Jaipur: राजस्थान प्री डीएलएड (BSTC) प्रवेश परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर है। परीक्षा परिणाम जारी होने का उनका लंबा इंतजार कल यानी 10 जून को समाप्त होने जा रहा है। वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी (VMOU), कोटा की ओर से कल जयपुर स्थित क्षेत्रीय केंद्र से प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर औपचारिक रूप से नतीजों की घोषणा करेंगे।
परिणाम घोषित होते ही इसका डायरेक्ट लिंक वीएमओयू की ऑफिशियल वेबसाइट पर एक्टिव कर दिया जाएगा, जिसके बाद छात्र अपनी लॉग इन डिटेल्स का उपयोग करके अपना परीक्षा परिणाम देख सकेंगे।
नतीजों के बाद शुरू होगी Rajasthan Pre DElEd की काउंसिलिंग की प्रक्रिया
Rajasthan Pre DElEd प्रवेश परीक्षा के नतीजे घोषित होने के तुरंत बाद राज्य के विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। इस बार राज्य के विभिन्न डीएलएड संस्थानों की कुल 25,970 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग की महत्वपूर्ण तारीखों का ऐलान रिजल्ट आने के बाद अलग से किया जाएगा। सभी सफल छात्रों को उनकी परीक्षा में प्राप्त मेरिट और प्रवेश रैंक के आधार पर ही कॉलेज अलॉट किए जाएंगे।
वेबसाइट पर स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का आसान तरीका
राजस्थान बीएसटीसी रिजल्ट 2026 जारी होते ही छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आसान स्टेप्स के जरिए अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर पाएंगे:
- सबसे पहले अभ्यर्थियों को ऑफिशियल वेबसाइट predeledraj2026.com पर विजिट करना होगा।
2. वेबसाइट के होम पेज पर जाते ही रिजल्ट से संबंधित ‘Download Scorecard’ के लिंक पर क्लिक करना होगा।
3. इसके बाद खुले नए पेज पर अपनी मांगी गई जरूरी डिटेल्स (जैसे एप्लीकेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ) दर्ज करके सबमिट करना होगा।
4. सबमिट करते ही परिणाम आपकी स्क्रीन पर ओपन हो जाएगा, जिसे आप भविष्य के संदर्भ के लिए डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं।
लगभग 5 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा, जानें पासिंग मार्क्स
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस साल Rajasthan Pre DElEd परीक्षा का आयोजन 20 मई को करवाया गया था। इस परीक्षा के लिए कुल 6,05,242 अभ्यर्थियों ने आवेदन प्राप्त किए थे, जिनमें से 4,97,178 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। नियमों के मुताबिक, इस परीक्षा को पास करने के लिए सामान्य वर्ग (General Category) के लिए न्यूनतम 50% अंक हासिल करना अनिवार्य है।
वहीं एससी (SC), एसटी (ST), ओबीसी (OBC), दिव्यांग, विधवा और तलाकशुदा महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम पासिंग मार्क्स 45% निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा से जुड़ी किसी भी अन्य आधिकारिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी लगातार ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट करते रहें।