Anthropic Jobs 2026: AI के दौर में जहां कंटेंट राइटिंग से लेकर भाषण और ईमेल तक लिखने के लिए मशीनों का इस्तेमाल बढ़ रहा है, वहीं AI बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक एक अनुभवी लेखक की तलाश कर रही है। इस पद के लिए सालाना 3.45 लाख डॉलर तक की सैलरी तय की गई है। लेकिन इस नौकरी की खास बात सिर्फ मोटी सैलरी नहीं है। उम्मीदवार को कंपनी के बड़े अधिकारियों के लिए ऐसे संदेश तैयार करने होंगे, जिनका असर लाखों लोगों तक पहुंच सकता है।
AI बनाने वाली कंपनी को क्यों चाहिए इंसानी लेखक?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में एंथ्रोपिक एक जाना-पहचाना नाम है। कंपनी ने Claude AI बनाया है, जिसका इस्तेमाल लिखने, जानकारी समझने, कोडिंग और कई दूसरे कामों में किया जाता है। अब यही कंपनी अपने वरिष्ठ अधिकारियों की बात लोगों तक पहुंचाने के लिए एक अनुभवी Executive Communications Writer की भर्ती कर रही है।
यह नौकरी सामान्य कंटेंट राइटिंग से काफी अलग है। यहां केवल अच्छे शब्द लिखना काफी नहीं होगा। उम्मीदवार को यह भी समझना होगा कि किसी मुद्दे पर कंपनी को क्या कहना चाहिए, किस तरह कहना चाहिए और उसके शब्दों का लोगों पर क्या असर पड़ सकता है।
ये भी पढे़ं- Microsoft छोड़ने के मिल रहे 11 लाख, इंजीनियर के सामने बड़ा सवाल- नौकरी छोड़ें या नहीं?
कितनी मिलेगी सैलरी? (Anthropic Jobs 2026)
कंपनी की आधिकारिक जॉब लिस्टिंग के मुताबिक, इस पद के लिए सालाना सैलरी 2,95,000 डॉलर से 3,45,000 डॉलर तक है। भारतीय रुपये में यह रकम विनिमय दर के हिसाब से लगभग 2.5 करोड़ से 3 करोड़ रुपये सालाना के आसपास बैठ सकती है। इस हिसाब से अधिकतम बेस सैलरी करीब 25 लाख रुपये प्रति महीने के बराबर हो सकती है। हालांकि, यह केवल सालाना रकम को 12 महीनों में बांटकर निकाला गया अनुमान है। वास्तविक मासिक भुगतान, टैक्स और दूसरी कटौतियां अलग हो सकती हैं। कंपनी की ओर से इक्विटी जैसे अतिरिक्त लाभ भी मिल सकते हैं, जिनकी शर्तें अलग होंगी।
कौन कर सकता है अप्लाई? (Anthropic Jobs 2026)
इस पद के लिए फ्रेशर्स को नहीं, बल्कि अनुभवी प्रोफेशनल्स को प्राथमिकता दी जा रही है। कंपनी ने उच्च स्तर के एग्जीक्यूटिव कम्युनिकेशन के क्षेत्र में कम से कम आठ साल के अनुभव को अहम योग्यता बताया है। ऐसे उम्मीदवारों को फायदा मिल सकता है, जिन्होंने बड़ी कंपनियों के अधिकारियों के लिए भाषण, सार्वजनिक बयान, लेख या दूसरी महत्वपूर्ण सामग्री तैयार की हो। लेखन के साथ रणनीतिक सोच, अच्छे फैसले लेने की क्षमता और तेजी से बदलती परिस्थितियों में काम करने का अनुभव भी जरूरी है।
पत्रकारिता से जुड़े लोग भी अपनी योग्यता देख सकते हैं, खासकर अगर उन्होंने तकनीक, कारोबार या AI जैसे विषयों पर काम किया है। हालांकि, सिर्फ आठ साल का अनुभव होने से चयन की गारंटी नहीं मिलती। उम्मीदवार को नौकरी की बाकी शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
कहां मिलेगी नौकरी? (Anthropic Jobs 2026)
एंथ्रोपिक ने इस पद के लिए अमेरिका के दो शहरों का उल्लेख किया है- सैन फ्रांसिस्को और न्यूयॉर्क सिटी। कंपनी की हाइब्रिड वर्क पॉलिसी के तहत कर्मचारियों को आम तौर पर कम से कम 25 प्रतिशत समय कार्यालय में काम करना होता है। कुछ पदों पर कार्यालय में मौजूदगी की जरूरत इससे अधिक भी हो सकती है। कंपनी वीजा स्पॉन्सरशिप भी देती है, लेकिन हर उम्मीदवार के मामले में इसकी गारंटी नहीं है। भारत से आवेदन करने वालों को लोकेशन, वर्क ऑथराइजेशन और दूसरी शर्तें ध्यान से पढ़नी चाहिए।
क्या-क्या काम करना होगा? (Anthropic Jobs 2026)
चयनित उम्मीदवार को कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए भाषण, बड़े कार्यक्रमों के संबोधन, सार्वजनिक बयान और विचार लेख तैयार करने होंगे। इसके अलावा, उसे कंपनी की रिसर्च और AI से जुड़े जटिल विषयों को ऐसी भाषा में समझाना होगा, जिसे आम लोग भी आसानी से समझ सकें।
ये भी पढे़ं- Goa Shipyard Recruitment: गोवा शिपयार्ड में निकली ढेरों नौकरी, इस तिथि तक करें आवेदन
किसी विवाद, बड़ी घोषणा या अचानक सामने आई खबर के समय भी इस पद की भूमिका अहम होगी। ऐसे मौकों पर कंपनी का संदेश सही, स्पष्ट और जिम्मेदार होना जरूरी है। उम्मीदवार को केवल लिखना ही नहीं, बल्कि अधिकारियों को यह सलाह भी देनी होगी कि किस मुद्दे पर किस तरह बात रखनी बेहतर होगी।
जब AI लिख सकता है, तो लेखक की इतनी जरूरत क्यों? (Anthropic Jobs 2026)
यही इस नौकरी का सबसे दिलचस्प पहलू है। AI कुछ ही सेकंड में भाषण या लेख का शुरुआती मसौदा तैयार कर सकता है, लेकिन हर परिस्थिति में सही संदेश चुनना अलग काम है। किसी बयान का संदर्भ, उसकी संवेदनशीलता और अलग-अलग लोगों पर उसका असर समझना भी जरूरी है।