Private College Fees: इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसे प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्रों और उनके परिवारों के लिए सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अदालत ने साफ किया है कि कॉलेजों को कोर्स की फीस पहले से तय करनी चाहिए, ताकि पढ़ाई के बीच छात्रों पर अचानक बढ़े खर्च का बोझ न पड़े। फीस में बदलाव केवल कुछ असाधारण परिस्थितियों में ही किया जा सकता है।
एडमिशन से पहले बतानी होगी पूरे कोर्स की फीस (Private College Fees)
सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ ने कहा कि फीस तय करने वाली समितियों को कोर्स के दौरान होने वाले संभावित खर्चों का पहले ही आकलन करना चाहिए। अगर कोई छात्र चार या पांच साल के प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला लेता है, तो उसे शुरुआत में ही फीस की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।
अदालत के मुताबिक, छात्रों और उनके अभिभावकों को दाखिले के समय तय फीस से अधिक भुगतान करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। इससे परिवार अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार पढ़ाई का खर्च तय कर सकेंगे।
किन परिस्थितियों में बढ़ सकती है फीस? (Private College Fees)
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि फीस (Private College Fees) में बदलाव पर पूरी तरह रोक नहीं है। अगर कोर्स शुरू होने के बाद कोई असाधारण परिस्थिति पैदा होती है और ऐसा अप्रत्याशित खर्च सामने आता है, जिसका पहले अनुमान लगाना संभव नहीं था, तो फीस में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, ऐसी बढ़ोतरी सामान्य नियम नहीं बन सकती। फीस तय करने वाली समितियों को संभावित खर्चों का पहले से ध्यान रखना होगा, ताकि छात्रों को पढ़ाई के बीच आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पश्चिम बंगाल के इंजीनियरिंग कॉलेज की फीस बढ़ोतरी रद्द
यह मामला पश्चिम बंगाल के डॉक्टर बीसी रॉय इंजीनियरिंग कॉलेज और दूसरे निजी कॉलेजों की अपील से जुड़ा था। इन कॉलेजों ने कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बीसी रॉय इंजीनियरिंग कॉलेज में 2023-27 बैच के बीटेक छात्रों के लिए की गई 37 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी को रद्द कर दिया। कॉलेज की ओर से छात्रों पर नई डेवलपमेंट फीस भी लगाई गई थी। अदालत ने फीस बढ़ोतरी को चुनौती देने वाले छात्रों के पक्ष में फैसला सुनाया।
परिवारों की आर्थिक परेशानी पर अदालत की चिंता
पीठ ने कहा कि प्रोफेशनल कोर्स की फीस कई परिवारों की आय और बचत का बड़ा हिस्सा होती है। कुछ परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज भी लेते हैं। ऐसे में कोर्स के बीच अचानक फीस बढ़ने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ सकता है।
अदालत ने फीस में निश्चितता बनाए रखने पर जोर दिया और कहा कि राज्य सरकारों और नियामक संस्थाओं को ऐसा तंत्र तैयार करना चाहिए, जिससे छात्रों को पहले से तय फीस की जानकारी मिले और पढ़ाई के दौरान अनिश्चित खर्चों से बचाया जा सके। प्राइवेट कॉलेज में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए सुप्रीम कोर्ट का फैसला बेहद माना जा रहा है अहम है।
सोच-समझकर करें कोर्स के लिए फीस खर्च
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से निजी शिक्षण संस्थानों में फीस तय करने की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अदालत के निर्देश का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि छात्र और उनके अभिभावक दाखिले से पहले पूरे कोर्स का खर्च समझ सकें। इससे परिवारों को शिक्षा के लिए बजट बनाने और जरूरत पड़ने पर लोन की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी। फीस में बदलाव की अनुमति केवल असाधारण परिस्थितियों में होने की बात कही गई है। ऐसे में कॉलेजों को फीस संबंधी नियमों और संभावित खर्चों पर पहले से गंभीरता से विचार करना होगा।








