Comscore Analytics
Section-Specific Split Button

DMRC Recruitment 2026: दिल्ली मेट्रो में 73 पदों पर भर्ती! 2.08 लाख तक सैलरी, लेकिन आवेदन से पहले जान लें ये जरूरी शर्तें

दिल्ली मेट्रो में निकली नौकरी (Img: AI Generated)

DMRC Recruitment 2026: दिल्ली मेट्रो में काम करने का मौका तलाश रहे अनुभवी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने अलग-अलग विभागों में 73 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों पर सैलरी 2.08 लाख रुपये तक बताई गई है। हालांकि, इस भर्ती में हर कोई आवेदन नहीं कर सकता। आवेदन करने से पहले योग्यता, उम्र और नौकरी से जुड़ी शर्तों को समझना जरूरी है।

दिल्ली मेट्रो में किन पदों पर होगी भर्ती?

DMRC के जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, वास्तुकला, सिविल एवं ट्रैक, सिग्नलिंग एवं दूरसंचार और पर्यावरण विभागों में भर्ती की जाएगी। इसमें सुपरवाइजर, इंजीनियर, सीनियर इंजीनियर समेत अलग-अलग पद शामिल हैं। ये नियुक्तियां जयपुर फेज-2 और दिल्ली-एनसीआर से जुड़े कार्यों के लिए प्रतिनियुक्ति और सेवानिवृत्ति के बाद संविदात्मक नियुक्ति के आधार पर की जाएंगी। यानी यह भर्ती मुख्य रूप से उन लोगों के लिए है, जिन्हें संबंधित क्षेत्र में काम करने का अनुभव है।

4 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 4 नवंबर 2026 तय की गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर डाक या ईमेल के जरिए अपना आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद का विज्ञापन ध्यान से पढ़ना चाहिए। पद के अनुसार अनुभव, वर्तमान वेतन और अन्य शर्तें पूरी करना जरूरी है। अधूरी जानकारी या जरूरी दस्तावेजों की कमी से आवेदन में परेशानी हो सकती है।

फ्रेशर्स के लिए नहीं है यह भर्ती

इस भर्ती की सबसे अहम बात यह है कि इसमें नए उम्मीदवारों के लिए सामान्य फ्रेशर भर्ती जैसा मौका नहीं दिया गया है। पात्रता मुख्य रूप से उम्मीदवार के अनुभव, मौजूदा वेतन और संबंधित विभाग में काम करने की पृष्ठभूमि के आधार पर तय होगी। उम्मीदवार वर्तमान में किसी सरकारी संगठन, भारतीय रेलवे, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) या मेट्रो संगठन में कार्यरत होना चाहिए या संबंधित शर्तों के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारी होना चाहिए।

आवेदन में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की जानकारी भी देनी होगी। पात्रता की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। इसलिए आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपने पद की शर्तें जरूर जांच लें।

कितनी होनी चाहिए उम्र?

प्रतिनियुक्ति के आधार पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 55 वर्ष होनी चाहिए। वहीं, सेवानिवृत्ति के बाद संविदात्मक नियुक्ति के लिए उम्मीदवार की उम्र 55 से 62 वर्ष के बीच होनी चाहिए। दोनों श्रेणियों में उम्र की गणना 1 अक्टूबर 2026 के अनुसार होगी। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले अपनी उम्र और संबंधित श्रेणी की पात्रता का मिलान कर लेना चाहिए।

कितने साल की होगी नौकरी?

नोटिफिकेशन के मुताबिक, प्रतिनियुक्ति पर नियुक्ति की सामान्य अवधि पांच साल होगी। विशेष परिस्थितियों में इसे सात साल तक बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, यह अवधि कर्मचारी की निर्धारित सेवानिवृत्ति आयु से आगे नहीं जा सकती, यदि वह पहले पूरी हो जाती है।

इंटरव्यू से होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। सेवानिवृत्ति के बाद संविदात्मक नियुक्ति के लिए व्यक्तिगत इंटरव्यू के साथ मेडिकल फिटनेस जांच भी होगी। इसलिए पात्र उम्मीदवारों को अपने अनुभव और नौकरी से जुड़े दस्तावेज तैयार रखने चाहिए।

DMRC भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन?

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार DMRC की आधिकारिक वेबसाइट delhimetrorail.com पर जाएं और विज्ञापन संख्या DMRC/PERS/22/HR/2026 (235) देखें। इसके बाद संबंधित पद और विभाग की शर्तें पढ़कर आवेदन फॉर्म डाउनलोड करें। फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, वर्तमान नौकरी, वेतन और अनुभव का विवरण भरें। जरूरी दस्तावेज संलग्न करने के बाद आवेदन निर्धारित पते पर स्पीड पोस्ट से भेजें। आवेदन की स्कैन कॉपी और दस्तावेज ईमेल के जरिए career@dmrc.org.in पर भी भेजे जा सकते हैं।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!