नई दिल्ली: देश के युवाओं में इंजीनियर बनने का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। इंजीनियरिंग की प्रमुख प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2027 (JEE Main 2027) के जनवरी सेशन ने आवेदन के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 13.96 लाख से अधिक छात्र आवेदन और फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। इस बार आवेदकों की संख्या ने पिछले साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। खास बात यह है कि आवेदन का मौका अभी खत्म नहीं हुआ है। छात्र आज यानी 26 नवंबर तक लेट फीस के साथ आवेदन कर सकते हैं।
15.69 लाख छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन
एनटीए के आंकड़ों के अनुसार, जेईई मेन 2027 (JEE Main 2027) के जनवरी सेशन के लिए अब तक कुल 15.69 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 13,96,007 छात्र फीस जमा करके आवेदन प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। जनवरी 2026 सेशन में 13.55 लाख छात्रों ने आवेदन किया था। ऐसे में पिछले साल के मुकाबले इस बार करीब 41 हजार अधिक आवेदन आ चुके हैं।
भारतीय उद्योगों के लिए सकारात्मक संकेत
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के मुताबिक, इंजीनियरिंग की पढ़ाई के प्रति छात्रों का बढ़ता रुझान (JEE Main 2027) भारतीय उद्योगों के लिए सकारात्मक संकेत है। देश में ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए कुशल इंजीनियरों की जरूरत है। ऐसे में जेईई मेन के आवेदकों की बढ़ती संख्या उत्साहजनक है।
पिछले चार वर्षों में कितने छात्रों ने किया आवेदन?
जेईई मेन के जनवरी सेशन में पिछले चार वर्षों के दौरान आवेदकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है।
| जनवरी सेशन | कुल आवेदन | परीक्षा में शामिल छात्र |
|---|---|---|
| 2024 | 12.21 लाख | 11.70 लाख |
| 2025 | 13.11 लाख | 12.58 लाख |
| 2026 | 13.55 लाख | 13.04 लाख |
| 2027 | 13.96 लाख | परीक्षा के बाद पता चलेगा |
14 लाख के पार पहुंच सकता है आंकड़ा
जेईई मेन 2027 (JEE Main 2027) के जनवरी सेशन के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदकों की संख्या 14 लाख के पार पहुंच सकती है। पिछले चार वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के प्रति छात्रों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।
आज आवेदन करने का आखिरी मौका
जिन छात्रों ने अभी तक जेईई मेन 2027 (JEE Main 2027) के लिए आवेदन नहीं किया है, उनके पास आज यानी 26 नवंबर 2026 तक का मौका है। हालांकि, आवेदन करने के लिए निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त 500 रुपये लेट फीस देनी होगी। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।