Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

MCD Recruitment 2026: दिल्ली में नौकरी का मौका, आवेदन के लिए नहीं लगेगी फीस; 2500 सफाई कर्मचारियों की होगी भर्ती

MCD Recruitment 2026
दिल्ली नगर निगम में बिना फीस मिलेगी नौकरी (Img: AI Generta)

MCD Recruitment 2026: दिल्ली में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने सफाई कर्मचारियों के 2500 पदों पर भर्ती करने का ऐलान किया है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए कोई फीस नहीं देनी होगी। यानी बिना किसी आवेदन शुल्क के नौकरी पाने का मौका मिलेगा। हालांकि, इस भर्ती में कुछ जरूरी शर्तें भी रखी गई हैं, जिन्हें पूरा करना उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य होगा।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने 27 नवंबर को निगम सदन की बैठक से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस भर्ती की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निगम लंबे समय बाद दैनिक वेतन के आधार पर 2500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने जा रहा है। इसके लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।

2500 पदों पर होगी भर्ती (MCD Recruitment 2026)

इस भर्ती को लेकर उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी बात समझना भी आवश्यक है। एमसीडी की ओर से की जा रही यह नियुक्ति स्थाई सरकारी नौकरी के तौर पर नहीं होगी। इन कर्मचारियों को एवजी यानी वैकल्पिक कर्मचारी के रूप में रखा जाएगा। दरअसल, निगम के नियमित सफाई कर्मचारी जब छुट्टी पर रहेंगे, तब इनकी जगह नए कर्मचारियों को काम पर लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य दिल्ली में सफाई व्यवस्था को लगातार बनाए रखना है। फिलहाल एमसीडी में करीब 57 हजार नियमित और संविदा कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके बावजूद कई इलाकों में सफाई कर्मचारियों की कमी की शिकायतें सामने आती रही हैं।

ये भी पढ़ें- AEES Recruitment 2026: शिक्षक भर्ती के लिए आज आखिरी मौका, 254 पदों पर आवेदन की अंतिम तारीख खत्म, ऐसे भरें फॉर्म

कौन कर सकता है आवेदन? जानें योग्यता और उम्र (MCD Recruitment 2026)

एमसीडी ने इस भर्ती के लिए कुछ जरूरी योग्यताएं तय की हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 18 से 35 साल के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। आवेदक के पास आधार कार्ड होना चाहिए और उसे पिछले कम से कम पांच वर्षों से दिल्ली में रहने का प्रमाण भी देना होगा। एक और खास शर्त यह है कि उम्मीदवार उसी जोन के लिए आवेदन कर सकेंगे, जहां वे खुद रहते हैं। यानी दूसरे जोन में रहने वाले उम्मीदवार वहां के पदों के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे।

भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारी एक नजर में (MCD Recruitment 2026)

MCD Recruitment 2026
भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारी एक नजर में (Img: AI Generated)

ऐसे होगा उम्मीदवारों का चयन (MCD Recruitment 2026)

इस भर्ती में चयन की प्रक्रिया भी अलग तरीके से पूरी की जाएगी। प्रत्येक जोन में उपायुक्त स्तर के अधिकारी की निगरानी में तीन अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी। पहली टीम उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त करेगी, दूसरी टीम दस्तावेजों और आवेदनों की जांच करेगी, जबकि तीसरी टीम स्वास्थ्य जांच और शारीरिक परीक्षण कराएगी।

शारीरिक परीक्षण में उम्मीदवारों की फिटनेस के साथ उनके काम करने की क्षमता भी देखी जाएगी। इसमें झाड़ू लगाने और नालियों की सफाई जैसे काम शामिल होंगे। यानी उम्मीदवारों को केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि काम से जुड़ी शारीरिक क्षमता भी दिखानी होगी।

ये भी पढ़ें- Northern Railway Recruitment 2026: बिना लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के रेलवे में नौकरी का मौका, 4651 पदों पर आवेदन शुरू

कर्मचारियों के लिए भी महापौर ने किए बड़े ऐलान (MCD Recruitment 2026)

सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती के अलावा एमसीडी ने अपने पुराने कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए भी कुछ फैसले लिए हैं। निगम ने 1 अप्रैल 2004 से अनुकंपा के आधार पर नियुक्त 177 कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही दिवंगत एमसीडी कर्मचारियों के 65 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर मल्टी टास्किंग स्टाफ (इंजीनियर) के पदों पर नियुक्त करने की मंजूरी भी दी गई है।

आवेदन करने से पहले विज्ञापन का करें इंतजार (MCD Recruitment 2026)

फिलहाल इस भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी होना बाकी है। ऐसे में आवेदन की तारीख, फॉर्म भरने की प्रक्रिया और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी विज्ञापन आने के बाद ही स्पष्ट होगी। इच्छुक उम्मीदवार एमसीडी की आधिकारिक वेबसाइट mcdonline.nic.in पर नजर बनाए रखें।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!