New Delhi: देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT Kharagpur) खड़गपुर में अब इंजीनियरों के साथ डॉक्टर भी तैयार होंगे। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने IIT खड़गपुर को पोस्ट ग्रेजुएट (PG) मेडिकल कोर्स शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही IIT सिस्टम में मेडिकल शिक्षा की नई शुरुआत होने जा रही है। संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MD पाठ्यक्रमों का पहला बैच शुरू होने वाला है। खास बात यह है कि इन मेडिकल कोर्स में एडमिशन NEET-PG काउंसलिंग के जरिए होगा।
इसी साल से शुरू होगी MD की पढ़ाई
IIT खड़गपुर (IIT Kharagpur) की ओर से बताया गया है कि डॉक्टर बीसी रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MD की पढ़ाई करने वाले छात्रों का पहला बैच आएगा। NMC की मंजूरी मिलने के बाद संस्थान में पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा का रास्ता खुल गया है।
IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने इसे मेडिकल शिक्षा के भविष्य को आकार देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना नहीं है, बल्कि ऐसा शैक्षणिक वातावरण बनाना है, जहां चिकित्सा, इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रिसर्च को एक साथ जोड़कर काम किया जा सके।
इन 6 मेडिकल विषयों में होगी पढ़ाई
IIT खड़गपुर में शुरुआत में छह मेडिकल विषयों में MD पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें जनरल मेडिसिन, रेडियोलॉजी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और बायोकेमिस्ट्री शामिल हैं।
इन विषयों (IIT Kharagpur) के जरिए छात्रों को चिकित्सा के अलग-अलग क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा। संस्थान का मेडिकल रिसर्च सेंटर पहले से ही चिकित्सा और शोध गतिविधियों के लिए जाना जाता है। अब PG मेडिकल शिक्षा शुरू होने से यहां चिकित्सा विशेषज्ञों को तैयार करने की दिशा में भी काम होगा।
NEET-PG काउंसलिंग से मिलेगा एडमिशन
IIT खड़गपुर के मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश NEET-PG काउंसलिंग (IIT Kharagpur) के माध्यम से होगा। अन्य मेडिकल संस्थानों की तरह यहां भी प्रवेश निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया और नियमों के तहत दिया जाएगा।
बताया गया है कि इन पाठ्यक्रमों की सीटें काउंसलिंग शेड्यूल के राउंड-2 में उपलब्ध होंगी। ऐसे में NEET-PG परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को काउंसलिंग के दौरान IIT खड़गपुर के मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश का विकल्प मिल सकेगा।