New Delhi: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने साल 2027 में होने वाली ICSE (कक्षा 10वीं) और ISC (कक्षा 12वीं) बोर्ड परीक्षाओं (ICSE-ISC Board Exam) का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर जाकर विषयवार टाइमटेबल देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इस साल दोनों परीक्षाओं को मिलाकर कुल 3,79,980 छात्र शामिल होंगे।
काउंसिल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ICSE कक्षा 10वीं की परीक्षा (ICSE-ISC Board Exam) में करीब 2.70 लाख छात्र शामिल होंगे। ये छात्र 3,106 संबद्ध स्कूलों से हैं और कुल 76 विषयों की परीक्षा देंगे। वहीं, ISC कक्षा 12वीं की परीक्षा में 1,10,025 उम्मीदवार शामिल होंगे। ये परीक्षार्थी 1,651 संबद्ध स्कूलों से हैं और 60 विषयों की परीक्षा देंगे।
9 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं, अप्रैल तक चलेगा शेड्यूल
जारी टाइमटेबल में ICSE और ISC परीक्षाओं (ICSE-ISC Board Exam) की शुरुआत 9 फरवरी 2027 से बताई गई है। ICSE की विषयवार सूची में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भाषाओं और कई व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं शामिल हैं। अंग्रेजी पेपर-1 की परीक्षा 10 फरवरी को, अंग्रेजी पेपर-2 की परीक्षा 15 फरवरी को और गणित की परीक्षा 1 मार्च को निर्धारित की गई है।
इसके अलावा केमिस्ट्री की परीक्षा 24 फरवरी, फिजिक्स की 9 मार्च और बायोलॉजी की परीक्षा 15 मार्च को होगी। इतिहास की परीक्षा 19 मार्च, समाजशास्त्र की 25 मार्च और मनोविज्ञान की परीक्षा 31 मार्च को निर्धारित की गई है। टाइमटेबल में राजनीति विज्ञान, फैशन डिजाइनिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट और लीगल स्टडीज जैसे विषय भी शामिल हैं। नोट के अनुसार, सभी परीक्षाओं की अवधि तीन घंटे होगी।
ISC कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। परीक्षा में देश और विदेश के केंद्रों पर छात्र शामिल होंगे। काउंसिल के मुताबिक, ICSE के लिए कुल 2,835 और ISC के लिए 1,477 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
दोनों परीक्षाओं में उत्तर प्रदेश सबसे आगे
छात्रों की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश दोनों ही परीक्षाओं (ICSE-ISC Board Exam) में पहले स्थान पर है। ICSE कक्षा 10वीं में उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 51,168 छात्र परीक्षा देंगे। इसके बाद पश्चिम बंगाल के 46,521, कर्नाटक के 33,417, महाराष्ट्र के 31,035, पंजाब के 19,308 और झारखंड के 17,201 छात्र शामिल होंगे।
ISC कक्षा 12वीं में भी उत्तर प्रदेश 34,702 छात्रों के साथ शीर्ष पर है। पश्चिम बंगाल से 30,235 छात्र परीक्षा देंगे। इसके अलावा उत्तराखंड से 5,629, पंजाब से 5,479, झारखंड से 5,356, महाराष्ट्र से 4,660, तमिलनाडु से 3,572, केरल से 3,491 और कर्नाटक से 3,010 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।
ICSE परीक्षा के समय में बदलाव की जानकारी
CISCE की ओर से दी गई जानकारी में ICSE परीक्षा (ICSE-ISC Board Exam) के समय को लेकर बदलाव का भी जिक्र किया गया है। इसके मुताबिक, छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए सुबह 10 बजे से समय मिलेगा और उत्तर लिखने का समय सुबह 10:15 बजे से शुरू होगा। पहले प्रश्नपत्र पढ़ने का समय सुबह 10:45 बजे और उत्तर लिखने का समय 11 बजे से होता था। नए समय के अनुसार, छात्रों को सुबह 9:45 बजे तक परीक्षा हॉल या कमरे में पहुंचना होगा।
हालांकि, उपलब्ध विषयवार टाइमटेबल में कई परीक्षाओं का समय दोपहर 2 बजे और कुछ का सुबह 9 बजे दिया गया है। इसलिए छात्रों को अपने विषय की परीक्षा का समय आधिकारिक डेटशीट से जरूर मिलाना चाहिए।
पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराने पर जोर
CISCE ने बोर्ड परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। काउंसिल के मुख्य कार्यकारी और सचिव डॉ. जोसेफ इमैनुएल के मुताबिक, किसी भी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पारदर्शी प्रशासन और मजबूत नियमों पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि काउंसिल का प्रयास है कि प्रत्येक छात्र को अपनी क्षमता और सीख का प्रदर्शन करने के लिए समान और निष्पक्ष अवसर मिले। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध टाइमटेबल के अनुसार अपनी तैयारी और परीक्षा की योजना बना सकते हैं।