Section-Specific Split Button

डीयू ने जारी किया दाखिले का स्पॉट राउंड शेड्यूल, जानें पूरी जानकारी

दिल्ली विश्वविद्यालय ने दाखिले के लिए स्पॉट राउंड शेड्यूल जारी कर दिया है। स्पॉट एडमिशन राउंड के दौरान अपग्रेड और विथड्रॉ का कोई विकल्प नहीं होगा।

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए विभिन्न कॉलेजों में स्नातक कार्यक्रमों के लिए आवंटन-सह-प्रवेश के स्पॉट राउंड-1 के कार्यक्रम की घोषणा की है। जिन अभ्यर्थियों ने सीएसएएस पोर्टल पर स्नातक कोर्सेज में साल 2024-25 में दाखिले के लिए आवेदन किया था, लेकिन 17 सितंबर 2024 को शाम 5 बजे तक किसी भी कॉलेज में प्रवेश नहीं लिया है, वह अभ्यर्थी स्पॉट राउंड-1 (Spot Round-1) में भाग ले सकते हैं।

इसके लिए उम्मीदवार को अपने डैशबोर्ड के माध्यम से ‘स्पॉट एडमिशन’ का विकल्प चुनना होगा। इच्छुक उम्मीदवार केवल उन प्रोग्राम+ कॉलेज संयोजनों का चयन करने में सक्षम होगा, जहां श्रेणी के अनुसार सीटें खाली हैं। अभ्यर्थी को स्पॉट राउंड में आवंटित सीट पर प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। स्पॉट एडमिशन राउंड में आवंटित सीट स्वीकार करने में विफलता पर डीयू में प्रवेश के लिए उम्मीदवार की पात्रता खत्म हो जाएगी और वह सीएसएएस -2024 से बाहर हो जाएगा।

एडमिशन राउंड में आवंटित सीट अंतिम होगी
स्पॉट एडमिशन राउंड के दौरान अपग्रेड (Upgrade) और विथड्रॉ का कोई विकल्प नहीं होगा। किसी विशेष स्पॉट एडमिशन राउंड में आवंटित सीट अंतिम होगी। साथ ही स्पॉट एडमिशन के किसी भी अगले राउंड में अपग्रेड नहीं होगी।

जानें स्पॉट राउंड-I के लिए शेड्यूल
स्पॉट एडमिशन (Spot Admission) के लिए आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर की सुबह 10 बजे शुरू होगी। इसके बाद उम्मीदवारों को स्पॉट राउंड- I के लिए 19 सितंबर 2024 रात 11:59 बजे तक आवेदन करना होगा। वहीं सीट आवंटन की घोषणा 21 सितंबर शाम 3 बजे की जाएगी। छात्रों को आवंटित सीट 21 सितंबर शनिवार शाम 3 बजे से रविवार रात 11:59 बजे तक स्वीकार करनी होगी। कॉलेज को ऑनलाइन आवेदनों को सत्यापित और स्वीकृत 23 सितंबर शाम 4:59 बजे तक करना होगा। उम्मीदवार द्वारा शुल्क के ऑनलाइन भुगतान की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2024 शाम 04:59 बजे तक होगी।

अब तक 72 हजार 263 विद्यार्थी दाखिला ले चुके
जानकारी के मुताबिक, डीयू ने तीसरे राउंड की दाखिला प्रक्रिया 15 सितंबर को खत्म होने के बाद सभी उम्मीदवारों के डैशबोर्ड को फ्रीज मोड (Freeze Mode) में रखने की घोषणा की थी। डीयू ने कहा था कि 17 सितंबर 2024 को शाम 5 बजे के बाद दाखिला ले चुके छात्रों को अपना प्रवेश वापस लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीयू द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक तीसरे राउंड में 15 सितंबर तक कुल 72 हजार 263 विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं।

Previous Post
Next Post

Advertisement

कैटेगरी

Advertisement

error: Content is protected !!