New Delhi, RRB NTPC 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने आरआरबी एनटीपीसी 2026 के तहत 5,165 पदों पर भर्ती के प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दे दी है। इसके बाद देशभर के जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को पदों से संबंधित औपचारिक पत्र जारी कर दिया गया है। भर्ती में 12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट अभ्यर्थियों तक के लिए अवसर मिलेगा।
RRB NTPC 2026: ग्रेजुएट के लिए 3,477 और 12वीं पास के लिए 1,688 पद
स्वीकृत पदों में ग्रेजुएट स्तर के कुल 3,477 पद हैं। इनमें गुड्स ट्रेन मैनेजर के 2,750, सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के 300 और चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर के 56 पद शामिल हैं।
वहीं 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए कुल 1,688 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 और ट्रेन क्लर्क के 188 पद हैं।
RRB NTPC 2026: सितंबर के अंत में शुरू हो सकता है आवेदन
रेलवे की प्रक्रिया के अनुसार 7 से 15 सितंबर के बीच संबंधित इकाइयां ओआईआरएमएस पोर्टल पर रिक्त पदों का विवरण दर्ज करेंगी। 16 से 22 सितंबर तक रिक्तियों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 26 सितंबर से नोडल आरआरबी को अंतिम विवरण सौंपने की प्रक्रिया होगी।
आधिकारिक विज्ञापन सितंबर के अंतिम सप्ताह में जारी होने की उम्मीद है। विज्ञापन जारी होने के बाद आरआरबी प्रयागराज सहित संबंधित क्षेत्रीय वेबसाइटों पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
फिलहाल स्टेशन मास्टर के पद इस सूची में शामिल नहीं हैं। इन पदों को लेकर रेलवे बोर्ड बाद में अलग से फैसला ले सकता है।
RRB NTPC 2026: टाइपिंग टेस्ट के लिए भाषा चुनने की अंतिम तारीख
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट भर्ती के कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को 15 सितंबर की शाम 7 बजे तक हिंदी या अंग्रेजी भाषा का विकल्प चुनना होगा। समय सीमा में विकल्प नहीं चुनने पर सिस्टम स्वतः अंग्रेजी माध्यम निर्धारित कर देगा और बाद में इसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
RRB NTPC 2026: हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग में ये नियम लागू
हिंदी टाइपिंग के लिए कृतिदेव और मंगल फॉन्ट का विकल्प दिया जाएगा। टेस्ट सत्र कुल 16 मिनट का होगा, जिसमें वार्म-अप और ब्रेक के बाद 10 मिनट की मुख्य टाइपिंग परीक्षा होगी।
अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट की गति से 300 शब्द और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की गति से 250 शब्द टाइप करना जरूरी होगा। निर्धारित शब्द सीमा पूरी नहीं होने पर कॉपी का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।
टाइपिंग में पांच प्रतिशत तक गलतियां माफ होंगी। इसके बाद प्रत्येक गलती पर 10 शब्द काटे जाएंगे। वहीं, 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को नियमों के तहत टाइपिंग टेस्ट से छूट का दावा करने के लिए 22 सितंबर तक मौका दिया गया है।
इस भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही आवेदन की अंतिम तारीख, शुल्क, आयु सीमा और अन्य विस्तृत शर्तों की पुष्टि होगी।
निष्कर्ष: अगर आप सरकारी नौकरी और अन्य महत्वपूर्ण वैकेंसी से जुड़ी हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाना चाहते हैं, तो युवा डाइनामाइट न्यूज़ को जरूर फॉलो करें।








