Kendriya Vidyalaya: केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है। अब बच्चों की पढ़ाई, स्कूल में उपस्थिति और शैक्षणिक प्रदर्शन पर नजर रखना पहले से ज्यादा आसान होने जा रहा है। स्कूलों में होने वाली गतिविधियों से लेकर छात्रों की प्रगति तक की जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इतना ही नहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से स्कूलों की कमियों की पहचान भी की जाएगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की तीन प्रमुख डिजिटल पहलों का उद्घाटन किया है। इनमें AI आधारित विद्या समीक्षा केंद्र, केवीएस संवाद पेरेंट कनेक्ट एप और केवीएस एलुमनी कनेक्ट पोर्टल शामिल हैं। इनका मकसद स्कूलों के प्रशासन को तकनीक आधारित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
AI बताएगा स्कूलों में कहां है कमी
Kendriya Vidyalaya संगठन की पहली बड़ी पहल AI आधारित विद्या समीक्षा केंद्र है। इसके जरिए Kendriya Vidyalaya की गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखी जा सकेगी। इस केंद्र में स्कूलों के लिए डिजिटल डैशबोर्ड उपलब्ध होंगे, जिन पर छात्रों और कर्मचारियों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, स्कूल के बुनियादी ढांचे और प्रवेश से जुड़ी जानकारी देखी जा सकेगी।
इस व्यवस्था में ‘समीक्षा’ नाम का AI बॉट भी शामिल किया गया है। यह उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण करके स्कूलों में मौजूद कमियों की पहचान करेगा। साथ ही जरूरी सुधार के सुझाव भी देगा। इससे स्कूल प्रशासन को समस्याओं का पता लगाने और समय पर सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलेगी।
अब मोबाइल पर मिलेगी बच्चों की पढ़ाई की पूरी जानकारी
दूसरी पहल केवीएस संवाद पेरेंट कनेक्ट एप और वेब पोर्टल है। इसके जरिए अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई और स्कूल से जुड़ी जरूरी जानकारी ऑनलाइन हासिल कर सकेंगे। अब बच्चों की उपस्थिति, सिलेबस की प्रगति और शैक्षणिक परिणाम जानने के लिए बार-बार स्कूल जाने की जरूरत कम होगी।
इस एप और पोर्टल पर अभिभावकों को पढ़ाई से जुड़ी सामग्री, डिजिटल स्टूडेंट आईडी कार्ड और छात्र-शिक्षक डायरी देखने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बोनाफाइड और CEA प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। बच्चों की छुट्टी के लिए भी ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा दी गई है। इससे अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच संवाद बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पुराने छात्रों को भी जोड़ेगा KVS एलुमनी पोर्टल
तीसरी डिजिटल पहल केवीएस एलुमनी कनेक्ट पोर्टल है। इसका उद्देश्य केंद्रीय विद्यालयों के पूर्व छात्रों को उनके पुराने स्कूल और सहपाठियों से दोबारा जोड़ना है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए पूर्व छात्र अपनी उपलब्धियां और अनुभव साझा कर सकेंगे।
इसके साथ ही वे मौजूदा विद्यार्थियों को मेंटरशिप और करियर मार्गदर्शन दे सकेंगे। पूर्व छात्रों को केंद्रीय विद्यालयों के विकास में योगदान देने का अवसर भी मिलेगा। इस तरह यह पोर्टल पुराने और मौजूदा विद्यार्थियों के बीच संपर्क का एक डिजिटल माध्यम बनेगा।
स्कूल प्रशासन से लेकर अभिभावकों तक होगा फायदा
Kendriya Vidyalaya संगठन की इन तीनों पहलों से स्कूलों के कामकाज में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा। जहां विद्या समीक्षा केंद्र AI के जरिए स्कूलों की निगरानी और सुधार में मदद करेगा, वहीं पेरेंट कनेक्ट एप अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जानकारी देगा। दूसरी ओर, एलुमनी पोर्टल पूर्व छात्रों को संस्थान से जोड़ेगा। इन पहलों का उद्देश्य केंद्रीय विद्यालयों की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और डिजिटल बनाना है।