Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

MBBS College: दिल्ली में पढ़ाई का मिलेगा नया विकल्प, सरकारी अस्पताल में खुलने जा रहा मेडिकल कॉलेज

प्रतीकात्मक छवि (Source Internet)

नई दिल्ली: दिल्ली में MBBS और मेडिकल की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी के पश्चिमी दिल्ली स्थित रघुबीर नगर में गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल को मेडिकल कॉलेज (MBBS College) के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना के तहत यहां MBBS की 150 और पोस्टग्रेजुएट (PG) की 40 सीटें शुरू करने का प्रस्ताव है। यानी मेडिकल की पढ़ाई के लिए कुल 190 सीटें उपलब्ध कराने की तैयारी है। खास बात यह है कि इस परियोजना में केवल मेडिकल कॉलेज ही नहीं बनेगा, बल्कि अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं का भी बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा। इसके तहत 850 बेड का नया जनरल अस्पताल भी तैयार किया जाएगा।

MBBS की 150 और PG की 40 सीटें होंगी

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल परिसर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज (MBBS College) में MBBS की 150 सीटें और पोस्टग्रेजुएट पाठ्यक्रमों की 40 सीटें होंगी। मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार विकसित किया जाएगा।

कॉलेज में पढ़ाई और प्रशिक्षण की व्यवस्था के लिए कुल 204 शिक्षण पदों का प्रस्ताव रखा गया है। इनमें 19 प्रोफेसर, 50 एसोसिएट प्रोफेसर और 55 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल होंगे। इनके अलावा 32 ट्यूटर और डेमोंस्ट्रेटर तथा 58 सीनियर रेजिडेंट के पद भी प्रस्तावित हैं।

इन पदों पर नियुक्तियों के जरिए मेडिकल छात्रों को कक्षा में पढ़ाई के साथ अस्पताल में व्यावहारिक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। मेडिकल कॉलेज का निर्माण अस्पताल के करीब 13 एकड़ में फैले परिसर में किया जाना प्रस्तावित है।

850 बेड का नया जनरल अस्पताल भी बनेगा

इस परियोजना की एक बड़ी खासियत 850 बेड का नया जनरल अस्पताल है। योजना के तहत मौजूदा गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल की सुविधाओं को भी विस्तारित किया जाएगा। इससे मरीजों के इलाज के लिए बिस्तरों की संख्या और अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी।

सरकार की योजना है कि मेडिकल कॉलेज शुरू करने से पहले मौजूदा अस्पताल और नए अस्पताल (MBBS College) की OPD और IPD सेवाओं को पूरी तरह चालू किया जाए। इसका उद्देश्य मेडिकल शिक्षा के लिए जरूरी अस्पताल संबंधी सुविधाएं और मरीजों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

तीन चरणों में पूरी होगी परियोजना, दिसंबर 2028 की डेडलाइन

गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में विकसित (MBBS College) करने की पूरी परियोजना तीन चरणों में पूरी करने का प्रस्ताव है। पहले चरण में मौजूदा अस्पताल की स्वीकृत क्षमता को पूरी तरह चालू किया जाएगा। दूसरे चरण में 850 बेड का नया जनरल अस्पताल शुरू किया जाएगा। इसके बाद तीसरे चरण में मेडिकल कॉलेज तैयार कर उसे शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के सामने अधिकारियों ने इस परियोजना का प्रेजेंटेशन दिया है। इसमें मेडिकल कॉलेज के निर्माण और शुरुआत के लिए दिसंबर 2028 की समयसीमा तय की गई है।

सरकार का मानना है कि इस परियोजना से दिल्ली में मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, अस्पताल की क्षमता और सुविधाओं में विस्तार होने से आम लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। हालांकि, MBBS और PG की सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया और शैक्षणिक सत्र की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!