New Delhi: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में EWS और फ्रीशिप कैटेगरी के तहत एडमिशन (EWS Admission 2026) का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है।
दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 2 से आगे की कक्षाओं में खाली EWS और फ्रीशिप सीटों पर दाखिले की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की आखिरी तारीख 20 सितंबर 2026 तय की गई है।
8 सितंबर से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
शिक्षा निदेशालय के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन (EWS Admission 2026) प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू हो चुकी है। जिन अभिभावकों के बच्चे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, वे तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन खत्म होने के बाद खाली सीटों के लिए कंप्यूटरीकृत ड्रॉ ऑफ लॉट्स कराया जाएगा। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार ड्रॉ 24 सितंबर 2026 को होने की संभावना है।
इस प्रक्रिया में सीट मिलने का फैसला अभिभावकों द्वारा चुने गए स्कूलों और उनके आवासीय पते के आधार पर कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ से किया जाएगा।
इन स्कूलों में मिलेगा एडमिशन (EWS Admission 2026)
यह एडमिशन प्रक्रिया दिल्ली में सरकारी या DDA की ओर से आवंटित जमीन पर चल रहे निजी गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त स्कूलों में खाली EWS और फ्रीशिप सीटों के लिए है। हालांकि, अल्पसंख्यक संस्थानों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
अभिभावकों को आवेदन में अपना पता सही दर्ज करना होगा। गलत लोकेलिटी या पता देकर पसंदीदा स्कूल में एडमिशन लेने की कोशिश करने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई हो सकती है।
किसे मिलेगा EWS कैटेगरी का लाभ?
EWS कैटेगरी में आवेदन करने वाले परिवार की सभी स्रोतों से सालाना आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इसके लिए दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग से जारी वैध आय प्रमाण पत्र जरूरी है।
इसके अलावा BPL, AAY राशन कार्ड या फूड सिक्योरिटी कार्ड वाले परिवारों के बच्चे भी पात्र हो सकते हैं। आवेदन करने वाले बच्चे का दिल्ली का निवासी होना जरूरी है।
कक्षा के हिसाब से उम्र भी तय
कक्षा 2 से 9 तक दाखिले के लिए उम्र की शर्त भी लागू होगी। 31 मार्च 2026 को कक्षा 2 के लिए बच्चे की उम्र 6 साल या उससे अधिक और 7 साल से कम होनी चाहिए। कक्षा 3 के लिए उम्र 7 से 8 साल से कम और कक्षा 4 के लिए 8 से 9 साल से कम निर्धारित है। आगे की कक्षाओं में भी उम्र सीमा इसी तरह एक-एक साल बढ़ती जाएगी।
एक बच्चे के लिए सिर्फ एक आवेदन (EWS Admission 2026)
अभिभावकों को फॉर्म भरते समय खास सावधानी रखनी होगी। एक बच्चे के लिए केवल एक रजिस्ट्रेशन और आवेदन किया जा सकता है। डुप्लीकेट आवेदन मिलने पर रजिस्ट्रेशन रद्द हो सकता है।
आवेदन से पहले जन्म प्रमाण पत्र, पता प्रमाण, EWS आय प्रमाण पत्र, जरूरत होने पर जाति प्रमाण पत्र, CWSN कैटेगरी के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र और हाल की पासपोर्ट साइज फोटो जैसे दस्तावेज तैयार रखना बेहतर होगा।








