ISRO Recruitment: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की यूनिट इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स (IPRC), महेंद्रगिरी ने कई पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। खास बात यह है कि इस भर्ती में 10वीं और ITI पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। कुल 22 पदों पर भर्ती की जानी है और आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू हो रही है।
5 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार IPRC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
किस पद पर कितनी वैकेंसी?
IPRC की इस भर्ती के जरिए कुल 22 पद भरे जाएंगे। इनमें टेक्निकल असिस्टेंट के 5 पद, टेक्नीशियन बी के 13 पद, कुक ए का 1 पद और फायरमैन ए के 3 पद शामिल हैं।
टेक्निकल असिस्टेंट के पद ऑटोमोबाइल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन से जुड़े हैं। वहीं टेक्नीशियन बी के लिए फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन और रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग जैसे ट्रेड शामिल किए गए हैं।
10वीं पास उम्मीदवार भी कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि कुछ पदों के लिए 10वीं पास उम्मीदवार भी पात्र हैं। टेक्नीशियन बी के लिए 10वीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में ITI और NCVT से मान्यता प्राप्त NTC या NAC सर्टिफिकेट जरूरी है।
कुक ए पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उनके पास किसी मान्यता प्राप्त होटल या कैंटीन में कुक के रूप में कम से कम 5 साल का अनुभव होना चाहिए। फायरमैन ए के लिए 10वीं पास होने के साथ निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी करना जरूरी है।
वहीं टेक्निकल असिस्टेंट के लिए संबंधित इंजीनियरिंग विषय में फर्स्ट क्लास डिप्लोमा मांगा गया है।
सैलरी सुनकर चौंक जाएंगे उम्मीदवार
चयन के बाद पद के अनुसार अलग-अलग वेतन मिलेगा। टेक्निकल असिस्टेंट को पे लेवल-7 के तहत 44,900 से 1,42,400 रुपये तक वेतन मिल सकता है। टेक्नीशियन बी के लिए पे लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये और कुक ए व फायरमैन ए के लिए पे लेवल-2 के तहत 19,900 से 63,200 रुपये तक वेतन निर्धारित है।
कितनी है आवेदन फीस? (ISRO Recruitment)
टेक्निकल असिस्टेंट के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये है। वहीं टेक्नीशियन बी, कुक ए और फायरमैन ए के लिए 500 रुपये आवेदन फीस देनी होगी।
लिखित परीक्षा के बाद होगा अगला टेस्ट
टेक्निकल असिस्टेंट और टेक्नीशियन बी के लिए लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट होगा। कुक ए के लिए भी लिखित परीक्षा के बाद स्किल टेस्ट लिया जाएगा। फायरमैन ए के लिए लिखित परीक्षा के बाद फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट और मेडिकल जांच होगी।
टेक्निकल असिस्टेंट और टेक्नीशियन बी की परीक्षा में 80 MCQ सवाल होंगे और 90 मिनट का समय मिलेगा। गलत जवाब पर 0.33 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। कुक और फायरमैन की परीक्षा में 100 सवाल होंगे, जिसके लिए 120 मिनट मिलेंगे। इन परीक्षाओं में गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले iprc.gov.in पर जाएं और भर्ती से जुड़े ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद इसकी कॉपी सुरक्षित रखना न भूलें।








