New Delhi: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास और आईटीआई योग्य उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। सीएसआईआर(CSIR)-केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (CFTRI), मैसूर ने तकनीशियन भर्ती 2026 के तहत 28 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 18 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती (CSIR CFTRI) अभियान के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग तकनीशियन सहित विभिन्न ट्रेड में नियुक्तियां की जाएंगी। सबसे अधिक सात पद इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और छह पद फिटर ट्रेड के लिए निर्धारित किए गए हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
CSIR CFTRI उम्मीदवारों को विज्ञान विषयों के साथ 10वीं कक्षा कम से कम 55 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र, दो साल की अप्रेंटिसशिप या निर्धारित शर्तों के अनुसार तीन साल का प्रासंगिक कार्य अनुभव आवश्यक है।
आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
CSIR CFTRI में चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-2 के तहत 19,900 से 63,200 रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार लागू भत्ते भी दिए जा सकते हैं।
CSIR CFTRI आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है। वहीं, एससी, एसटी, दिव्यांग, महिला और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। उम्मीदवारों का चयन ट्रेड टेस्ट, प्रतियोगी लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। ट्रेड टेस्ट अर्हकारी प्रकृति का होगा।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार सीएसआईआर-सीएफटीआरआई के आधिकारिक भर्ती पोर्टल recruitment.cftri.res.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद आवश्यक दस्तावेजों के साथ हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी 26 नवंबर 2026 तक संस्थान पहुंचानी होगी।
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में अपने ट्रेड की योग्यता, रिक्तियों और अन्य शर्तों की जांच करने की सलाह दी जाती है।
निष्कर्ष
अगर आपको सरकारी जॉब वैकेंसी, भर्ती परीक्षाओं और नौकरी से जुड़ी हर जरूरी जानकारी समय पर चाहिए, तो युवा डाइनामाइट न्यूज़ के इस पेज को जरूर फॉलो करें। यहां आपको सरकारी नौकरियों से जुड़े लेटेस्ट अपडेट सबसे पहले मिलते रहेंगे।








