New Delhi: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में स्नातक (UG) दाखिले का इंतजार कर रहे हजारों छात्रों के लिए बड़ी अपडेट (DU UG Admission 2026) सामने आई है। विश्वविद्यालय ने CSAS UG 2026 के पहले चरण के एडमिशन के आंकड़े जारी करते हुए बताया है कि 21 जुलाई तक 61,932 उम्मीदवारों ने अपनी सीट स्वीकार कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब छात्रों की नजर दूसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट सूची पर है, जिसे 25 जुलाई 2026 को जारी किया जाएगा।
93 हजार से ज्यादा सीटें हुई थीं आवंटित (DU UG Admission 2026)
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने CSAS UG 2026 के पहले राउंड में 67 कॉलेजों के 221 अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम के लिए 93 हजार से अधिक सीटों का आवंटन किया था। सीटें छात्रों के CUET UG 2026 स्कोर, उनकी श्रेणी (Category) और कॉलेज व कोर्स की प्राथमिकताओं के आधार पर आवंटित की गईं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस वर्ष पहले राउंड के बाद प्रवेश (DU UG Admission 2026) लेने वाले छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां पिछले वर्ष पहले राउंड के बाद 45,316 छात्रों ने दाखिला लिया था, वहीं इस बार यह संख्या बढ़कर 61,932 पहुंच गई है।
25 जुलाई को आएगी दूसरी अलॉटमेंट लिस्ट
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि CSAS UG Round-2 Seat Allocation 25 जुलाई 2026 को जारी किया जाएगा। दूसरे राउंड में जिन छात्रों को सीट मिलेगी, उन्हें CSAS पोर्टल पर लॉगिन कर अपना अलॉटमेंट देखना होगा और तय समय के भीतर आगे की सभी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
जो छात्र पहले राउंड में सीट स्वीकार कर चुके हैं, उनके पास अपग्रेड का विकल्प भी रहेगा। अगर उन्हें दूसरे राउंड में उनकी प्राथमिकता के अनुसार बेहतर सीट मिलती है, तो उन्हें नई सीट के लिए निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इन तारीखों का रखें विशेष ध्यान (DU UG Admission 2026)
दूसरे राउंड के लिए विश्वविद्यालय ने पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। 25 जुलाई 2026 को सीट अलॉटमेंट सूची जारी होगी। इसके बाद उम्मीदवारों को 26 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। नया शैक्षणिक सत्र भी 28 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
दाखिले के लिए पूरी करनी होंगी ये औपचारिकताएं
दूसरे राउंड में सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को सबसे पहले CSAS पोर्टल पर लॉगिन कर अपना सीट अलॉटमेंट देखना होगा। इसके बाद निर्धारित समय के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन, सीट स्वीकार करना और एडमिशन फीस जमा करना जरूरी होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने वाले छात्र ही 28 जुलाई से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र में शामिल हो सकेंगे।