Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

Bihar Board: आज से खुला परीक्षा फॉर्म, 16 सितंबर के बाद नहीं मिलेगा मौका! देखें जरूरी तारीखें

आज से खुला बिहार बोर्ड परीक्षा फॉर्म (Img: AI Generated Image)

Bihar Board: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 को लेकर परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख घोषित कर दी है। 10वीं और 12वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 25 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को 16 सितंबर 2026 तक अपने स्कूल या कॉलेज के माध्यम से फॉर्म भरना होगा।

खास बात यह है कि विद्यार्थी खुद से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म नहीं भरेंगे। आवेदन की पूरी प्रक्रिया संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधान के जरिए पूरी होगी। इसलिए आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय छात्रों को समय रहते अपने स्कूल से संपर्क करना होगा।

स्कूल के जरिए ही जमा होगा फॉर्म (Bihar Board)

बिहार बोर्ड के निर्देश के मुताबिक इंटरमीडिएट परीक्षा फॉर्म के लिए intermediate.biharboardonline.com और मैट्रिक परीक्षा के लिए exam.biharboardonline.org का इस्तेमाल स्कूल प्रमुख करेंगे।

स्कूल के प्रधान वेबसाइट से परीक्षा फॉर्म डाउनलोड कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएंगे। छात्रों को फॉर्म की दो प्रतियां भरनी होंगी। एक कॉपी स्कूल में जमा होगी, जबकि दूसरी कॉपी पर प्रधान के हस्ताक्षर, मुहर और तारीख के बाद उसे विद्यार्थी को वापस दिया जाएगा।

एक छोटी गलती भी पड़ सकती है भारी (Bihar Board)

फॉर्म भरते समय छात्रों को अपनी जानकारी बेहद ध्यान से जांचनी होगी। नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, जाति और चुने गए विषय समेत सभी विवरण प्रमाण पत्र में दर्ज जानकारी से मिलाने होंगे।

अगर किसी जानकारी में गलती दिखाई देती है, तो आवेदन की तय अवधि के दौरान स्कूल के प्रधान के जरिए उसमें सुधार कराया जा सकता है। बोर्ड ने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देना भी अनिवार्य किया है। एक विद्यार्थी के लिए एक मोबाइल नंबर और एक ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया जाएगा।

फोटो और सिग्नेचर को लेकर भी नियम (Bihar Board)

परीक्षा फॉर्म के साथ लगने वाली फोटो के लिए भी बोर्ड ने खास मानक तय किए हैं। रंगीन फोटो 35 एमएम × 30 एमएम की होनी चाहिए और जेपीजी/जेपीईजी फॉर्मेट में 50 से 100 केबी के बीच होनी चाहिए। फोटो का बैकग्राउंड सफेद या हल्का हरा होना चाहिए।

वहीं सिग्नेचर की फाइल 10 से 20 केबी की और निर्धारित आकार 3.5 सेंटीमीटर × 1 सेंटीमीटर रखा गया है। हस्ताक्षर सफेद कागज पर नीली या काली स्याही से होना चाहिए।

इंटर की फीस कितनी है? (Bihar Board)

इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए नियमित आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स विद्यार्थियों की परीक्षा फीस 1430 रुपये रखी गई है। स्वतंत्र परीक्षार्थियों के लिए यह फीस 1770 रुपये है, जबकि क्वालीफाइंग विद्यार्थियों के लिए 2110 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

व्यावसायिक पाठ्यक्रम के नियमित विद्यार्थियों को 1830 रुपये और स्वतंत्र विद्यार्थियों को 2170 रुपये जमा करने होंगे।

16 सितंबर है आखिरी मौका (Bihar Board)

बिहार बोर्ड ने साफ किया है कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए फॉर्म और फीस जमा करने की समय सीमा 25 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक है। छात्रों को इस अवधि के भीतर स्कूल के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement