Lucknow: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित की जा रही सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा भर्ती में पदों की संख्या एक बार फिर बढ़ा दी गई है। आयोग ने उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय के अतिरिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करते हुए कुल रिक्तियों की संख्या 2587 कर दी है। इसके साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है, जिससे अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
UPSSSC का पहले 2285 पदों पर जारी हुआ था विज्ञापन
UPSSSC के सचिव हरिकेश चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रारंभिक विज्ञापन 2285 पदों के लिए जारी किया गया था। बाद में विभिन्न विभागों से प्राप्त अधियाचन के आधार पर 221 अतिरिक्त पदों को शामिल किया गया, जिसके बाद कुल पदों की संख्या बढ़कर 2516 हो गई थी।
अब उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय के 71 और पदों को भर्ती में शामिल किया गया है। इसके साथ ही कुल रिक्तियों की संख्या 2587 पहुंच गई है। आयोग अब इन्हीं 2587 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी करेगा।
UPSSSC में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई
UPSSSC में पदों की संख्या में वृद्धि के साथ आयोग ने आवेदन प्रक्रिया की समयसीमा में भी बदलाव किया है। आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि अब 25 जून निर्धारित की गई है। वहीं, शुल्क समायोजन और आवेदन पत्र में संशोधन करने की सुविधा अभ्यर्थियों को 2 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी।
इस निर्णय से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी जो अब तक आवेदन नहीं कर सके थे या अपने आवेदन में किसी प्रकार का संशोधन करना चाहते हैं।
पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को नहीं करना होगा दोबारा आवेदन
UPSSSC ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने विज्ञापन के सापेक्ष अपना आवेदन अंतिम रूप से सबमिट कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। उनके पूर्व में किए गए आवेदन मान्य रहेंगे।
हालांकि आयोग ने यह भी कहा है कि सभी अभ्यर्थियों को अपने आवेदन के अनुसार विज्ञापित पदों के सापेक्ष विकल्प और वरीयता देना अनिवार्य होगा। इसलिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर अपनी वरीयताएं अवश्य दर्ज करनी होंगी।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में बढ़ी उम्मीद
भर्ती में लगातार पद बढ़ाए जाने से अभ्यर्थियों के लिए अवसरों की संख्या भी बढ़ी है। पहले 2285 पदों से शुरू हुई यह भर्ती अब 2587 पदों तक पहुंच गई है। ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिलेगा। आयोग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक विकल्प भरने की अपील की है।