Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

अग्निवीरों को 2 साल का एक्सटेंशन, अब 6 साल तक मिलेगी सेवा का मौका! जानिए कितनी बढ़ेगी सैलरी

प्रतीकात्मक छवि

New Delhi: केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों को बड़ी राहत दी है। 4 नवंबर 2026 को केंद्रीय कैबिनेट ने अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि (Agniveer Extensions) को मंजूरी दे दी। इस फैसले के बाद शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने वाले उन 75 प्रतिशत अग्निवीरों को भी सेना में दो साल और काम करने का अवसर मिलेगा, जिन्हें पहले सेवा से बाहर होना था। वहीं, इस फैसले के साथ अग्निवीरों की सैलरी और सेवा निधि पैकेज को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। आइए जानते हैं कि अग्निवीरों को शुरुआती चार साल में कितनी सैलरी मिलती है और अतिरिक्त दो साल में उनकी कमाई कितनी हो सकती है।

अग्निवीरों को कैसे मिलेगा 2 साल का एक्सटेंशन?

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने 4 नवंबर को कैबिनेट के फैसले की जानकारी दी। इसके मुताबिक, अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा (Agniveer Extensions) पूरी करने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों को पहले की व्यवस्था के अनुसार मेरिट के आधार पर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा। वहीं, बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प दिया जाएगा।

इस अतिरिक्त अवधि के बाद अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में सेना में शामिल होने का एक और अवसर मिलेगा। हालांकि, इसके लिए उनकी इच्छा और निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करना जरूरी होगा। यानी अब अग्निवीरों के पास चार साल के बाद भी सेना में अपनी सेवा जारी रखने का अवसर होगा।

सरकार के मुताबिक, अतिरिक्त दो साल की सेवा अवधि में अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक पारिश्रमिक, बेहतर सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभ भी दिए जाएंगे। यह फैसला अग्निवीरों के प्रदर्शन के मूल्यांकन और सशस्त्र बलों से मिले फीडबैक के आधार पर लिया गया है।

पहले चार साल में कितनी मिलती है अग्निवीरों को सैलरी?

अग्निपथ योजना के मौजूदा वेतन ढांचे के अनुसार अग्निवीरों को पहले साल 30,000 रुपये का मासिक पैकेज (Agniveer Extensions) दिया जाता है। इसमें से 70 प्रतिशत यानी 21,000 रुपये इन-हैंड सैलरी के रूप में मिलते हैं, जबकि 9,000 रुपये सेवा निधि फंड में जमा होते हैं।

दूसरे साल मासिक पैकेज बढ़कर 33,000 रुपये हो जाता है। इसमें 23,100 रुपये इन-हैंड सैलरी और 9,900 रुपये सेवा निधि में जमा किए जाते हैं। तीसरे साल अग्निवीरों का मासिक पैकेज 36,500 रुपये होता है। इसमें 25,550 रुपये इन-हैंड और 10,950 रुपये सेवा निधि में जाते हैं।

वहीं, चौथे साल मासिक पैकेज 40,000 रुपये हो जाता है। इस दौरान 28,000 रुपये इन-हैंड सैलरी मिलती है और 12,000 रुपये सेवा निधि में जमा होते हैं। इसके अलावा पात्रता और तैनाती के अनुसार अग्निवीरों को रिस्क और हार्डशिप अलाउंस जैसे अतिरिक्त भत्ते भी मिल सकते हैं।

छह साल में कितनी हो सकती है अग्निवीरों की कमाई?

सरकार ने अतिरिक्त दो साल के लिए पहले से अधिक पारिश्रमिक (Agniveer Extensions) देने की बात कही है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पांचवें साल में अग्निवीरों का मासिक पैकेज लगभग 43,500 रुपये और छठे साल में करीब 47,500 रुपये हो सकता है। हालांकि, इन दोनों वर्षों के लिए विस्तृत आधिकारिक वेतन संरचना और इन-हैंड सैलरी का पूरा ब्योरा अलग से जारी होना बाकी है।

इसका मतलब है कि अतिरिक्त दो साल की सेवा से अग्निवीरों को न सिर्फ ज्यादा समय तक नौकरी करने का मौका मिलेगा, बल्कि उनकी कुल कमाई और सेवा निधि में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

चार साल बाद कितना मिलता है सेवा निधि पैकेज?

अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को सेवा (Agniveer Extensions) निधि पैकेज दिया जाता है। इस दौरान जवान के वेतन से कुल मिलाकर लगभग 5.02 लाख रुपये का योगदान जमा होता है। इतनी ही राशि केंद्र सरकार की ओर से भी जोड़ी जाती है। इस तरह दोनों का कुल मूल योगदान लगभग 10.04 लाख रुपये होता है।

इस राशि पर मिलने वाले ब्याज को जोड़ने के बाद सेवा निधि पैकेज लगभग 11.71 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। यह राशि चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीर को टैक्स फ्री पैकेज के रूप में मिलती है।

अब दो साल के अतिरिक्त सेवा विकल्प के बाद अग्निवीरों के सेवा निधि पैकेज में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। हालांकि, नई व्यवस्था के तहत छह साल की सेवा पूरी करने पर मिलने वाली अंतिम राशि का सटीक आंकड़ा आधिकारिक वेतन और सेवा निधि संबंधी दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!