BTSC Recruitment: बिहार में सरकारी ऑफिसर बनने का मौका, सिर्फ ₹100 में खुला 231 पदों का रास्ता

BTSC Recruitment: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बिहार में एक नई भर्ती सामने आई है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तहत मत्स्य प्रसार पदाधिकारी (Fishery Extension Officer) के 231 पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। आयोग की वेबसाइट पर विज्ञापन संख्या 28/2026 के तहत भर्ती की जानकारी दी गई है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 23 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। किस काम से जुड़ी होगी यह नौकरी? मत्स्य प्रसार पदाधिकारी का काम मुख्य रूप से मछली पालन और मत्स्य क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों से संबंधित होगा। यानी इस क्षेत्र की पढ़ाई करने वाले युवाओं के लिए अपनी विशेषज्ञता के आधार पर सरकारी सेवा में जाने का मौका है। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) से मान्यता प्राप्त कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले मत्स्य महाविद्यालय से मत्स्य विज्ञान में चार वर्षीय स्नातक डिग्री (B.F.Sc.) होना जरूरी है। उम्र सीमा भी जान लीजिए (BTSC Recruitment) भर्ती के लिए न्यूनतम उम्र 21 वर्ष रखी गई है। सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र 37 वर्ष है। महिलाओं और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। उम्र की गणना निर्धारित कटऑफ तिथि के आधार पर की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपनी श्रेणी और उम्र से संबंधित नियमों को आधिकारिक विज्ञापन में जरूर देखना चाहिए, क्योंकि आरक्षण और आयु सीमा से जुड़े अलग-अलग प्रावधान लागू हैं। परीक्षा से बनेगी मेरिट, अनुभव भी आएगा काम इस भर्ती में चयन के लिए कंप्यूटर आधारित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा और संबंधित कार्य अनुभव को आधार बनाया जाएगा। उपलब्ध भर्ती विवरण के मुताबिक लिखित परीक्षा के लिए 75 अंक और पात्र संविदा कार्य अनुभव के लिए अधिकतम 25 अंक निर्धारित हैं। यानी अंतिम मेरिट कुल 100 अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। लिखित परीक्षा में अभ्यर्थियों से पद से जुड़े पाठ्यक्रम के आधार पर वस्तुनिष्ठ सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। अगर परीक्षा कई पालियों में आयोजित होती है तो नियमानुसार नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया भी लागू हो सकती है। कार्य अनुभव के अंकों का लाभ उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जो लिखित परीक्षा में निर्धारित योग्यता पूरी करेंगे। अनुभव के लिए बिहार सरकार या बिहार में स्थित पात्र गैर-निजी संस्थानों में समान पद पर संविदा के आधार पर किए गए कार्य को आधार बनाया जाएगा। आवेदन के लिए तैयार रखें ये दस्तावेज (BTSC Recruitment) फॉर्म भरने से पहले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। इनमें 10वीं का प्रमाण पत्र, सभी जरूरी अंक पत्र और मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, नॉन क्रीमी लेयर या EWS प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र और अनुभव से जुड़े दस्तावेज शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा आरक्षण, दिव्यांगता, पूर्व सैनिक या स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित होने से संबंधित लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। ₹100 में आवेदन, तारीख न निकलने दें इस भर्ती में आवेदन शुल्क ₹100 रखा गया है। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है। आयोग की आधिकारिक भर्ती सूची में आवेदन की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर 2026 दर्ज है।
UP PCS 2025: इंटरव्यू को हाई कोर्ट की हरी झंडी, 2,297 अभ्यर्थियों के लिए खुला अगला रास्ता

UP PCS 2025: उत्तर प्रदेश पीसीएस 2025 भर्ती को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया अब आगे बढ़ने जा रही है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को पीसीएस 2025 के इंटरव्यू आयोजित करने की अनुमति दे दी है। इसके बाद मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के साक्षात्कार तय कार्यक्रम के अनुसार कराए जा सकेंगे। आयोग की ओर से इंटरव्यू का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है। 28 सितंबर से शुरू होंगे इंटरव्यू (UP PCS 2025) UP PCS 2025 के इंटरव्यू 28 सितंबर से शुरू होकर 24 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे। साक्षात्कार अलग-अलग कार्यदिवसों में दो पालियों में आयोजित किए जाएंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से होगी। मुख्य परीक्षा में सफल 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। ये उम्मीदवार 812 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए साक्षात्कार में शामिल होंगे। आयोग ने रोल नंबर के आधार पर उम्मीदवारों की तारीख और पाली तय की है। आरक्षण को लेकर कोर्ट में उठा था सवाल दरअसल, पीसीएस 2025 की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी याचिका में आरक्षण व्यवस्था और अनारक्षित श्रेणी में मेधावी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के समायोजन को लेकर सवाल उठाए गए थे। याचिका में यह मुद्दा भी उठाया गया कि अगर आरक्षित वर्ग का कोई उम्मीदवार बिना किसी छूट या रियायत के अनारक्षित कटऑफ के बराबर या उससे ज्यादा अंक हासिल करता है, तो क्या उसे केवल अपनी श्रेणी के आधार पर खुली या अनारक्षित प्रतियोगिता से अलग किया जा सकता है। याचिकाकर्ताओं की ओर से इसे समान अवसर से जुड़े संवैधानिक सवाल के रूप में रखा गया। इस मामले में राज्य सरकार और आयोग की ओर से भी अपना पक्ष अदालत के सामने रखा गया। हाई कोर्ट ने सुनवाई के बाद आयोग को इंटरव्यू कराने की अनुमति दे दी। किन तारीखों पर होगा इंटरव्यू? (UP PCS 2025) आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इंटरव्यू 28, 29 और 30 सितंबर को होंगे। इसके बाद 1, 5, 6, 7, 8, 9, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 21, 22, 23 और 24 अक्टूबर को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। पहली पाली के उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। वहीं दूसरी पाली में शामिल अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग दोपहर 12:30 बजे होगी। इंटरव्यू प्रयागराज स्थित UPPSC परिसर में आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू लेटर और दस्तावेज जरूरी इंटरव्यू के लिए सफल उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट पर जरूरी ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद इंटरव्यू लेटर डाउनलोड किया जा सकता है। आयोग की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक उम्मीदवारों को अपने इंटरव्यू लेटर में दी गई तारीख, पाली और रिपोर्टिंग टाइम के अनुसार पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकतालिकाएं और लागू होने पर आरक्षण से जुड़े प्रमाणपत्र समेत जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रति और मांगी गई प्रतियां साथ ले जानी होंगी। इंटरव्यू से पहले सभी दस्तावेजों को तैयार रखना जरूरी होगा। भर्ती में इतने पदों पर होगा चयन UP PCS 2025 भर्ती में कुल 814 पदों की जानकारी जारी की गई है। इनमें प्रशासनिक, पुलिस, राजस्व, विकास, श्रम और खाद्य सुरक्षा समेत अलग-अलग विभागों के पद शामिल हैं। मुख्य परीक्षा के बाद इंटरव्यू के चरण में पहुंच चुके 2,297 उम्मीदवारों की नजर अब अंतिम चयन पर है। हालांकि, इंटरव्यू में शामिल होना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है।
SSC CGL 2026: अब खत्म होने वाला है इंतजार, जल्द आएगा एडमिट कार्ड; ऐसे करें डाउनलोड

SSC CGL 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल यानी SSC CGL 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। Tier 1 परीक्षा 30 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली है। परीक्षा नजदीक आते ही अब उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड का इंतजार है। माना जा रहा है कि परीक्षा से कुछ दिन पहले प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे। 30 सितंबर से शुरू होगी परीक्षा (SSC CGL 2026) SSC CGL Tier 1 परीक्षा 30 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इससे पहले आयोग की ओर से अभ्यर्थियों के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी की जा चुकी है। अब उम्मीदवारों की नजर एडमिट कार्ड पर है। एडमिट कार्ड जारी होने के बाद अभ्यर्थी इसे SSC की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करना होगा। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 12,256 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें सेक्शन ऑफिसर, इंस्पेक्टर, असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर, सब इंस्पेक्टर, ऑडिटर, अकाउंटेंट और टैक्स असिस्टेंट जैसे पद शामिल हैं। ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड (SSC CGL 2026) एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार इन आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं। सबसे पहले SSC की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।होमपेज पर SSC CGL Tier 1 Admit Card 2026 के लिंक पर क्लिक करें।अब रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करें।स्क्रीन पर आपका एडमिट कार्ड दिखाई देगा।एडमिट कार्ड डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट निकाल लें। एडमिट कार्ड का लॉगिन पेज: ssc.gov.in एडमिट कार्ड में क्या-क्या मिलेगा? प्रवेश पत्र पर उम्मीदवार का नाम, माता-पिता का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, परीक्षा का नाम, परीक्षा केंद्र और केंद्र का पूरा पता जैसी जरूरी जानकारी दी जाएगी। इसलिए डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थी सभी विवरण ध्यान से जरूर जांच लें। 100 सवालों का होगा पेपर SSC CGL Tier 1 परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। पूरा पेपर 200 अंकों का होगा और इसे हल करने के लिए उम्मीदवारों को 1 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में जनरल इंटेलिजेंस, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन से सवाल आएंगे। इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन को छोड़कर बाकी प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे। गलत जवाब देने पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी होगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सवाल हल करते समय खास सावधानी रखनी होगी। 28 लाख से ज्यादा आवेदन SSC CGL 2026 के लिए करीब 28.52 लाख आवेदन आने की जानकारी है। इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में एग्जाम सिटी और तारीख की जानकारी पहले से होना उम्मीदवारों के लिए यात्रा की तैयारी में मददगार रहेगा।
Ladakh Medical Admission: अब NEET रैंक ही तय करेगी किसे मिलेगी मेडिकल सीट! MBBS-BDS एडमिशन का नियम बदला

Ladakh Medical Admission: लद्दाख में MBBS और BDS की पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए एडमिशन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। प्रशासन ने केंद्रीय पूल के तहत मिलने वाली मेडिकल सीटों पर दाखिले के नियमों में बदलाव कर दिया है। नई व्यवस्था में अब अलग-अलग कैटेगरी और रोस्टर के आधार पर अलग मेरिट लिस्ट नहीं बनाई जाएगी। सभी योग्य उम्मीदवारों को एक ही मेरिट लिस्ट में शामिल किया जाएगा। पुरानी व्यवस्था में कई कैटेगरी थीं (Ladakh Medical Admission) साल 2021 में लागू की गई व्यवस्था के तहत केंद्रीय पूल की मेडिकल सीटों के लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा जाता था। इसमें आरक्षित और अनारक्षित वर्ग के साथ लेह और कारगिल जिले, पुरुष और महिला उम्मीदवारों समेत अन्य निर्धारित श्रेणियां शामिल थीं। अब प्रशासन ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है। नई गाइडलाइन के मुताबिक उम्मीदवार का जिला, लिंग या आरक्षित-अनारक्षित वर्ग अलग मेरिट तैयार करने का आधार नहीं होगा। सभी योग्य उम्मीदवारों की एक संयुक्त मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी। NEET रैंक और कॉलेज की पसंद से होगा एडमिशन नई व्यवस्था में एडमिशन का सबसे अहम आधार उम्मीदवार की NEET मेरिट और रैंक होगी। इसके साथ आवेदन के समय उम्मीदवार ने जिन कॉलेजों को अपनी पसंद के तौर पर चुना है, उन्हें भी सीट आवंटन के दौरान ध्यान में रखा जाएगा। इसका मतलब है कि केंद्रीय पूल की सीमित MBBS और BDS सीटों के लिए उम्मीदवारों की NEET रैंक और उनकी ओर से दी गई कॉलेज प्राथमिकता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 2026-27 में लद्दाख को मिलीं 9 सीटें (Ladakh Medical Admission) शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए लद्दाख को केंद्रीय पूल के तहत कुल 9 मेडिकल सीटें मिली हैं। इनमें 7 MBBS और 2 BDS सीटें शामिल हैं। MBBS की एक-एक सीट लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज नई दिल्ली, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज मेरठ, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज दिल्ली, आरएसडीकेएस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर, दुमका मेडिकल कॉलेज झारखंड, एमएलबी मेडिकल कॉलेज झांसी और चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज दुर्ग को मिली है। वहीं BDS की दो सीटों में एक जी डेंटल कॉलेज लखनऊ और दूसरी गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज इंदौर को आवंटित की गई है। आवेदन के लिए सिर्फ 7 दिन का समय (Ladakh Medical Admission) लद्दाख प्रशासन के अनुसार वैध NEET रैंक रखने वाले और केंद्रीय पूल की सीटों के लिए योग्य उम्मीदवारों को आवेदन का मौका दिया जाएगा। आवेदन के लिए 7 दिन का समय मिलेगा। उम्मीदवारों को लद्दाख के आधिकारिक NIC पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे आवेदन से पहले UT Ladakh की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
AMU Admission: एंट्रेंस नहीं देना तो ये रास्ता अपनाएं! ऐसे ले सकते हैं एडमिशन

AMU Admission: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी यानी AMU में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए एक ऐसा विकल्प भी है, जिसमें हर बार नियमित कैंपस वाले एंट्रेंस रूट से गुजरना जरूरी नहीं होता। यूनिवर्सिटी का Centre for Distance and Online Education (CDOE) डिस्टेंस और ऑनलाइन मोड में कई तरह के कार्यक्रम संचालित करता है। इनमें प्रवेश संबंधित कोर्स की पात्रता और उस समय लागू नियमों के आधार पर होता है। इसका मतलब यह नहीं है कि AMU के हर कोर्स में बिना प्रवेश परीक्षा दाखिला मिल सकता है। नियमित कैंपस के कई कार्यक्रमों में अलग प्रवेश प्रक्रिया लागू होती है। इसलिए छात्र को आवेदन करने से पहले यह देखना जरूरी है कि वह जिस कोर्स में दाखिला लेना चाहता है, उसके लिए कौन-सा नियम लागू है। CDOE में किन कोर्स का विकल्प? (AMU Admission) AMU के CDOE की मौजूदा सूची में ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग और ऑनलाइन लर्निंग, दोनों तरह के कार्यक्रम शामिल हैं। डिस्टेंस मोड में सीनियर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट के अलावा पत्रकारिता एवं जनसंचार, गाइडेंस एंड काउंसलिंग, ह्यूमन राइट्स एंड ड्यूटीज, मार्केटिंग मैनेजमेंट, पर्सनल मैनेजमेंट, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, साइबर सिक्योरिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे डिप्लोमा शामिल हैं। इसके अलावा डिजिटल मार्केटिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क टेक्नोलॉजी, जीएसटी और कम्युनिकेटिव स्किल्स जैसे सर्टिफिकेट कार्यक्रम भी सूची में हैं। हर कार्यक्रम की शैक्षणिक योग्यता अलग हो सकती है, इसलिए आवेदन से पहले पात्रता जरूर देखनी होगी। ऑनलाइन पढ़ाई में भी डिग्री का विकल्प जो छात्र घर से पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए CDOE के ऑनलाइन मोड में भी कई कार्यक्रम उपलब्ध हैं। AMU की मौजूदा सूची में Bachelor of Commerce (Hons.), Bachelor of Arts (Hons.), Master of Commerce, Master of Arts, Master of Library & Information Sciences और Master of Business Administration शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के लिए भी संबंधित शैक्षणिक योग्यता पूरी करना जरूरी है। CDOE का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को पढ़ाई का अवसर देना है, जो किसी वजह से नियमित शिक्षा व्यवस्था में शामिल नहीं हो पाते। यूनिवर्सिटी के अनुसार डिस्टेंस एजुकेशन में विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं और उन्हें सेल्फ-लर्निंग स्टडी मटेरियल सहित अध्ययन की सुविधा दी जाती है। एडमिशन के लिए क्या करना होगा? (AMU Admission) अगर आप AMU के डिस्टेंस या ऑनलाइन कार्यक्रम में दाखिला लेना चाहते हैं तो सबसे पहले CDOE की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कोर्स, पात्रता और मौजूदा एडमिशन नोटिफिकेशन की जानकारी देखनी होगी। AMU ने CDOE की वेबसाइट का लिंक अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी दिया है। इसके बाद अपनी योग्यता के अनुसार कोर्स चुनना होगा। आवेदन के दौरान शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान से जुड़े दस्तावेज और अन्य मांगे गए कागजात जमा करने पड़ सकते हैं। दस्तावेजों की जांच और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही एडमिशन आगे बढ़ेगा। क्या AMU के रेगुलर कोर्स में भी बिना एंट्रेंस एडमिशन मिलेगा? यहां छात्रों को सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। CDOE के विकल्प को AMU के सभी नियमित पाठ्यक्रमों पर लागू नहीं किया जा सकता। नियमित कैंपस के अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए अलग प्रवेश नियम हैं। उदाहरण के तौर पर AMU के कॉमर्स विभाग की मौजूदा जानकारी में नियमित B.Com. के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा का उल्लेख है। AMU की 2026-27 से जुड़ी सूचनाओं में भी CUET और अन्य प्रवेश प्रक्रियाओं से संबंधित अलग-अलग नोटिस दिखाई देते हैं। इसलिए केवल यह देखकर आवेदन न करें कि CDOE में कुछ कार्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा की जरूरत नहीं है। छात्रों के लिए सबसे जरूरी बात (AMU Admission) अगर आपका लक्ष्य AMU से पढ़ाई करना है और आप नियमित कैंपस में प्रवेश परीक्षा नहीं देना चाहते, तो CDOE के डिस्टेंस और ऑनलाइन कार्यक्रमों को देखना एक विकल्प हो सकता है। लेकिन आवेदन से पहले अपने चुने हुए कोर्स की पात्रता, प्रवेश नियम, फीस, अंतिम तारीख और उस सत्र का आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर जांचें।
Multiple Scholarship: NSP के नियम बदले, एक साथ मिल सकेगा मेरिट और वेलफेयर का लाभ

Multiple Scholarship: केंद्र सरकार ने नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर छात्रवृत्ति को लेकर बड़ा बदलाव किया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छात्रों के लिए वर्षों से चली आ रही ‘वन स्टूडेंट-वन स्कॉलरशिप’ व्यवस्था खत्म कर दी गई है। इसकी जगह अब ‘वन स्टूडेंट-मल्टीपल स्कॉलरशिप’ मॉडल लागू किया गया है। नए नियम के तहत पात्र छात्र एक से ज्यादा छात्रवृत्ति का लाभ ले सकेंगे। इस बदलाव की जानकारी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने भी अपने संबद्ध स्कूलों को देने के निर्देश जारी किए हैं। एक साथ मिल सकेगी मेरिट और वेलफेयर स्कॉलरशिप नए नियमों के बाद छात्रों के लिए सबसे बड़ा बदलाव यह है कि वेलफेयर यानी कल्याणकारी छात्रवृत्ति मिलने के बाद भी उन्हें मेरिट स्कॉलरशिप से बाहर नहीं किया जाएगा। अगर कोई विद्यार्थी दोनों योजनाओं की पात्रता पूरी करता है, तो वह एक साथ दोनों छात्रवृत्तियों का लाभ उठा सकता है। पहले ऐसी स्थिति में छात्र को एक योजना चुनने या दूसरी छात्रवृत्ति का लाभ छोड़ने जैसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। अब अलग-अलग श्रेणियों में पात्रता रखने वाले विद्यार्थियों के लिए दोनों योजनाओं का रास्ता खुला रहेगा। दो आवेदन करने पर नहीं होगा फॉर्म रिजेक्ट (Multiple Scholarship) नए नियमों में NSP के आवेदन सिस्टम में भी अहम बदलाव किया गया है। पहले अगर कोई छात्र दो अलग-अलग छात्रवृत्तियों के लिए आवेदन करता था, तो सिस्टम उसके आवेदन को अपने स्तर पर खारिज कर देता था। अब ऐसा नहीं होगा। अगर विद्यार्थी अलग-अलग छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए पात्र है, तो वह दो या उससे ज्यादा आवेदन कर सकेगा। पोर्टल इन आवेदनों को केवल इस वजह से रिजेक्ट नहीं करेगा कि छात्र ने एक से अधिक स्कॉलरशिप के लिए फॉर्म भरा है। फॉर्म भरना भी होगा आसान (Multiple Scholarship) छात्रों को आवेदन के दौरान बार-बार एक ही जानकारी भरने की जरूरत नहीं होगी। नए सिस्टम में बेसिक डिटेल जैसे नाम, पता और शैक्षणिक रिकॉर्ड जैसी जानकारी एक बार दर्ज करनी होगी। इसके बाद दूसरी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करते समय इन्हीं जानकारियों को दोबारा भरने की जरूरत नहीं होगी। छात्र को केवल उस विशेष योजना से जुड़े जरूरी दस्तावेज ही अपलोड करने होंगे। इससे एक से ज्यादा छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान होगी। गड़बड़ी मिली तो सभी आवेदन पर लगेगा रेड फ्लैग सरकार ने आवेदन प्रक्रिया आसान करने के साथ वेरिफिकेशन को भी सख्त रखा है। अधिकारियों के डैशबोर्ड पर किसी छात्र के सभी स्कॉलरशिप आवेदन एक साथ दिखाई देंगे। अगर वेरिफिकेशन के दौरान किसी भी जानकारी में गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा सामने आता है, तो छात्र के सभी आवेदनों पर ‘रेड फ्लैग’ लगाया जा सकता है। ऐसे आवेदन रद्द भी हो सकते हैं।
BPSC TRE-4: सवाल छोड़ना भी पड़ेगा भारी! अब E ऑप्शन नहीं चुना तो कटेंगे नंबर, 32 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती

BPSC TRE-4: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए TRE-4 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की स्कूल शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए नया विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती में 32,388 शिक्षक पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू होगी। लेकिन इस बार परीक्षा में एक ऐसा बदलाव किया गया है, जिसे अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने से पहले ही समझ लेना चाहिए। OMR शीट में अब होगा पांचवां विकल्प (BPSC TRE-4) TRE-4 में अभ्यर्थियों को सवालों के जवाब देने के लिए A, B, C और D के साथ पांचवां विकल्प E भी मिलेगा। यह बदलाव केवल एक अतिरिक्त गोला भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षा में नंबरों पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा। अगर किसी सवाल का जवाब अभ्यर्थी को नहीं पता है और वह उसे छोड़ना चाहता है, तो OMR शीट पर E विकल्प चुनना जरूरी होगा। यानी सवाल को पूरी तरह खाली छोड़ने की बजाय पांचवें विकल्प पर टिक करना होगा। BPSC ने MCQ आधारित परीक्षाओं में पांचवें विकल्प E को लेकर अलग से महत्वपूर्ण सूचना भी जारी की है। E पर टिक नहीं किया तो लग सकती है नेगेटिव मार्किंग (BPSC TRE-4) सबसे जरूरी बात यह है कि अगर किसी सवाल में A, B, C, D या E में से कोई भी विकल्प नहीं चुना गया, तो अभ्यर्थी को नुकसान हो सकता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक ऐसे सवाल पर एक-तिहाई अंक की कटौती का प्रावधान है। इसका मतलब साफ है कि अगर किसी प्रश्न का उत्तर नहीं आता है, तो उसे बिल्कुल खाली छोड़ना अब सही रणनीति नहीं होगी। ऐसी स्थिति में E विकल्प चुनना जरूरी होगा। वहीं, जिस सवाल का जवाब आता है, उसमें संबंधित A, B, C या D विकल्प चुना जा सकता है। आखिर क्यों जोड़ा गया E विकल्प? (BPSC TRE-4) BPSC की ओर से MCQ परीक्षाओं में पांचवें विकल्प को शामिल करने का फैसला परीक्षा प्रक्रिया को अधिक स्पष्ट और नियंत्रित बनाने के उद्देश्य से किया गया है। पहले कई परीक्षाओं में अभ्यर्थी सवाल नहीं आने पर OMR में कुछ नहीं भरते थे। अब E विकल्प के जरिए यह साफ किया जा सकेगा कि अभ्यर्थी ने सवाल का जवाब नहीं दिया है। यानी प्रश्न को जानबूझकर छोड़ने और OMR में कुछ भी नहीं भरने के बीच अंतर रखा गया है। अभ्यर्थियों के लिए यह बदलाव इसलिए भी अहम है क्योंकि परीक्षा हॉल में जल्दबाजी या जानकारी की कमी के कारण एक भी गोला खाली छोड़ना कुल स्कोर पर असर डाल सकता है। नेगेटिव मार्किंग को लेकर भी था विवाद (BPSC TRE-4) TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से पहले भी कई मांगें उठाई गई थीं। इनमें परीक्षा की प्रक्रिया और नेगेटिव मार्किंग से जुड़े मुद्दे भी शामिल रहे हैं। हालांकि नए अपडेट में पांचवें विकल्प की व्यवस्था के साथ नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान बरकरार रखा गया है। ऐसे में परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को सिर्फ सिलेबस और विषयों पर ध्यान देने के साथ OMR भरने के इस नए तरीके की भी प्रैक्टिस करनी होगी। 25 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन (BPSC TRE-4) BPSC के ताजा अपडेट के अनुसार TRE-4.0 के तहत 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू होगी। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर, जबकि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर 2026 बताई गई है।
UP Home Guard Recruitment: होमगार्ड विभाग में नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर

UP Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए होमगार्ड विभाग से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। राज्य में होमगार्ड संगठन के विभिन्न पदों पर करीब 7,600 भर्तियों की तैयारी चल रही है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस भर्ती में लिपिक, ब्लॉक ऑर्गनाइजर और प्लाटून कमांडर जैसे पद शामिल हो सकते हैं। हालांकि, भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन अभी जारी नहीं हुआ है। 7600 पदों पर भर्ती की तैयारी (UP Home Guard Recruitment) रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर प्रदेश होमगार्ड संगठन में बड़ी संख्या में पद खाली हैं। इन रिक्तियों को भरने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि करीब 7,600 पदों पर भर्ती की योजना है। इन पदों में अलग-अलग जिम्मेदारियों वाले पद शामिल हो सकते हैं। इनमें कार्यालय से जुड़े कामकाज के लिए लिपिक, संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े ब्लॉक ऑर्गनाइजर और सुरक्षा व्यवस्था में भूमिका निभाने वाले प्लाटून कमांडर के पदों का जिक्र किया गया है।हालांकि, पदों की सही संख्या, आरक्षण और भर्ती का पूरा विवरण आधिकारिक विज्ञप्ति जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। पहले भी हो चुकी है होमगार्ड भर्ती (UP Home Guard Recruitment) उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पहले भी चल चुकी है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने वर्ष 2025 के एनरोलमेंट के तहत होमगार्ड पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अप्रैल 2026 में आयोजित की गई थी। इसके बाद अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षा की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। सितंबर 2026 में शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित सूचनाएं बोर्ड की वेबसाइट पर जारी की गईं। ऐसे में अब 7,600 अन्य पदों पर प्रस्तावित भर्ती की खबर से उन युवाओं की उम्मीदें बढ़ी हैं, जो सरकारी विभागों में नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। योग्यता और उम्र को लेकर क्या है जानकारी? नई भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि सभी पदों के लिए 10वीं या 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। लिपिक और प्लाटून कमांडर जैसे अलग-अलग पदों के लिए योग्यता और चयन प्रक्रिया अलग हो सकती है। आरक्षित वर्गों को मिलने वाली आयु सीमा में छूट सहित अन्य नियम भी आधिकारिक विज्ञप्ति में ही स्पष्ट होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे बिना आधिकारिक सूचना के किसी भी वायरल भर्ती पोस्ट या आवेदन लिंक पर भरोसा न करें। कब जारी होगा भर्ती का नोटिफिकेशन? मीडिया रिपोर्टों में भर्ती की तैयारियों का जिक्र है, लेकिन आवेदन शुरू होने की निश्चित तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। सरकार और संबंधित विभाग की मंजूरी के बाद ही भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा। नोटिफिकेशन में पदों की संख्या, आवेदन की तारीख, फीस, योग्यता, चयन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
CBSE Sample Papers: अब ऐसे आएंगे बोर्ड परीक्षा में सवाल, 10वीं-12वीं के सैंपल पेपर किए जारी

CBSE Sample Papers: बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दोनों कक्षाओं के Sample Question Papers और Marking Schemes जारी कर दिए हैं। अब छात्रों के पास परीक्षा से पहले यह समझने का मौका है कि पेपर का ढांचा कैसा हो सकता है और उत्तर लिखते समय किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है। 10वीं और 12वीं के कई विषयों के पेपर उपलब्ध (CBSE Sample Papers) CBSE की अकादमिक वेबसाइट पर कक्षा 10वीं के अलग-अलग विषयों के Sample Question Papers और उनकी Marking Schemes की सूची जारी की गई है। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान समेत कई विषय शामिल हैं। कक्षा 12वीं के लिए भी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, मैथ्स, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स, हिंदी, अंग्रेजी और दूसरे विषयों के सैंपल पेपर उपलब्ध हैं। यानी छात्रों को अब तैयारी केवल किताबों और पुराने पेपरों के भरोसे नहीं करनी होगी। सैंपल पेपर देखकर वे यह भी समझ सकते हैं कि अलग-अलग विषयों में सवाल किस तरह पूछे जा सकते हैं। सैंपल पेपर को हल करना क्यों जरूरी? (CBSE Sample Papers) सैंपल पेपर को सिर्फ एक सामान्य प्रैक्टिस पेपर समझना सही नहीं होगा। CBSE के अनुसार Sample Question Papers प्रश्नपत्र के डिजाइन और पाठ्यक्रम के कवरेज को समझने में मदद करने के लिए जारी किए जाते हैं। इनके जरिए छात्र परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों के स्वरूप को समझ सकते हैं और अपनी तैयारी को उसी हिसाब से व्यवस्थित कर सकते हैं। छात्र अगर सैंपल पेपर को तय समय में हल करते हैं तो उन्हें अपनी स्पीड का भी अंदाजा लग सकता है। इसके अलावा पेपर हल करने के बाद गलत हुए सवालों की जांच करके कमजोर अध्याय और टॉपिक भी आसानी से पहचाने जा सकते हैं। Marking Scheme को नजरअंदाज न करें सैंपल पेपर के साथ जारी की गई Marking Scheme भी छात्रों के लिए काफी काम की है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि किसी सवाल के उत्तर में किन बिंदुओं को महत्व दिया गया है और अंक किस आधार पर दिए जा सकते हैं। खासकर लंबे उत्तर वाले सवालों में Marking Scheme देखकर छात्र अपनी Answer Writing को बेहतर बना सकते हैं। केवल उत्तर याद करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके और जरूरी बिंदुओं के साथ लिखना भी जरूरी है। ऐसे डाउनलोड करें CBSE Sample Paper (CBSE Sample Papers) सैंपल पेपर डाउनलोड करने के लिए छात्रों को CBSE की Academic वेबसाइट पर जाना होगा। वहां कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए अलग-अलग Sample Question Paper सेक्शन उपलब्ध हैं। अपनी कक्षा चुनने के बाद छात्र संबंधित विषय का Sample Question Paper और Marking Scheme खोलकर डाउनलोड कर सकते हैं।
IIT Roorkee Recruitment: असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का मौका आया, जानिए किसे मिलेगा मौका

IIT Roorkee Recruitment: देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल IIT रुड़की में फैकल्टी बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए अहम खबर है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। संस्थान ने इसके लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं, जिनमें एक खास तौर पर आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए है, जबकि दूसरा रोलिंग भर्ती के रूप में जारी किया गया है। 30 अक्टूबर तक आवेदन का मौका (IIT Roorkee Recruitment) IIT रुड़की की ओर से 17 सितंबर 2026 को SC, ST, OBC, EWS और PwD उम्मीदवारों के लिए स्पेशल रिक्रूटमेंट ड्राइव का विज्ञापन जारी किया गया है। इस अभियान के तहत योग्य उम्मीदवार असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्पेशल रिक्रूटमेंट ड्राइव के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2026 बताई गई है। ऐसे में संबंधित श्रेणियों के उम्मीदवारों के पास आवेदन पूरा करने के लिए निर्धारित समय है। दूसरी भर्ती में नहीं है कोई आखिरी तारीख IIT रुड़की ने इसके साथ ही Rolling Advertisement भी जारी किया है। इसमें विभिन्न श्रेणियों के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए कोई निश्चित अंतिम तारीख नहीं रखी गई है। यानी इच्छुक उम्मीदवार पूरे साल अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। संस्थान के अनुसार, भर्ती में भारत सरकार और IITs पर लागू संबंधित आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा। वहीं जो उम्मीदवार स्पेशल रिक्रूटमेंट ड्राइव के तहत पहले ही आवेदन कर चुके हैं, उन्हें रोलिंग विज्ञापन के लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं है। किन विभागों में मिल सकता है मौका? IIT रुड़की के रोलिंग विज्ञापन में कई विभागों और केंद्रों में फैकल्टी पद शामिल हैं। इनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग, फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स समेत कई क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नैनोटेक्नोलॉजी, स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी और अन्य विशेष केंद्रों में भी फैकल्टी पदों के लिए आवेदन का विकल्प दिया गया है। आवेदन से पहले योग्यता जरूर देखें (IIT Roorkee Recruitment) असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, शोध रिकॉर्ड और संबंधित क्षेत्र की आवश्यकताओं को भर्ती विज्ञापन में निर्धारित किया गया है। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपने विभाग और पद के अनुसार आधिकारिक विज्ञापन में दी गई पात्रता, जरूरी दस्तावेज और अन्य शर्तें ध्यान से देखनी चाहिए। IIT रुड़की ने फैकल्टी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल भी उपलब्ध कराया है। भर्ती से जुड़ी ताजा जानकारी और आवेदन प्रक्रिया संस्थान की आधिकारिक फैकल्टी रिक्रूटमेंट वेबसाइट पर देखी जा सकती है।