Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

Delhi School Admission 2027: बच्चे का स्कूल में कराना है दाखिला? बदल गया ये नियम

Delhi School Admission 2027
Delhi School Admission 2027

Delhi School Admission 2027: दिल्ली के निजी स्कूलों में अपने बच्चों का दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के लिए जरूरी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, लोअर केजी, अपर केजी और कक्षा-1 में दाखिले की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। अभिभावक 28 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस बार एडमिशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। नए शैक्षणिक सत्र से लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग प्रवेश कक्षाओं के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की उम्र को लेकर भी नया एज स्ट्रक्चर लागू होगा।

दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, बदली हुई व्यवस्था के तहत फाउंडेशनल स्टेज में तीन से छह साल तक के बच्चों के लिए अलग-अलग कक्षाओं में दाखिले का प्रावधान किया गया है। ऐसे में अभिभावकों को आवेदन करने से पहले बच्चे की उम्र और संबंधित कक्षा के लिए निर्धारित पात्रता की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए।

नर्सरी से अपर KG तक उम्र का नया नियम

नए नियमों के मुताबिक, 31 मार्च 2027 तक नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र कम से कम तीन साल और चार साल से कम होनी चाहिए। लोअर केजी में आवेदन करने वाले बच्चों की उम्र कम से कम चार साल और पांच साल से कम निर्धारित की गई है। वहीं, अपर केजी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र कम से कम पांच साल और छह साल से कम होनी चाहिए।

इस बदलाव के तहत लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग एंट्री-लेवल क्लास के तौर पर शुरू किया जाएगा। इससे फाउंडेशनल स्टेज की कक्षाओं का ढांचा नए सिरे से व्यवस्थित होगा। अभिभावकों के लिए यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब दाखिले के लिए कक्षा के हिसाब से उम्र की पात्रता अलग-अलग होगी।

पुराने विद्यार्थियों के लिए क्या होगा नियम?

सत्र 2026-27 में नर्सरी में दाखिला लेने वाले बच्चों को अगले सत्र में लोअर केजी में प्रमोट किया जाएगा। हालांकि, निर्धारित उम्र संबंधी पात्रता पूरी करने वाले बच्चों को लोअर केजी में नए दाखिले की अनुमति भी दी जाएगी।

वहीं, 2026-27 के दौरान मौजूदा व्यवस्था के तहत KG में पढ़ रहे विद्यार्थी अगले शैक्षणिक सत्र में सीधे कक्षा-1 में प्रमोट होंगे। यानी नए प्रवेश नियमों के साथ पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों की कक्षाओं में भी बदलाव को लेकर स्पष्ट व्यवस्था की गई है।

आवेदन के लिए सिर्फ 25 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस

स्कूलों को आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख तक अभिभावकों को आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराने होंगे। इसके लिए स्कूल अधिकतम 25 रुपये नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस ले सकेंगे। वहीं, प्रॉस्पेक्टस खरीदना पूरी तरह वैकल्पिक रखा गया है। यानी अभिभावकों पर प्रॉस्पेक्टस खरीदने की अनिवार्यता नहीं होगी।

एडमिशन पॉइंट्स और लॉटरी का पूरा शेड्यूल

दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों को दाखिले के लिए निष्पक्ष, उचित और पारदर्शी मानदंड अपनाने के निर्देश दिए हैं। स्कूल ऐसे मानदंड लागू नहीं कर सकेंगे, जिन्हें विभाग पहले ही प्रतिबंधित कर चुका है। इनमें माता-पिता की शैक्षणिक योग्यता, पेशा, लिंग, धूम्रपान नहीं करने की आदत, शाकाहारी होना और इंटरव्यू आधारित चयन जैसे मानदंड शामिल हैं।

PTI के मुताबिक, आवेदकों को दिए गए अंकों की जानकारी 4 जनवरी 2027 को अपलोड की जाएगी। अभिभावक 5 से 11 जनवरी तक अपने बच्चों को मिले अंकों पर सवाल या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 12 जनवरी को अंतिम अंक सार्वजनिक किए जाएंगे।

यदि उपलब्ध सीटों से अधिक बच्चों को समान अंक मिलते हैं, तो स्कूलों को लॉटरी के जरिए चयन करना होगा। यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से अभिभावकों और शिक्षा निदेशालय के नामित प्रतिनिधि की मौजूदगी में कराई जाएगी। लॉटरी की वीडियोग्राफी भी अनिवार्य होगी। स्कूलों को ड्रॉ से कम से कम पांच दिन पहले अभिभावकों को इसकी सूचना देनी होगी। इसके अलावा शुरुआती ट्रायल रन भी अभिभावकों और विभाग के प्रतिनिधि की मौजूदगी में कराना होगा।

दाखिला प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला स्तर पर मॉनिटरिंग सेल बनाए जाएंगे। ये सेल स्कूलों के एडमिशन क्राइटेरिया की जांच करेंगे, नियमों के पालन पर नजर रखेंगे और अभिभावकों की शिकायतों का समाधान करेंगे। साथ ही विभागीय पोर्टल पर आवेदनकर्ताओं की जानकारी, अंक और दाखिला सूची अपलोड किए जाने की भी निगरानी की जाएगी।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!