Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

GDS Recruitment 2026: 10वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, न परीक्षा होगी न इंटरव्यू! इस तारीख से पहले कर दें आवेदन

GDS Recruitment 2026
युवाओं के लिए इंडिया पोस्ट में नौकरी (Img: AI Generated Image)

GDS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए इंडिया पोस्ट की ओर से अच्छी खबर है। ग्रामीण डाक सेवक यानी GDS के हजारों पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। खास बात यह है कि इस भर्ती में उम्मीदवारों को चयन के लिए लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। ऐसे में अगर आप भी बिना परीक्षा सरकारी नौकरी पाने का मौका तलाश रहे हैं, तो आवेदन की आखिरी तारीख जरूर ध्यान में रखें।

23 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती

इंडिया पोस्ट की ग्रामीण डाक सेवक भर्ती के तहत कुल 23,757 रिक्त पदों को भरा जाना है। देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों में होने वाली इस भर्ती के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है और इच्छुक अभ्यर्थियों को 21 सितंबर 2026 तक अपना फॉर्म जमा करना होगा।

भर्ती में बड़ी संख्या में पद होने के कारण सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अपने संबंधित पद और क्षेत्र की पात्रता शर्तों को ध्यान से देख लेना चाहिए।

10वीं पास होना जरूरी, उम्र की भी शर्त

GDS भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं या मैट्रिक पास होना आवश्यक है। इसके साथ ही 10वीं कक्षा में गणित और अंग्रेजी विषय होना तथा इनमें पासिंग मार्क्स प्राप्त करना जरूरी है।

उम्र की बात करें तो आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में सरकारी नियमों के अनुसार छूट का लाभ दिया जाएगा।

मेरिट से होगा चयन, नहीं देनी होगी परीक्षा

इस भर्ती की सबसे खास बात इसका चयन प्रक्रिया है। GDS पदों के लिए उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा इंटरव्यू भी आयोजित नहीं किया जाएगा।

उम्मीदवारों का चयन 10वीं के अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। मेरिट में स्थान मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यानी परीक्षा की तैयारी किए बिना भी पात्र उम्मीदवार इस भर्ती में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं।

घर बैठे ऐसे करें आवेदन (GDS Recruitment 2026)

इंडिया पोस्ट GDS भर्ती (GDS Recruitment 2026) के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके लिए उम्मीदवार को सबसे पहले इंडिया पोस्ट की आधिकारिक GDS वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद भर्ती से संबंधित रजिस्ट्रेशन या आवेदन लिंक पर जाकर New Candidate Registration के विकल्प से पंजीकरण करना होगा।

रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षिक जानकारी भरनी होगी। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करके फॉर्म सबमिट करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद भविष्य के लिए इसकी कॉपी सुरक्षित रखना बेहतर रहेगा।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस भर्ती के लिए सभी वर्गों के उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार वेतन दिया जाएगा। BPM पद पर नियुक्त उम्मीदवारों को 12,000 रुपये से लेकर 29,380 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिल सकता है। वहीं ABPM और Dak Sevak पदों के लिए वेतन 10,000 रुपये से 24,470 रुपये प्रतिमाह तक बताया गया है।

21 सितंबर से पहले करें आवेदन

अगर आप 10वीं पास हैं और सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आवेदन की अंतिम तारीख निकलने का इंतजार न करें। 21 सितंबर 2026 के बाद आवेदन का मौका समाप्त हो सकता है। फॉर्म भरने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में अपनी पात्रता और अन्य जरूरी शर्तों की जांच जरूर कर लें।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement