया अंतिम सीट आवंटन परिणाम जारी होने के बाद ही पूरी करनी होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें। कॉलेज में रिपोर्टिंग की तारीख, दाखिले की प्रक्रिया और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी MCC की आधिकारिक सूचना में दी जाएगी। NEET PG Round 2 Result ऐसे करें चेक राउंड 2 की प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार इन आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना रिजल्ट देख सकेंगे। सबसे पहले MCC की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाएं। वेबसाइट के होमपेज पर NEET PG Counselling से जुड़े सेक्शन को खोलें। Round 2 Provisional Seat Allotment Result के लिंक पर क्लिक करें। स्क्रीन पर सीट आवंटन की PDF सूची खुल जाएगी। इसमें अपना नाम या रोल नंबर सर्च करें। सूची डाउनलोड करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें। उम्मीदवारों को सलाह है कि रिजल्ट, आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया और कॉलेज में रिपोर्टिंग से संबंधित जानकारी के लिए केवल MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस पर भरोसा करें।  

error: Content is protected !!