New Delhi: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2028 की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर नया नियम स्पष्ट किया है। इसके तहत छात्रों के लिए पांच मुख्य विषयों के साथ छठे विषय के रूप में स्किल सब्जेक्ट का विकल्प रहेगा। खास बात यह है कि अगर कोई छात्र गणित, विज्ञान या सामाजिक विज्ञान में से किसी एक विषय में फेल हो जाता है, लेकिन स्किल सब्जेक्ट में पास है, तो उसके छठे विषय के अंक से उस विषय की भरपाई की जा सकती है। इससे छात्र को बोर्ड परीक्षा में पास होने का मौका मिल सकता है।
CBSE 10th Board Exam 2028: 2028 की बोर्ड परीक्षा में क्या होगा नया?
CBSE की नई व्यवस्था के अनुसार, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में पांच अनिवार्य विषय होंगे। इनमें दो भाषाएं, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान शामिल हैं। इसके अलावा छात्र छठे विषय के तौर पर स्किल सब्जेक्ट चुन सकेंगे।
बोर्ड की योजना का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ना और परीक्षा के दबाव को कम करना है। स्किल विषय में सफल होने पर छात्र को राष्ट्रीय स्तर का प्रमाणपत्र भी मिल सकता है।

एक विषय में फेल होने पर कैसे मिलेगी राहत?
CBSE के नियम के मुताबिक, यदि कोई छात्र गणित, विज्ञान या सामाजिक विज्ञान में से किसी एक विषय में असफल रहता है और छठे विषय के रूप में चुने गए स्किल सब्जेक्ट में पास है, तो स्किल विषय को असफल विषय की जगह शामिल किया जा सकता है। इसके आधार पर कक्षा 10वीं का परिणाम तैयार होगा।
हालांकि, यह सुविधा हर विषय में फेल होने पर लागू नहीं होगी। यह नियम मुख्य रूप से गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में से किसी एक विषय के लिए है। इसलिए छात्रों को पांचों मुख्य विषयों की तैयारी पर भी पूरा ध्यान देना होगा।
ICAI CA Foundation Result 2026: सितंबर सेशन का रिजल्ट इस हफ्ते होगा जारी, ऐसे करें चेक
22 स्किल विषयों में से चुन सकेंगे विकल्प
CBSE ने व्यावसायिक शिक्षा को अनिवार्य पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए रखा है। इसके लिए छात्रों को दो विकल्प दिए गए हैं। वे स्कूल स्तर पर मूल्यांकन वाले ‘कौशल विकास’ विषय को चुन सकते हैं या बोर्ड की ओर से अधिसूचित 22 स्किल विषयों में से किसी एक का चयन कर सकते हैं।
इन विषयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, टूरिज्म, बैंकिंग और इंश्योरेंस जैसे विकल्प शामिल हैं। स्किल विषय की बोर्ड परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
किन छात्रों पर लागू होगा नया नियम?
यह बदलाव उन विद्यार्थियों के लिए है जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में पढ़ रहे हैं और 2027-28 में कक्षा 10वीं में पहुंचेंगे। ये छात्र 2028 में बोर्ड परीक्षा देंगे। फिलहाल कक्षा 10वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
PET/PST Result 2026: जारी हुआ एसएससी सीपीओ एसआई का रिजल्ट, यहां देखें अपना नाम और कटऑफ
पाठ्यक्रम से हटाए गए कुछ विषय
CBSE ने नए पाठ्यक्रम में कुछ बदलाव भी किए हैं। इसके तहत कक्षा 9वीं के सत्र 2026-27 से ‘Individuals in Society’ और CT व AI मॉड्यूल शामिल नहीं होंगे। वहीं, 2027-28 में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए ‘Environmental Education’ पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं होगा।
इस नए नियम से छात्रों को मुख्य विषयों के साथ अपनी रुचि के अनुसार कौशल सीखने का अवसर मिलेगा। हालांकि, स्किल विषय का चुनाव करते समय विद्यार्थियों को यह समझना जरूरी है कि परीक्षा में राहत का विकल्प निर्धारित नियमों और विषयों की शर्तों के अनुसार ही मिलेगा।