Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

BHU Convocation 2026: इस दिन 14 हजार छात्रों को मिलेगी उपाधि, 900 को PhD

BHU Convocation 2026
BHU Convocation 2026

BHU Convocation 2026: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के 106वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हजारों विद्यार्थियों के लिए खुशियों का खास मौका होगा। पांच संस्थानों, 15 संकायों, दक्षिणी परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के 14 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं को स्नातक और स्नातकोत्तर की उपाधियां दी जाएंगी। वहीं, करीब 900 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री मिलेगी। समारोह में मेधावियों पर भी खास नजर रहेगी। विश्वविद्यालय स्तर पर 550 से ज्यादा पुरस्कार और मेडल वितरित किए जाएंगे, जबकि मुख्य समारोह में 30 टॉपरों को कुल 34 मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

12 दिसंबर को होगा मुख्य दीक्षांत समारोह

बीएचयू का मुख्य दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर के अलग-अलग सभागारों में संकायों और संबद्ध महाविद्यालयों के उपाधि वितरण कार्यक्रम होंगे। पूरा आयोजन तीन दिनों तक चलेगा।

मुख्य समारोह स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित होगा। यहां 30 टॉपरों को कुल 34 मेडल प्रदान किए जाएंगे। इनमें बीएचयू मेडल और चांसलर मेडल भी शामिल हैं। इस वर्ष मेडल तालिका में कुछ नए पुरस्कार और एंडाउमेंट मेडल भी जोड़े जाएंगे। विश्वविद्यालय स्तर पर 550 से अधिक पुरस्कार और मेडल वितरित करने की तैयारी है।

14 हजार से ज्यादा डिग्रियां, 900 पीएचडी भी शामिल

इस वर्ष पांच संस्थानों, 15 संकायों, दक्षिणी परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के 14 हजार से अधिक विद्यार्थियों को स्नातक और स्नातकोत्तर की उपाधियां दी जाएंगी। इसके साथ ही लगभग 900 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।

परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से अंतिम वर्ष के सफल छात्र-छात्राओं की सूची तैयार की जा रही है। इसके लिए सभी विभागों और संकाय कार्यालयों से थ्योरी, प्रैक्टिकल और इंटर्नशिप के अंतिम अंक जुटाए जा रहे हैं। विद्यार्थियों का सीजीपीए भी तैयार किया जा रहा है।

मेधावियों की सूची पर अंतिम मुहर का इंतजार

विश्वविद्यालय के कई विभागों में शोध कार्य से जुड़ी अंतिम सूची तैयार होना अभी बाकी है। सभी विभागों से जानकारी मिलने के बाद मेधावियों और सफल विद्यार्थियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद इसे एकेडमिक काउंसिल के सामने रखा जाएगा। काउंसिल की स्वीकृति मिलने के बाद आगे के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

परीक्षा नियंता अवधेश कुमार ने बताया कि मेधावियों के अंतिम परिणाम और अंकपत्र तैयार करने का काम जारी है। तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएंगी और तय तारीख पर दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा।

मुख्य अतिथि के नाम पर अभी संशय

इस बार दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। मुख्य दीक्षांत संबोधन के लिए राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और एक केंद्रीय मंत्री से संपर्क किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल उनकी स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। मुख्य अतिथि के नाम पर अंतिम फैसला होने के बाद इसकी जानकारी सामने आ सकती है।

सहिष्णुता और बहुसंस्कृतिवाद पर हुआ विशेष व्याख्यान

दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस पर सोमवार को बीएचयू के अंतर-सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र की ओर से विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसका विषय ‘सहिष्णुता, सहानुभूतिपूर्ण कल्पना और एकीकृत मानविकी’ था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी रहे। उन्होंने बीएचयू को वैश्विक स्तर पर ले जाने के विजन पर जोर दिया। कुलपति ने कहा कि इस तरह के व्याख्यान छात्रों और शिक्षकों को सहिष्णुता तथा बहुसंस्कृतिवाद की नई समझ देंगे।

उन्होंने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि पांचवीं शताब्दी में नालंदा एक सच्चा विश्वविद्यालय था, जहां पूरे एशिया से दस हजार विद्यार्थी पढ़ने आते थे। आज अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आकर्षित करने के लिए हमें अपनी इसी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस अवसर पर हैदराबाद विश्वविद्यालय के प्रो. प्रमोद नायर मुख्य वक्ता रहे। वहीं, प्रो. वासुमति बद्रीनाथन ने विभिन्न संस्कृतियों के बीच सार्थक संवाद और शोध को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!