Noida: दिल्ली-एनसीआर में जहरीली होती हवा और लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बच्चों की सेहत को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने का आदेश जारी किया गया है। अब अभिभावकों के पास विकल्प होगा कि वे बच्चों को स्कूल भेजें या घर पर रखकर ऑनलाइन क्लास के जरिए उनकी पढ़ाई जारी रखें। हालांकि, इस आदेश का मतलब स्कूलों को पूरी तरह बंद करना नहीं है। स्कूल परिसर खुले रहेंगे और जो अभिभावक अपने बच्चों को ऑफलाइन पढ़ाई के लिए भेजना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं। यानी अब छोटे बच्चों की पढ़ाई स्कूल और घर, दोनों माध्यमों से जारी रह सकेगी।
GRAP-3 लागू होने के बाद प्रशासन का फैसला
गौतम बुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 (GRAP-3) लागू किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है।आधिकारिक निर्देशों में दिल्ली (NCT), गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए तत्काल प्रभाव से हाइब्रिड मोड में कक्षाएं संचालित करने को कहा गया है। जिन स्कूलों के पास ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था उपलब्ध है, उन्हें ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन माध्यम से भी कक्षाएं चलानी होंगी। इस व्यवस्था के तहत अभिभावक अपनी सुविधा और बच्चों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह तय कर सकेंगे कि उन्हें स्कूल भेजना है या घर से ऑनलाइन पढ़ाई करवानी है। इससे छोटे बच्चों को प्रदूषण के बीच स्कूल आने-जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
स्कूल बंद नहीं, अभिभावकों के पास रहेगा विकल्प
प्रशासन के आदेश के बाद अभिभावकों के मन में यह सवाल भी है कि क्या नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं? फिलहाल ऐसा नहीं है। स्कूलों को पूरी तरह बंद करने का आदेश नहीं दिया गया है। स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी और ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिन अभिभावकों को लगता है कि प्रदूषण के मौजूदा हालात में बच्चों को घर पर रखना बेहतर है, वे ऑनलाइन क्लास का विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, स्कूल भेजने के इच्छुक अभिभावक बच्चों को परिसर में भेज सकेंगे।