MP Police Recruitment: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुलिस विभाग से जुड़ी भर्ती का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) के पदों पर भर्ती को लेकर शॉर्ट नोटिस जारी किया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया इसी महीने शुरू होने जा रही है।
24 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन (MP Police Recruitment)
MPESB के कार्यक्रम के मुताबिक इच्छुक उम्मीदवार 24 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन में जरूरी सुधार करने का मौका भी दिया जाएगा।
फॉर्म में करेक्शन की सुविधा 13 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। वहीं, भर्ती के पहले चरण की लिखित परीक्षा 3 नवंबर 2026 से शुरू होने की जानकारी दी गई है। फिलहाल मंडल ने शॉर्ट नोटिस जारी किया है। भर्ती की योग्यता, उम्र सीमा, पदों की संख्या और अन्य जरूरी शर्तों से जुड़ी विस्तृत जानकारी डिटेल नोटिफिकेशन में दी जाएगी। ऐसे में उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
आवेदन शुल्क भी जान लें (MP Police Recruitment)
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, SC, ST और अन्य निर्धारित आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है।
विभागीय परीक्षा में शामिल होने वाले अनारक्षित अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 200 रुपये, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये बताया गया है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार शुल्क की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।
परीक्षा केंद्र पर आधार सत्यापन होगा
इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए आधार से जुड़ी प्रक्रिया काफी महत्वपूर्ण है। परीक्षा केंद्र पर आधार आधारित मल्टीपल बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को अपना आधार पंजीकरण और उससे जुड़ी जानकारी पहले से तैयार रखनी होगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र पर मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर जाना अनिवार्य होगा। उम्मीदवार वोटर आईडी, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से निर्धारित पहचान पत्र ले जा सकते हैं। ई-आधार तभी मान्य होगा, जब वह UIDAI से सत्यापित हो। पहचान पत्र नहीं होने की स्थिति में परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जा सकता है।
आधार नंबर और VID की जानकारी भी रखें साथ
सिर्फ पहचान पत्र ही नहीं, उम्मीदवारों को आधार से जुड़ी जानकारी भी अपने पास रखनी होगी। आधार कार्ड, ई-आधार, आधार की फोटो कॉपी, आधार नंबर या आधार VID जैसी जानकारी परीक्षा प्रक्रिया में काम आ सकती है। प्रवेश के समय और परीक्षा के दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा सकता है।
देर से पहुंचे तो नहीं मिलेगा प्रवेश
उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड में दिए गए रिपोर्टिंग समय का खास ध्यान रखना होगा। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, सनग्लास और नकल सामग्री सहित प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना मना रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल जरूरी सामान लेकर ही केंद्र पर पहुंचना चाहिए।
एडमिट कार्ड और आवेदन क्रमांक संभालकर रखें
ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद मिलने वाले रजिस्ट्रेशन नंबर को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। इसी के जरिए आगे प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में मदद मिलेगी।
परीक्षा के दिन उम्मीदवार को मंडल की वेबसाइट से डाउनलोड किया हुआ एडमिट कार्ड और बॉल प्वाइंट पेन साथ लेकर जाना होगा। परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थी को परीक्षा खत्म होने तक कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।








