Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

Ladakh Medical Admission: अब NEET रैंक ही तय करेगी किसे मिलेगी मेडिकल सीट! MBBS-BDS एडमिशन का नियम बदला

लद्दाख में MBBS और BDS एडमिशन को लेकर बदले नियम (Img: AI Generated Image)

Ladakh Medical Admission: लद्दाख में MBBS और BDS की पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए एडमिशन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। प्रशासन ने केंद्रीय पूल के तहत मिलने वाली मेडिकल सीटों पर दाखिले के नियमों में बदलाव कर दिया है। नई व्यवस्था में अब अलग-अलग कैटेगरी और रोस्टर के आधार पर अलग मेरिट लिस्ट नहीं बनाई जाएगी। सभी योग्य उम्मीदवारों को एक ही मेरिट लिस्ट में शामिल किया जाएगा।

पुरानी व्यवस्था में कई कैटेगरी थीं (Ladakh Medical Admission)

साल 2021 में लागू की गई व्यवस्था के तहत केंद्रीय पूल की मेडिकल सीटों के लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा जाता था। इसमें आरक्षित और अनारक्षित वर्ग के साथ लेह और कारगिल जिले, पुरुष और महिला उम्मीदवारों समेत अन्य निर्धारित श्रेणियां शामिल थीं।

अब प्रशासन ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है। नई गाइडलाइन के मुताबिक उम्मीदवार का जिला, लिंग या आरक्षित-अनारक्षित वर्ग अलग मेरिट तैयार करने का आधार नहीं होगा। सभी योग्य उम्मीदवारों की एक संयुक्त मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी।

NEET रैंक और कॉलेज की पसंद से होगा एडमिशन

नई व्यवस्था में एडमिशन का सबसे अहम आधार उम्मीदवार की NEET मेरिट और रैंक होगी। इसके साथ आवेदन के समय उम्मीदवार ने जिन कॉलेजों को अपनी पसंद के तौर पर चुना है, उन्हें भी सीट आवंटन के दौरान ध्यान में रखा जाएगा।

इसका मतलब है कि केंद्रीय पूल की सीमित MBBS और BDS सीटों के लिए उम्मीदवारों की NEET रैंक और उनकी ओर से दी गई कॉलेज प्राथमिकता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

2026-27 में लद्दाख को मिलीं 9 सीटें (Ladakh Medical Admission)

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए लद्दाख को केंद्रीय पूल के तहत कुल 9 मेडिकल सीटें मिली हैं। इनमें 7 MBBS और 2 BDS सीटें शामिल हैं।

MBBS की एक-एक सीट लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज नई दिल्ली, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज मेरठ, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज दिल्ली, आरएसडीकेएस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर, दुमका मेडिकल कॉलेज झारखंड, एमएलबी मेडिकल कॉलेज झांसी और चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज दुर्ग को मिली है।

वहीं BDS की दो सीटों में एक जी डेंटल कॉलेज लखनऊ और दूसरी गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज इंदौर को आवंटित की गई है।

आवेदन के लिए सिर्फ 7 दिन का समय (Ladakh Medical Admission)

लद्दाख प्रशासन के अनुसार वैध NEET रैंक रखने वाले और केंद्रीय पूल की सीटों के लिए योग्य उम्मीदवारों को आवेदन का मौका दिया जाएगा। आवेदन के लिए 7 दिन का समय मिलेगा।

उम्मीदवारों को लद्दाख के आधिकारिक NIC पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे आवेदन से पहले UT Ladakh की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement