New Delhi : देश के सैनिक स्कूलों में पढ़ाई करने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम AISSEE 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से देशभर के सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में दाखिला दिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी एनटीए NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
AISSEE 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन करने की सलाह दी जाती है।
कक्षा 6वीं और 9वीं में एडमिशन का मौका
सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए कक्षा के अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे होने चाहिए। वहीं, कक्षा 9वीं में एडमिशन के लिए आठवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
एनटीए NTA ने आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन लिंक एक्टिव कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को अपनी पसंद के सैनिक स्कूल और परीक्षा केंद्र की जानकारी भी देनी होगी। आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को निर्धारित आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता की जांच कर लेनी चाहिए।
AISSEE 2027 की महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 3 नवंबर 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 2 दिसंबर 2026
प्रवेश परीक्षा: 31 जनवरी 2027
सामान्य वर्ग के लिए 850 रुपये आवेदन शुल्क
AISSEE 2027 में आवेदन करने के लिए सामान्य, OBC और डिफेंस कैटेगरी के अभ्यर्थियों को 850 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, SC और ST वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवेदन शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है। फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।
सामान्य/OBC/डिफेंस कैटेगरी: 850 रुपये
SC/ST कैटेगरी: 700 रुपये
AISSEE 2027 के लिए ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाएं। होमपेज पर AISSEE 2027 Registration लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना नाम, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करके रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, पसंदीदा सैनिक स्कूल और परीक्षा केंद्र का विवरण भरें। इसके बाद निर्धारित फॉर्मेट में अपनी फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान और जरूरी कैटेगरी या डोमिसाइल प्रमाणपत्र अपलोड करें। अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें। अंत में कन्फर्मेशन पेज और फीस की रसीद डाउनलोड करके उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।
NDA की तैयारी के लिए तैयार किए जाते हैं विद्यार्थी
सैनिक स्कूल सोसाइटी (SSS) रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाली एक स्वायत्त संस्था है। इसके तहत संचालित सैनिक स्कूल अंग्रेजी माध्यम के आवासीय विद्यालय हैं और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध हैं।
इन स्कूलों का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खडकवासला (पुणे), भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमाला और अन्य सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों में अधिकारी बनने के लिए तैयार करना है। यहां विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, देशभर में कुल 33 सैनिक स्कूल संचालित हैं।