Supreme Court Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अनुभवी उम्मीदवारों के लिए सुप्रीम कोर्ट में काम करने का शानदार अवसर सामने आया है। कोर्ट मास्टर (शॉर्टहैंड) के 20 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 67,700 रुपये से लेकर 2,08,700 रुपये तक का वेतन मिल सकता है। लेकिन इस भर्ती में सिर्फ डिग्री होना काफी नहीं है, कुछ खास शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
सुप्रीम कोर्ट में कितने पदों पर होगी भर्ती?
सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने कोर्ट मास्टर (शॉर्टहैंड) के 20 अस्थायी पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह राजपत्रित पद है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे और योग्य उम्मीदवार 15 नवंबर 2026 को रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। अधिसूचना 15 अक्टूबर 2026 को जारी की गई है। हालांकि, प्रशासनिक जरूरत के अनुसार पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
कितनी मिलेगी सैलरी? (Supreme Court Recruitment 2026)
इस पद के लिए वेतनमान पे मैट्रिक्स के लेवल-11 के तहत निर्धारित है। चयनित उम्मीदवारों को 67,700 रुपये प्रतिमाह शुरुआती मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे। अधिकतम वेतनमान 2,08,700 रुपये तक है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ उम्मीदवारों को कुछ तकनीकी और अनुभव संबंधी शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
अंग्रेजी शॉर्टहैंड में कम से कम 120 शब्द प्रति मिनट की गति होनी चाहिए।
कंप्यूटर पर अंग्रेजी टाइपिंग की गति कम से कम 40 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए।
सरकारी विभाग, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या वैधानिक संस्था में संबंधित पद पर कम से कम पांच साल की नियमित सेवा का अनुभव जरूरी है।
यह अनुभव निजी सचिव, वरिष्ठ निजी सहायक, निजी सहायक या वरिष्ठ आशुलिपिक के पद पर होना चाहिए। सभी योग्यताएं और अनुभव 1 अक्टूबर 2026 तक पूरे होने चाहिए।
उम्र सीमा क्या है? (Supreme Court Recruitment 2026)
1 अक्टूबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र 30 से 45 साल के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और पूर्व सैनिकों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के विभागीय उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र की सीमा निर्धारित नहीं है।
चार चरणों में होगा चयन
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शॉर्टहैंड टेस्ट, टाइपिंग टेस्ट और इंटरव्यू शामिल हैं। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 सवालों के जवाब देने के लिए 90 मिनट मिलेंगे। इसमें अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, न्यायपालिका से जुड़े संवैधानिक प्रावधान, सुप्रीम कोर्ट के नियम और कंप्यूटर ज्ञान की जांच होगी। पास होने के लिए कम से कम 50 अंक जरूरी हैं।
इसके बाद अंग्रेजी में 120 शब्द प्रति मिनट की गति से सात मिनट का डिक्टेशन होगा। इसे कंप्यूटर पर टाइप करने के लिए 45 मिनट मिलेंगे। टाइपिंग टेस्ट में 40 शब्द प्रति मिनट की गति से 10 मिनट तक टाइप करना होगा। इंटरव्यू 30 अंकों का होगा।
कहां होगी परीक्षा? (Supreme Court Recruitment 2026)
लिखित परीक्षा देशभर के 69 निर्धारित शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें दिल्ली-एनसीआर, पटना, लखनऊ, जयपुर, कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, भोपाल और चंडीगढ़ जैसे शहर शामिल हैं। शॉर्टहैंड और टाइपिंग टेस्ट दिल्ली-एनसीआर में होंगे, जबकि इंटरव्यू दिल्ली में प्रत्यक्ष या ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जा सकता है।
कब जारी होगा एडमिट कार्ड?
प्रवेश पत्र केवल ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों में काम करने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के समय अपने नियोक्ता से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) देना होगा। भर्ती के किसी भी चरण में शामिल होने के लिए यात्रा या दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा। वस्तुनिष्ठ परीक्षा की संभावित तारीख 7 दिसंबर 2026 है। उत्तर कुंजी 8 दिसंबर को जारी होने की संभावना है और उम्मीदवार 8 से 9 दिसंबर तक उस पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।








