Bhubaneswar: ओडिशा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए काम की खबर है। दरअसल ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने संयुक्त वर्दीधारी सेवा परीक्षा 2026 के तहत भर्ती का नोटिस जारी किया है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पदों की संख्या
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 7,268 पद भरे जाएंगे।
पदों का नाम
इनमें कांस्टेबल (सिविल), कांस्टेबल (कम्युनिकेशन), ओडिशा इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के कांस्टेबल, अग्निशमन कर्मी और चालक के पद शामिल हैं।
आवेदन तिथि
ऑनलाइन आवेदन 23 अक्तूबर 2026 को शाम 5 बजे से शुरू हो चुके हैं। उम्मीदवार 12 नवंबर 2026 को रात 10 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन शुल्क
ओडिशा पुलिस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 13 नवंबर 2026 रात 10 बजे तक है। सामान्य और एसईबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। नोटिस के मुताबिक, लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को 500 रुपये का शुल्क वापस किया जाएगा। जो उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं होंगे, उन्हें शुल्क वापस नहीं मिलेगा। परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।
शैक्षिक योग्यता
इस भर्ती में शैक्षणिक योग्यता पद के हिसाब से अलग-अलग रखी गई है। कांस्टेबल (सिविल) और अग्निशमन कर्मी के पद के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। कांस्टेबल ओआईएसएफ के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कांस्टेबल (कम्युनिकेशन) के लिए विज्ञान विषयों के साथ 12वीं या तय योग्यता वाला तीन साल का इंजीनियरिंग डिप्लोमा मांगा गया है।
अग्निशमन चालक के लिए 12वीं पास होने के साथ कम से कम एक साल पुराना वैध भारी वाहन चलाने का लाइसेंस जरूरी है। चालक पीएमटी पद के लिए 10वीं पास और कम से कम छह महीने पुराना वैध हल्के या भारी वाहन का लाइसेंस चाहिए।
आयु सीमा
उम्मीदवारों की उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। कांस्टेबल (सिविल) के लिए उम्र 18 से 26 साल, कांस्टेबल (कम्युनिकेशन) और कांस्टेबल ओआईएसएफ के लिए 18 से 23 साल रखी गई है। अग्निशमन कर्मी और अग्निशमन चालक के लिए उम्र 18 से 25 साल होनी चाहिए।
चालक पीएमटी के लिए 18 से 23 साल और यातायात कांस्टेबल के लिए 21 से 32 साल की उम्र तय की गई है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवार अपनी चुनी हुई पोस्ट की योग्यता और उम्र सीमा आधिकारिक नोटिस में जरूर जांच लें।
ऐसे होगा चयन
ओडिशा पुलिस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, शारीरिक माप और दक्षता परीक्षा, जरूरी पदों के लिए ड्राइविंग टेस्ट, मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा में ओड़िया, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, गणित, तर्कशक्ति और बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
कुछ पदों के लिए अलग प्रश्नपत्र भी होगा। कांस्टेबल (कम्युनिकेशन) की विशेष परीक्षा में भौतिक विज्ञान और कंप्यूटर विज्ञान शामिल हैं, जबकि चालक पदों के लिए वाहन संबंधी जानकारी और सड़क सुरक्षा से सवाल पूछे जा सकते हैं। पद के अनुसार वेतनमान का स्तर 4 या 5 है।








