New Delhi: अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और केंद्र सरकार के किसी विभाग में काम करने का सपना देख रहे हैं, तो यह आपके लिए अच्छा मौका हो सकता है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के तहत कार्यरत नेशनल मेडिसिनल प्लांट्स बोर्ड (NMPB) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 30 जुलाई तक ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती (AYUSH Ministry Job Alert)
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6 पदों को भरा जाएगा। इनमें डिप्टी एडवाइजर, असिस्टेंट एडवाइजर, फाइनेंस एंड एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, रिसर्च ऑफिसर, असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर और अकाउंटेंट के पद शामिल हैं। हर पद के लिए योग्यता और अनुभव अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की पात्रता जरूर देखनी चाहिए।
क्या है शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा?
भर्ती के लिए उम्मीदवारों के पास वनस्पति विज्ञान, औषधि विज्ञान, फार्मेसी, कृषि, बागवानी, जैव प्रौद्योगिकी या संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होना जरूरी है। कुछ पदों के लिए 5 से 10 वर्ष का कार्य अनुभव और कंप्यूटर का ज्ञान भी मांगा गया है। उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, अलग-अलग पदों के अनुसार पात्रता में कुछ अंतर हो सकता है।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन पूरी तरह उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, पिछले सेवा रिकॉर्ड और विभागीय अनुमोदन के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा उम्मीदवारों के पिछले पांच वर्षों के APAR (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) का मूल्यांकन भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा होगा।
मिलेगा आकर्षक वेतन
चयनित उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के वेतनमान के अनुसार सैलरी मिलेगी। डिप्टी एडवाइजर को लेवल-12, असिस्टेंट एडवाइजर और वित्त एवं प्रशासनिक अधिकारी को लेवल-11, रिसर्च ऑफिसर को लेवल-10, जबकि असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर और अकाउंटेंट को लेवल-6 के अनुसार वेतन और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑफलाइन आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन के साथ पिछले पांच वर्षों का APAR रिकॉर्ड, विभागीय मंजूरी प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
पूरा आवेदन वित्त एवं प्रशासनिक अधिकारी, नेशनल मेडिसिनल प्लांट्स बोर्ड (NMPB), आयुष मंत्रालय, प्रथम एवं द्वितीय मंजिल, रेड क्रॉस एनेक्स बिल्डिंग, रेड क्रॉस रोड, नई दिल्ली – 110001 के पते पर 30 जुलाई तक पहुंच जाना चाहिए।