Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

BEL Recruitment 2026: 350 पदों पर नौकरी का मौका, 1.40 लाख तक मिलेगी सैलरी

BEL Recruitment 2026
BEL office (IMG: Pinterest)

BEL Recruitment 2026: इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL Recruitment 2026) ने प्रोबेशनरी इंजीनियर के 350 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को नौकरी पाने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को 40,000 रुपये से लेकर 1,40,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 18 नवंबर 2026 तक बीईएल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऐसे में अगर आपने भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है तो आवेदन करने से पहले भर्ती से जुड़ी योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क की पूरी जानकारी जान लीजिए।

BEL Recruitment 2026 में कितने पदों पर होगी भर्ती?

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की ओर से कुल 350 प्रोबेशनरी इंजीनियर पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें प्रोबेशनरी इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स), ई-II ग्रेड के 200 पद शामिल हैं। वहीं, प्रोबेशनरी इंजीनियर (मैकेनिकल), ई-II ग्रेड के लिए 150 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इस तरह इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल दोनों ब्रांच के इंजीनियरिंग ग्रेजुएट युवाओं के पास आवेदन करने का मौका है।

आवेदन की अंतिम तारीख क्या है?

बीईएल की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 18 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए बीईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

कौन कर सकता है आवेदन, क्या होनी चाहिए योग्यता?

प्रोबेशनरी इंजीनियर के पदों के लिए अलग-अलग इंजीनियरिंग ब्रांच के अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स के पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, कम्युनिकेशन या टेलीकम्युनिकेशन में बीई, बीटेक अथवा चार वर्षीय बीएससी इंजीनियरिंग की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, मैकेनिकल इंजीनियर के पद के लिए उम्मीदवार के पास मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई, बीटेक या चार वर्षीय बीएससी इंजीनियरिंग की डिग्री होना अनिवार्य है।

कितनी होनी चाहिए उम्र?

इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?

बीईएल में प्रोबेशनरी इंजीनियर के पदों (BEL Recruitment 2026) पर चयन के लिए कई चरण निर्धारित किए गए हैं। सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी और इसके आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT में शामिल होना होगा। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन की प्रक्रिया में दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।

कितनी मिलेगी सैलरी और कितना देना होगा आवेदन शुल्क?

इस भर्ती (BEL Recruitment 2026) में चयनित उम्मीदवारों को 40,000 रुपये से लेकर 1,40,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी (एनसीएल) श्रेणी के उम्मीदवारों को 1,180 रुपये जमा करने होंगे। वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और ईएसएम श्रेणी के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!