UP Board Exam 2027: उत्तर प्रदेश में यूपी बोर्ड की 10वीं की परीक्षा (UP Board Exam 2027) देने जा रहे छात्रों के लिए गणित की तैयारी को आसान बनाने की नई पहल की जा रही है। अक्सर जिन सवालों और अध्यायों को लेकर छात्र परेशान रहते हैं, अब उन्हें समझने के लिए खास शैक्षणिक वीडियो तैयार किए गए हैं।
कठिन टॉपिक समझाने के लिए वीडियो तैयार (UP Board Exam 2027)
दरअसल, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की पहल पर राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान ने हाईस्कूल के छात्रों के लिए गणित के 15 महत्वपूर्ण विषयों पर वीडियो तैयार किए हैं। इन वीडियो को ‘टफ टॉपिक, ईजी ट्रिक्स’ के तहत बनाया गया है, ताकि कठिन गणितीय अवधारणाओं को आसान भाषा, छोटे तरीकों और उदाहरणों के जरिए समझाया जा सके।
इन वीडियो में सिर्फ फॉर्मूला याद कराने पर जोर नहीं दिया गया है, बल्कि सवालों को हल करने की प्रक्रिया और उनके पीछे की अवधारणाओं को भी सरल तरीके से समझाने का प्रयास किया गया है। इससे उन छात्रों को मदद मिल सकती है जिन्हें गणित के कुछ अध्याय समझने में ज्यादा समय लगता है।
ये भी पढ़ें- SSC JE Answer Key 2026: जेई पेपर-1 की आंसर की, यहां से डाउनलोड करें रिस्पॉन्स शीट
इन अध्यायों पर विशेष फोकस (UP Board Exam 2027)
वीडियो में दो चरों वाले रैखिक समीकरणों को अनुपात और आलेखीय विधि से हल करने के तरीके शामिल हैं। इसके अलावा द्विघात समीकरणों में विविक्तकर की मदद से मूलों की प्रकृति जानना और नाव की गति व ट्रेन की गति से जुड़े व्यावहारिक सवालों को भी समझाया गया है।
समांतर श्रेणी के महत्वपूर्ण सूत्र, समरूप त्रिभुजों का नामकरण, समरूपता की कसौटियां और मूल समानुपातिकता प्रमेय जैसे विषय भी इन वीडियो का हिस्सा हैं। छात्रों को वृत्त से जुड़े प्रमेयों, स्पर्श रेखा और त्रिज्या के संबंध और बाहरी बिंदु से खींची गई स्पर्श रेखाओं की लंबाई समझने में भी मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें- ONGC Vacancy Last Date: 3,047 पदों पर भर्ती का मौका आज होगा खत्म, रजिस्ट्रेशन से पहले जान लें योग्यता और उम्र
कई विषय इसमें शामिल (UP Board Exam 2027)
गणित के दूसरे अहम विषयों को भी इस पहल में शामिल किया गया है। त्रिकोणमितीय सर्वसमिकाओं को आसान ट्रिक्स से समझाने के साथ-साथ ऊंचाई और दूरी से जुड़े सवालों पर भी फोकस किया गया है। ठोस आकृतियों के पृष्ठीय क्षेत्रफल और आयतन में संयुक्त आकृतियों से जुड़े सवालों को समझाया जाएगा।
वहीं, समूहबद्ध आंकड़ों की माध्यिका निकालने की प्रक्रिया भी वीडियो के जरिए बताई जाएगी। ऐसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिनमें छात्रों को अक्सर सूत्रों और गणना के बीच उलझन होती है।
शिक्षकों और अभिभावकों को भी दिए गए निर्देश (UP Board Exam 2027)
अपर मुख्य सचिव ने शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों को इन वीडियो को स्वयं देखने और अधिक से अधिक छात्रों, शिक्षकों तथा अभिभावकों के साथ साझा करने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को इन वीडियो की मदद से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।