Lucknow: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप C भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2759 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क बेहद कम रखा गया है।
UPSSSC में विभिन्न वर्गों के लिए तय किए गए पद
UPSSSC द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप C के कुल 2759 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सबसे ज्यादा 1692 पद सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी ईडब्ल्यूएस के लिए 275 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी के लिए 573 पद, अनुसूचित जाति यानी एससी वर्ग के लिए 213 पद और अनुसूचित जनजाति यानी एसटी वर्ग के लिए 6 पद आरक्षित किए गए हैं।
यह भर्ती उत्तर प्रदेश के विभिन्न विभागों में की जाएगी और चयनित उम्मीदवारों को तकनीकी कार्यों से जुड़े पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
आवेदन के लिए जरूरी योग्यता
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में शैक्षणिक योग्यता होना अनिवार्य है। आयोग के अनुसार उम्मीदवार के पास बीएससी एग्रीकल्चर, हॉर्टिकल्चर, फॉरेस्ट्री, होम साइंस, कम्युनिटी साइंस या एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग में बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए।
इसके साथ ही उम्मीदवार के पास UPSSSC PET 2025 का वैध स्कोर कार्ड होना भी जरूरी है। बिना PET स्कोर वाले उम्मीदवार इस भर्ती प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर सकेंगे।
आयु सीमा और आरक्षण का लाभ
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ दिया जाएगा।
सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क सिर्फ 25 रुपये
UPSSSC टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप C भर्ती 2026 में आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए समान रखा गया है। सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए केवल 25 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
उम्मीदवार आवेदन शुल्क का भुगतान SBI I Collect या ई-चालान के माध्यम से कर सकते हैं। कम शुल्क होने की वजह से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के आवेदन करने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्य परीक्षा के आधार पर होगा चयन
इस भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों का चयन मुख्य परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। आयोग द्वारा PET 2025 स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन और मेरिट के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को PET रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।
फॉर्म भरने के बाद उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की जांच जरूर कर लें। अंतिम रूप से जमा किए गए आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी होगा।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती बड़ा मौका मानी जा रही है। हजारों पदों पर होने वाली इस भर्ती में तकनीकी और कृषि क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवारों को रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। अगर आप इन पदों में आवेदन करने के लिए इच्छुक है तो फटाफट आवेदन कर लें क्योंकि Yuva Dynamite का उद्देश्य आपको समय पर सही और सटीक जानकारी पहुंचाना है ताकि आप किसी भी अवसर से न चूकें और हमेशा सफल रहे