Job Switching: एक समय था जब किसी प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी मिलना एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी। लोग अक्सर सालों तक एक ही संस्था से जुड़े रहते थे और अपना पूरा करियर, प्रमोशन से लेकर रिटायरमेंट तक उसी एक जगह पर बिताने की कल्पना करते थे। लेकिन आज, काम का स्वरूप और नई पीढ़ी की सोच, दोनों बदल गए हैं।
सिर्फ वेतन पाना नहीं है नौकरी का मतलब (Job Switching)
‘जेन Z’ (Gen Z) यानी नई पीढ़ी, के लिए नौकरी का मतलब सिर्फ महीने के अंत में वेतन पाना नहीं रह गया है। अब वह ऐसा माहौल चाहते हैं जहां उन्हें सीखने और पेशेवर विकास (professional growth) के भरपूर अवसर मिलें और जहां वह एक संतोषजनक जीवन भी जी सकें। युवा पेशेवर एक ही भूमिका (role) में 2-3 साल से अधिक समय तक रहना पसंद नहीं करते।
दरअसल, 80 से अधिक उद्योगों के 23,000 से अधिक पेशेवरों पर किए गए एक सर्वे से पता चला कि एक-तिहाई से अधिक कर्मचारी एक ही नौकरी में 2 से 3 साल से ज्यादा समय तक नहीं टिकना चाहते। ऐसे में यह बात साफ है कि आज के युवाओं के लिए नौकरी बदलना कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है। अब जैसे ही उन्हें कोई बेहतर अवसर मिलता है, वे आगे बढ़ने के लिए तैयार रहते हैं।
वेतन से अधिक अहमियत नई स्किल्स सीखने को (Job Switching)
‘जेन Z’ के लिए नौकरी बदलने का मुख्य कारण सिर्फ ज्यादा पैसे कमाना नहीं है। बल्कि सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि 57% युवा पेशेवरों के लिए करियर में आगे बढ़ने का मतलब नई स्किल्स सीखना है। वहीं, 21% लोग विकास को वेतन में बढ़ोतरी से जोड़कर देखते हैं और लगभग 12% लोग प्रमोशन को प्राथमिकता देते हैं।
निजी जीवन से कोई समझौता नहीं करना चाहते (Job Switching)
गौरतलब है कि आज की पीढ़ी के लिए ‘वर्क-लाइफ बैलेंस’ (काम और निजी जीवन के बीच संतुलन) बहुत मायने रखता है। सर्वे में शामिल 50% लोगों ने नौकरी चुनते समय इसे एक अहम कारक बताया। युवा नहीं चाहते कि उनकी पेशेवर जिम्मेदारियां उनके पूरे जीवन पर हावी हो जाएं। उनके लिए परिवार, दोस्तों और खुद के लिए समय निकालना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
ये भी पढ़ें- AIBE 22 Admit Card: 29 नवंबर को होगी एआईबीई 22 की परीक्षा, डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
क्या बार-बार नौकरी बदलना करियर के लिए अच्छा है? (Job Switching)
हालांकि, हर कुछ महीनों में नौकरी छोड़ देना हमेशा एक समझदारी भरा फैसला नहीं होता। किसी नई कंपनी को चुनने से पहले, वहां के काम के माहौल, सीखने के मौकों, वेतन और भविष्य की संभावनाओं पर विचार करना आवश्यक है।