New Delhi: रेलवे में सरकारी नौकरी करने का सपने देखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। सेक्शन कंट्रोलर के 119 पदों पर भर्ती के लिए रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। 15 जुलाई 2026 से इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। 14 अगस्त 2026 आवेदन की अंतिम तिथि है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
RRB Section Controller Recruitment 2026: ग्रेजुएट उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। वहीं, ओबीसी वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष, एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष तथा अन्य आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।
फॉर्म में गलती होने पर मिलेगा सुधार का मौका
रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन फॉर्म में सुधार का भी अवसर दिया है। यदि आवेदन करते समय किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है तो अभ्यर्थी 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक करेक्शन विंडो के माध्यम से अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे।
जानिए आवेदन करने का आसान तरीका
आवेदन करने के लिए सबसे पहले उम्मीदवारों को rrbapply.gov.in वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “Create an Account” विकल्प पर क्लिक कर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी आवश्यक जानकारी भरनी होगी। दस्तावेज अपलोड करने के बाद अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। आवेदन सफल होने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
सरकारी नौकरी का बेहतरीन अवसर
रेलवे की यह भर्ती उन युवाओं के लिए शानदार मौका है जो लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करना और सभी जानकारी सही भरना जरूरी है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।