RRB Master Recruitment 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ओर से स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए नोटिफिकेशन पहले ही जारी किया जा चुका है, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी गई है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपना फॉर्म भर लें।
RRB Station Master Recruitment 2026: कब तक कर सकते हैं आवेदन?
रेलवे भर्ती बोर्ड की इस भर्ती के तहत स्टेशन मास्टर के कुल 1265 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन फॉर्म में सुधार का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 7 दिसंबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है। वहीं, भर्ती परीक्षा जनवरी 2027 में आयोजित होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, परीक्षा की सटीक तारीख का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए क्या होनी चाहिए योग्यता?
स्टेशन मास्टर के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी जरूरी है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ लेना चाहिए। इससे आवेदन के दौरान होने वाली गलतियों से बचा जा सकता है।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
इस भर्ती के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। फीस जमा करने की आखिरी तारीख 27 नवंबर 2026 है। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि आवेदन फॉर्म जमा करने और शुल्क भुगतान की अंतिम तारीख अलग-अलग है।
कितनी मिलेगी स्टेशन मास्टर की सैलरी?
रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर चयन होने के बाद उम्मीदवारों को पे लेवल-6 के तहत वेतन दिया जाता है। इसमें शुरुआती बेसिक सैलरी 35,400 रुपये प्रति माह बताई गई है। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी मिल सकती हैं। कुल वेतन पोस्टिंग और लागू भत्तों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।
RRB Station Master Recruitment 2026: ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं। होमपेज पर भर्ती से संबंधित लिंक 08/2026 खोलें और अपनी ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर की मदद से रजिस्ट्रेशन पूरा करें। इसके बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और परीक्षा शहर का चयन करें। फिर निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच जरूर कर लें।