RRB Paramedical Recruitment 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए काम की खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की पैरामेडिकल भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। इस भर्ती के जरिए पैरामेडिकल स्टाफ के कुल 590 पदों को भरा जाएगा। योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
15 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
RRB Paramedical Recruitment 2026 के तहत आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 14 अक्टूबर 2026 तय की गई है, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 16 अक्टूबर 2026 है। ऐसे में उम्मीदवारों को अंतिम दिनों का इंतजार करने के बजाय समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी जाती है।
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती में अलग-अलग पैरामेडिकल पद शामिल हैं। सबसे ज्यादा 365 पद नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के हैं। इसके अलावा फार्मासिस्ट के 118, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर ग्रेड II के 43, लैब असिस्टेंट ग्रेड II के 31 और रेडियोग्राफर एक्स-रे टेक्नीशियन के 25 पद हैं।
डायलिसिस टेक्नीशियन और ऑडियोलॉजिस्ट एंड स्पीच थेरेपिस्ट के 1-1 पद, ईसीजी टेक्नीशियन के 4 और ऑप्टोमेट्रिस्ट के 2 पद भी भर्ती में शामिल हैं।
योग्यता क्या होनी चाहिए? (RRB Paramedical Recruitment 2026)
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपने पद की योग्यता और आयु सीमा जरूर जांचनी चाहिए।
अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग निर्धारित की गई है। संबंधित पद के अनुसार उम्मीदवार के पास BSc, Diploma, GNM, D.Pharm, DMLT या अन्य मान्य योग्यता होनी चाहिए। आयु सीमा भी पद के हिसाब से अलग है। कुछ पदों के लिए न्यूनतम उम्र 18 वर्ष रखी गई है, जबकि अधिकतम आयु 30, 33, 35 या 40 वर्ष तक है।
कितनी देनी होगी फीस?
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है। वहीं एससी, एसटी, पीएच और महिला उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। खास बात यह है कि स्टेज-1 परीक्षा के बाद फीस वापसी का प्रावधान भी रखा गया है। जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 400 रुपये वापस किए जाएंगे, जबकि एससी, एसटी, पीएच और महिला उम्मीदवारों को पूरी फीस वापस मिलेगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले RRB के आवेदन पोर्टल पर जाएं। इसके बाद Apply विकल्प चुनकर जरूरी जानकारी के साथ अकाउंट बनाएं। फिर आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित शुल्क जमा करें। आवेदन पूरा होने पर फॉर्म का प्रिंटआउट या उसकी डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें।








