NTA Scorecard 2026: परीक्षा का स्कोरकार्ड किसी छात्र के लिए बेहद जरूरी दस्तावेज होता है। एडमिशन, काउंसलिंग या दूसरे जरूरी कामों में इसकी जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में अगर आपका NTA स्कोरकार्ड खो गया है, चोरी हो गया है या खराब हो चुका है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने ऐसे उम्मीदवारों के लिए डुप्लीकेट स्कोरकार्ड जारी करने की प्रक्रिया बताई है। NTA के नोटिस बोर्ड पर इसके लिए अलग से प्रक्रिया जारी की गई है।
खोने या चोरी होने पर देना होगा पुलिस रिकॉर्ड
NTA के अनुसार, अगर मूल स्कोरकार्ड खो गया है या चोरी हो गया है, तो उम्मीदवार को FIR, DDR, NCR या पुलिस में दर्ज Lost Article Report की कॉपी आवेदन के साथ देनी होगी। यानी सिर्फ यह बताने से काम नहीं चलेगा कि स्कोरकार्ड नहीं मिल रहा है।
अगर स्कोरकार्ड विदेश में खोया है, तो संबंधित भारतीय दूतावास या कांसुलेट की ओर से जारी प्रमाण भी स्वीकार किया जा सकता है। इसके अलावा उम्मीदवार को दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र की सेल्फ-अटेस्टेड कॉपी देनी होगी।
स्कोरकार्ड फट गया या खराब हो गया तो क्या करें?
अगर मूल स्कोरकार्ड (NTA Scorecard) क्षतिग्रस्त या म्यूटिलेटेड हो गया है, तो स्थिति थोड़ी अलग होगी। ऐसे उम्मीदवारों को आवेदन के साथ अपना खराब हुआ मूल स्कोरकार्ड जमा करना होगा। इस मामले में FIR या DDR की जरूरत नहीं होगी।
NTA जरूरत पड़ने पर पुराने स्कोरकार्ड के मामले में अखबार में नुकसान की सूचना प्रकाशित करवाकर उसकी कटिंग भी मांग सकता है। इसलिए आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही तरीके से तैयार रखना जरूरी होगा।
अभी ऑनलाइन पोर्टल शुरू नहीं हुआ तो ऐसे भेजें आवेदन
NTA ने बताया है कि निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल शुरू होने तक उम्मीदवार आवेदन और जरूरी दस्तावेज पोस्ट के जरिए भेज सकते हैं। आवेदन Director (Examinations), National Testing Agency, 5th Floor, Government of India Press Building, Minto Road, New Delhi-110002 के पते पर भेजना होगा।
इसके अलावा सभी जरूरी दस्तावेजों को एक PDF फाइल में स्कैन करके ईमेल किया जा सकता है। हालांकि ईमेल भेजने के बाद दस्तावेजों की हार्ड कॉपी 15 दिनों के भीतर पोस्ट से भेजनी होगी।
कितनी देनी होगी फीस? (NTA Scorecard)
डुप्लीकेट स्कोरकार्ड की फीस रिजल्ट जारी होने के बाद बीते समय के हिसाब से तय की गई है। रिजल्ट जारी होने के बाद डुप्लीकेट स्कोरकार्ड की प्रोसेसिंग फीस उसकी अवधि के हिसाब से तय की गई है। अगर रिजल्ट को 5 साल तक हुए हैं तो 1,500 रुपये फीस देनी होगी। 5 साल से ज्यादा और 10 साल तक की अवधि होने पर 2,000 रुपये, जबकि 10 साल से ज्यादा और 20 साल तक पुराने रिजल्ट के लिए 2,500 रुपये प्रोसेसिंग फीस लगेगी। इसके अलावा Speed Post के लिए ₹200 और भारत के बाहर डिलीवरी के लिए International Courier पर 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
15 कार्य दिवस में जारी होगा स्कोरकार्ड
NTA के मुताबिक पूरा आवेदन, जरूरी दस्तावेज और निर्धारित फीस मिलने के बाद डुप्लीकेट स्कोरकार्ड 15 कार्य दिवस के भीतर जारी किया जाएगा। अगर आवेदन अधूरा है या कोई दस्तावेज गायब है, तो NTA 10 कार्य दिवस के भीतर इसकी जानकारी दे सकता है। सुधार के बाद आवेदन मिलने पर 15 कार्य दिवस की अवधि फिर शुरू होगी।
डुप्लीकेट स्कोरकार्ड उम्मीदवार के दिए गए पते पर भेजा जाएगा। इसके साथ ही इसकी डिजिटल कॉपी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भी भेजी जाएगी।
डुप्लीकेट स्कोरकार्ड में क्या-क्या होगा?
डुप्लीकेट स्कोरकार्ड NTA के मूल परीक्षा रिकॉर्ड से सत्यापित होगा। इसमें उम्मीदवार का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, परीक्षा का नाम और वर्ष, एप्लीकेशन या रजिस्ट्रेशन नंबर, रोल नंबर और जहां लागू हो वहां विषयवार अंक, परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक जैसी जानकारी शामिल होगी।
इसके अलावा स्कोरकार्ड में डिजिटल सिग्नेचर, यूनिक वेरिफिकेशन आईडी और ऑनलाइन वेरिफिकेशन के लिए QR कोड भी दिया जाएगा। यानी दस्तावेज खो जाने के बाद भी उम्मीदवार के पास आधिकारिक रिकॉर्ड के आधार पर नया स्कोरकार्ड पाने का रास्ता मौजूद रहेगा।








