Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

UP Teachers: यूपी के इन सैकड़ों शिक्षकों की मौज, जल्द बैंक खाते में आएगी मोटी रकम

UP Teachers
UP Teachers (Image: Pinterest)
UP Teachers: उत्तर प्रदेश के एडेड माध्यमिक स्कूलों में नौकरी कर रहे करीब 1100 तदर्थ शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। जिन शिक्षकों को तीन साल पहले नौकरी से हटाकर मानदेय पर काम करने के लिए मजबूर कर दिया गया था, अब उन्हें फिर से नियमित शिक्षकों के बराबर वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इतना ही नहीं, नौ नवंबर 2023 से उनकी सेवा की निरंतरता भी बरकरार रखी जाएगी। इससे पिछले तीन वर्षों के बकाया वेतन का रास्ता भी खुल सकता है। हालांकि, इसके लिए शिक्षकों को किए गए वास्तविक कार्य का सत्यापन कराना होगा। अपर मुख्य सचिव, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने के निर्देश जारी किए हैं।

बर्खास्तगी के बाद मानदेय पर कर दिया गया था काम

दरअसल, एडेड माध्यमिक स्कूलों में तदर्थ शिक्षकों की नियुक्ति और सेवा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 26 अगस्त 2020 को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आधार पर कुछ शिक्षकों को उनकी सेवाओं के अनुसार भारांक देते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की परीक्षा में शामिल किया गया और उन्हें मौलिक नियुक्ति प्रदान की गई थी।

इसके बाद शेष बचे तदर्थ शिक्षक, जिनमें वर्ष 2000 से पहले और वर्ष 2000 के बाद नियुक्त हुए शिक्षक शामिल थे, उनकी सेवाएं नौ नवंबर 2023 को समाप्त कर दी गईं। इस फैसले का शिक्षकों ने विरोध किया था। उनका आरोप था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या करके उनकी सेवाएं समाप्त की गई हैं। इसके विरोध में माध्यमिक शिक्षा विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन भी किया गया।

25 से 30 हजार रुपये तक मिल रहा था मानदेय

विरोध और विवाद के बीच आठ जुलाई 2024 को सरकार ने इन तदर्थ शिक्षकों को मानदेय पर रखने का निर्णय लिया। इसके तहत एलटी ग्रेड के शिक्षकों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह और प्रवक्ताओं (लेक्चरर) को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाने लगा।

इस व्यवस्था के चलते शिक्षकों को पहले मिलने वाले नियमित वेतन के मुकाबले काफी कम राशि मिल रही थी। अब हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जारी शासनादेश से उन्हें फिर से पहले की तरह पूरा वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इससे उनकी मासिक आय मौजूदा मानदेय के मुकाबले दोगुने से भी अधिक हो सकती है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ शासनादेश

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में मनोज कुमार सिंह व अन्य तथा 189 संबद्ध रिट याचिकाओं पर 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शासनादेश जारी किया गया है।

इसके तहत एडेड माध्यमिक स्कूलों में नियमित शिक्षकों की नई भर्ती होने तक तदर्थ शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षकों के बराबर वेतन दिया जाएगा। उनकी सेवा की निरंतरता नौ नवंबर 2023 से मानी जाएगी। इससे पिछले तीन वर्षों के वेतन के बकाये का भुगतान मिलने की संभावना भी बन गई है।

नियमित शिक्षक आते ही समाप्त हो जाएगी सेवा

हालांकि, इस राहत के साथ कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। तदर्थ शिक्षकों को वेतन का भुगतान केवल उनके वास्तविक कार्य के आधार पर किया जाएगा। उनके काम का सत्यापन करने की पूरी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को दी गई है।

इन शिक्षकों की सेवा की निरंतरता उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से नियमित शिक्षकों के चयन तक ही रहेगी। जैसे ही चयनित नियमित शिक्षक संबंधित स्कूलों में कार्यभार संभालेंगे, तदर्थ शिक्षकों की सेवाएं स्वतः समाप्त मानी जाएंगी। इसके अलावा तदर्थ शिक्षकों की इस सेवा अवधि को पेंशन के लिए अर्हकारी सेवा के रूप में नहीं गिना जाएगा।

शिक्षक संगठनों ने जताई खुशी

प्रदेश में फिलहाल करीब 1100 तदर्थ शिक्षक इस व्यवस्था के दायरे में हैं। शासनादेश के बाद इन शिक्षकों को पहले की तरह वेतन मिलने की उम्मीद जगी है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक तदर्थ शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने इसे शिक्षकों के लिए बड़ी राहत बताया है। वहीं, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा ने इस फैसले के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग का आभार जताया है।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!