नई दिल्ली: सरकारी संस्थान में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर सामने आया है। दरअसल इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत काम करने वाली संस्था सोसाइटी फॉर एप्लाइड माइक्रोवेव इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एंड रिसर्च (SAMEER) ने कई पदों पर भर्ती निकाली है। इनके माध्यम से मुंबई, नवी मुंबई और कोलकाता केंद्रों में कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
पदों की संख्या
इस भर्ती के माध्यम से मुंबई, नवी मुंबई और कोलकाता केंद्रों में कुल 169 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
आवेदन की अंतिम तारीख
आवेदक 15 नवंबर 2026 तक पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
इनमें वैज्ञानिक, इंजीनियर, तकनीकी सहायक और प्रशासनिक पद शामिल हैं। सभी नियुक्तियां संविदा आधार पर होंगी। शुरुआती अवधि दो वर्ष या परियोजना की अवधि, जो भी पहले समाप्त हो, निर्धारित की गई है।
शैक्षणिक योग्यता
उम्मीदवारों के पास संबंधित पद के अनुसार मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय, बोर्ड या संस्थान से निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। सामान्य रूप से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए जरूरी है।
चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया पद के प्रकार के अनुसार अलग-अलग होगी। चयन के प्रमुख चरण इस प्रकार हैं:
शैक्षणिक योग्यता के आधार पर छंटनी: संबंधित डिग्री, डिप्लोमा या आईटीआई में कम से कम 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।
लिखित परीक्षा: जिन पदों के लिए निर्धारित है, उनके लिए कंप्यूटर आधारित या ऑफलाइन परीक्षा होगी। अगले चरण के लिए विचार किए जाने हेतु कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी है।
ऑनलाइन साक्षात्कार: लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर रिक्तियों की तुलना में 1:6 या उससे अधिक अनुपात में उम्मीदवार बुलाए जा सकते हैं।
व्यक्तिगत साक्षात्कार या कौशल परीक्षा: अंतिम चरण में रिक्तियों की तुलना में 1:3 या उससे अधिक अनुपात में उम्मीदवार बुलाए जा सकते हैं।
अंतिम चयन व्यक्तिगत साक्षात्कार और/या कौशल परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
समीर भर्ती पोर्टल पर जाएं
सक्रिय ईमेल और मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें
व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव का विवरण भरें
फोटो, हस्ताक्षर, जन्मतिथि प्रमाण, अंकपत्र और आवश्यक श्रेणी प्रमाणपत्र अपलोड करें
आवेदन में सभी जानकारियां ठीक से चेक कर लें
निर्धारित शुल्क जमा करके अंतिम रूप से आवेदन जमा करें
आवेदन पत्र की पीडीएफ डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रखें